मेरठ जनपद में बहसूमा क्षेत्र के गांव महमूदपुर सिखेड़ा में गृह क्लेश के चलते एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।
बताया गया कि दो बच्चियों से मां का आचल छीन गया है।
ऑनर किलिंगः युवक से बात करते देख बेटी को उतारा मौत के घाट
बागपत जनपद के पांची गांव में एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। युवक से फोन पर बात करते हुए देख गुस्साए होमगार्ड पिता ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। जिसका शव भाई की मदद से मुकारी गांव में हिंडन पुल से नीचे फेंक दिया।
पुलिस ने होमगार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने घटना का खुलासा किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हिंडन नदी से मृतक युवती का शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल के परिवार पर बड़ी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में खनन माफिया एवं पूर्व एमएलसी हाजी मोहम्मद इकबाल के बाद अब उनकी पत्नी, छोटे भाई व तीन बेटों के पासपोर्ट भी जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर एक माह पूर्व पासपोर्ट कार्यालय द्वारा हाजी इकबाल का पासपोर्ट जब्त कर लिया गया था।
2.75 लाख उपभोक्ताओं ने कराई केवाईसी
पीवीवीएनएल की ओर से शहर में 2.75 लाख उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर उनके विद्युत बिल खाते से जोड़ दिए गए हैं। अब उन्हें बिजली से संबंधित सभी जानकारी उनके मोबाइल पर ही प्राप्त हो जाएगी। विभाग की ओर से पिछले एक माह से उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर उनके खातों से जोड़े जा रहे हैं। उपभोक्ताओं की केवाईसी की जा रही है। अधीक्षण अभियंता शहर राजेंद्र बहादुर ने बताया कि मेरठ में कुल 3.22 लाख उपभोक्ता हैं जिनमें से 2.75 लाख उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर उनके खाते से जोड़ा जा चुका है। जल्द ही सभी उपभोक्ताओं की केवाईसी कर दी जाएगी।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार मेरठ में 17, 18 व 25 मार्च 2023 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेरठ के सचिव विनोद शर्मा ने बताया कि 17, 18 मार्च को प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक ऋणवसूली मामलों का निस्तारण किया जाएगा। 25 मार्च को मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों का निस्तारण आपसी सुलह समझौते के आधार पर किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन इस बार 13 मई 2023 को किया जाएगा। जिसमें सभी प्रकार के वादों का निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर किया जाएगा। सभी लोगों को इसके बारे में जानकारी दे दी गई है।
मेरठ जनपद में किसान-मजदूर संगठन की महापंचायत में आज किसानों की समस्याओं को जोर-शोर से उठाया जाएगा। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनु मलिक ने बताया कि महापंचायत की तैयारी हो चुकी है। आस पास के जिलों से भी हजारों की संख्या में किसान व कार्यकर्ता चौधरी चरण सिंह पार्क में एकत्र होने लगे हैं।
महापंचायत को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. पूरण सिंह संबोधित करेंगे। महानगर अध्यक्ष विजय राघव ने बताया कि पिछले 18 दिनों से संगठन की ओर से चौधरी चरण सिंह पार्क में नलकूपों पर बिजली मीटर लगाए जाने, आवारा पशुओं व किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर धरना दिया जा रहा है। आज महापंचायत में इन सभी मांगों को जोर-शोर से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम जिला अध्यक्ष देवराज पुंडीर, युवा जिला अध्यक्ष अंशुल व महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित होगा। इसे लेकर बुधवार को भी पचगांव, मानुपर, कौल समेत कई गांवों में जनसंपर्क किया गया। इस दौरान आगे की रणनीति भी तय की जाएगी।
मनचलों से परेशान छात्रा नहीं दे पा रही परीक्षा, शिक्षिका मांग रही इंसाफ
मेरठ में छात्राओं और शिक्षिकाओं सहित अन्य महिलाओं के साथ छेड़छाड़ के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पीड़िताएं पुलिस से इंसाफ मांग रही हैं, लेकिन उन्हें जांच कराने का आश्वासन ही दिया जा रहा है। वहीं, इंसाफ देने की बजाय पुलिस पारिवारिक विवाद बताकर पल्ला झाड़ रही है। इससे महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस की कार्यशैली पर फिर से सवाल उठाए जा रहे हैं।
शिक्षिका बोली- मनचला छात्र कर रहा परेशान गंगानगर स्थित एक कॉलेज की शिक्षिका एसएसपी ऑफिस पर पहुंची। आरोप है कि मनचला छात्र काफी दिनों से परेशान कर रहा है। शिक्षिका ने बताया कि मनचले के डर से वह कॉलेज जाने से डर रही हैं। एसएसपी ने बताया कि आरोपी शिक्षिका का दूर का रिश्तेदार है। सीओ सदर देहात को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। आरोपी पर कार्रवाई करेंगे।
मनचले से परेशान छात्रा, नहीं की कार्रवाई
ब्रह्मपुरी की छात्रा ने थाने में माधवपुरम निवासी युवक के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है। आरोप लगाया कि युवक उसके साथ छेड़छाड़ करता है। विरोध करने पर भाई और भाभी को फोन करके उसकी अस्मत की बोली तक लगा दी, लेकिन पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। बुधवार को युवती के एक रिश्तेदार ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायती पत्र दिया। इसमें बताया कि आरोपी उसके खिलाफ धमकी देने का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की कोशिश में लगा है। एसएसपी ने जांच के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा से भी ज्यादा शोहदों का डर
मुंडाली की दसवीं की छात्रा ने मंगलवार को एसएसपी से गुहार लगाई थी कि उसे परेशान करने वाले शोहदों को गिरफ्तार किया जाए। बुधवार को भी पीड़िता ने कहा कि उसे परीक्षा से ज्यादा डर रास्ते में मनचलों से लगता है। वह रास्ते में धमकी देते हैं कि मुकदमा दर्ज कराकर क्या बिगाड़ लिया। वहीं, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना कि विवाद पारिवारिक है। फिर भी जांच की जाएगी।