03:29 PM, 24-Jun-2023
बारिश होने से लोगों को गर्मी से मिली राहत
बिजनौर जिले में उमस भरी भीषण गर्मी से शनिवार सुबह हुई बारिश ने राहत दिलाई। गर्मी से राहत पाने को बालक बारिश में मस्ती करते दिखाई दिए। जिला मुख्यालय पर बारिश थोड़ी कम रहीं, लेकिन नगीना, नजीबाबाद, धामपुर, चांदपुर आदि क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई। बारिश से खस्ताहाल संपर्क मार्गों के गड्ढों में जलभराव हो गया, जिससे राहगीर को परेशानी उठानी पड़ रही है।
तेज धूप और मौसम में उमस भरी गर्मी से जनमानस परेशान थे। शुक्रवार को भी आसमान में काले बादल छाए, लेकिन मुख्यालय व आसपास बारिश नहीं हुई। जिले में कुछ हल्की बारिश जरूर हुई, परंतु गर्मी से राहत नहीं मिली। बीती रात भी मौसम में उमस व गर्मी बनी रही। शनिवार सुबह मौसम में बदलाव हुआ और आसमान में काले काले बादल छा गए। थोड़ी देर बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश होने व ठंडी हवा चलने से तापमान में गिरावट हुई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। फसलों के लिए बारिश अच्छी है। किसानों का कहना है कि गन्ना, पशुचारे के हिसाब से इस समय बारिश की बहुत जरूरत थी, जो शनिवार को हुई। उधर नजीबाबाद, धामपुर, चांदपुर, राजा का ताजपुर में भी झमाझम बारिश हुई। बारिश भीषण गर्मी से राहत पाने को छोटे छोटे बच्चों ने बारिश में अठखेलियां कीं।