फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: सपा प्रत्याशी समेत 150 के खिलाफ मुकदमा, प्रधानाचार्य के घर चोरी करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार

Mon, 08 May 2023 11:51 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का मेरठ में रोड शो शुरू हो चुका है। वहीं, अखिलेश के मेरठ पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।
विज्ञापन
मेरठ पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:46 PM, 08-May-2023

सपा पार्षद प्रत्याशी सहित डेढ़ सौ लोगों पर आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज

मेरठ में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित एक गांव में शनिवार रात को समाजवादी पार्टी के पार्षद पद के प्रत्याशी द्वारा रैली निकाली गई। पुलिस ने आचार सहिंता और कोविड-19 के दिशा निर्देशों के उल्लंघन व जाम लगाने को लेकर सात लोगों को नामजद करते हुए 150 लोगों पर मुकदमा कायम कर दिया है।

पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के द्वारा निकाली गई रैली के दौरान ढोल बजाते हुए जा रहे हैं। वहीं, लोगों के हाथों में समाजवादी पार्टी के झंडे दिखाई दे रहे थे। रैली में दानिश सैफी जिंदाबाद के नारे लगाए जा रहे थे। वायरल वीडियो की जांच पुलिस द्वारा की गई तो ज्ञात हुआ कि पार्षद प्रत्याशी अमीना के बेटे द्वारा रैली का आयोजन किया गया था। जिसमें अकबर, दानिश, समर, यामीन, नसीब, युसूफ और रईसू को नामजद करते हुए लगभग 150 अन्य लोगों पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी नीरज मलिक ने बताया कि मुकदमा पुलिस की ओर से कायम किया गया है। कार्रवाई की जाएगी।

10:54 PM, 08-May-2023

प्रधानाचार्य के घर चोरी करने वाले तीन बदमाश दबोचे

मेरठ के मोदीपुरम में पल्लवपुरम की रुड़की रोड पर लगभग दो महीने पूर्व प्रधानाचार्य के घर पर धावा बोलकर बदमाशों ने लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस व एसओजी की टीम बदमाशों की तलाश में लगी हुई थी। वहीं, रविवार को पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन बदमाशों को धर दबोचा। सोमवार को पुलिस ने तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया।

09:38 PM, 08-May-2023

दूसरे संप्रदाय के युवक से जबरन शादी कराने का आरोप

मेरठ में खरखौदा क्षेत्र के एक गांव की निवासी युवती ने प्रेमी संग थाने पहुंचकर अपने परिजनों पर दूसरे संप्रदाय के युवक से बिना उसकी मर्जी के जबरन शादी करने का आरोप लगाया है। युवती ने अपने ससुरालियों पर बरन धर्म परिवर्तन करने व एक माह तक उसे बंधक बनाने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवती ने पुलिस को बताया कि परिजनों ने उसकी मर्जी के खिलाफ 20 मार्च को मेरठ निवासी दूसरे समुदाय के युवक से जबरन शादी कर दी थी। युवती का कहना है कि वह अपने प्रेमी संग विवाह करना चाहती थी, लेकिन परिजनों ने दूसरे समुदाय के युवक से जबरन विवाह कराया। उसका नाम भी बदल दिया गया। सोमवार को उसे मौका मिला तो वह ससुराल से भाग निकली।

युवती की शादी अपने ही संप्रदाय के युवक से हुई है, युवती खुद अलग धर्म के युवक से शादी करना चाहती है। युवती की तहरीर पर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। - राजीव सहरावत, थाना प्रभारी, खरखौदा

वहीं, ढाई लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो पर अब पांच लाख का इनाम करने की सिफारिश की गई है।

विज्ञापन
06:27 PM, 08-May-2023

सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव परतापुर हवाई पट्टी से लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। 

05:37 PM, 08-May-2023

अखिलेश यादव सपा विधायक रफीक अंसारी के घर से परतापुर हवाई पट्टी के लिए रवाना हो गए हैं।

विज्ञापन
05:26 PM, 08-May-2023

सीएम पूर्व अखिलेश यादव सपा विधायक रफीक अंसारी के घर पहुंच चुके हैं।

05:06 PM, 08-May-2023

अखिलेश यादव का रोड शो भूमिया के पुल पर खत्म हुआ। इसके बाद अखिलेश यादव रथ से उतरे और गाड़ी में बैठकर रफीक अंसारी के घर के लिए रवाना हो गए हैं। बताया गया कि समय की कमी के कारण रथ से उतरे हैं। भीड़ काफी रही और समय ज्यादा लग रहा था।

04:53 PM, 08-May-2023

उन्होंने कहा कि बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई। रोजगार के झूठे वादे किए जा रहे है। मेडिकल कॉलेजों की हालत खराब है। मुख्यमंत्री को स्वंय ही नहीं पता कि मेडिकल की व्यवस्था कैसे की जाती है। 

04:37 PM, 08-May-2023

सपा प्रत्याशी सीमा प्रधान व पार्षद उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो कर रहे अखिलेश यादव 


पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सपा की महापौर प्रत्याशी सीमा प्रधान व पार्षद पद के प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो कर रहे हैं। इससे पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर हवाई पट्टी पर भारी संख्या में सपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का जोदार स्वागत किया। वहीं, अखिलेश यादव ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि भाजपा सरकार ने मेरठ व अलीगढ़ को स्मार्ट सिटी बनाने का वादा किया था लेकिन, हालात उल्टे हैं। गलियों में गंदगी नाले अटे पड़े हैं। रोजाना लाखों टन कूड़ा शहर से निकलकर गंगा में डाला जा रहा है।

04:28 PM, 08-May-2023

अखिलेश ने भाजपा पर लगाया ये आरोप 


अखिलेश ने कहा कि भाजपा सपा को परिवारवाद वाली पार्टी बताती है लेकिन, भाजपा स्वंय आरएसएस से मिलकर परिवारवाद चला रही है। हवाई पट्टी पर भी देखा गया कि मेरी सुरक्षा में इंटेलिजेंस, एलआईयू लगाई हुई है। जिससे अखिलेश को मीडिया से दूर रखा जाए। 

04:23 PM, 08-May-2023

अखिलेश ने पूछा- पहलवानों के लिए चुप क्यों भाजपा सरकारें?


अखिलेश यादव ने कहा कि देश की महिला पहलवानों के लिए केंद्र व प्रदेश सरकारें चुप हैं। कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट को हस्तक्षेप करना होगा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, विधायक रफीक अंसारी, आदिल चौधरी, जयवीर सिंह, अयूब अंसारी, योगेश वर्मा, कर्मवीर गूमी, पुष्पेद्र, जयराज चपराना, आकाश भड़ाना, अशोक कुमार जाटव, नीटू गुर्जर सहित सैंकडों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

04:17 PM, 08-May-2023

अखिलेश बोले- आपस में टकरा रहीं भाजपा की डबल-ट्रिपल इंजन सरकारें

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एंव पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मेरठ स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर हवाई पट्टी पर कहा कि केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकारें झूठे वादों पर टिकी हुई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है, अब भाजपा की डबल व ट्रिपल इंजन सरकार आपस में टकरा रही है। इस बार मैं मानता हूं कि मेरठ की जनता मुझे अपना आशीर्वाद देगी।

04:07 PM, 08-May-2023

अखिलेश यादव का रोड शो, फूल मालाओं से स्वागत
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को मेरठ पहुंचे। अखिलेश परतापुर हवाई पट्टी से लिसाड़ी गांव पहुंचे, जहां से रोड शो शुरू हुआ। नूर नगर अंबेडकर चौक पर अखिलेश यादव ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर मूर्ति पर माल्यार्पण किया। जहां से रोड शो शुरू हुआ तो कार्यकर्ताओं में जोश भर गया।

रोड शो दलित- गुर्जर बाहुल्य गांव लिसाड़ी से शुरू होकर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में पहुंचा। रोड शो अंजुम पैलेस, ट्यूबवेल तिराहा, गोला कुंआ से होते हुए कांच का पुल पर पहुंचा। जहां जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। महिलाओं ने छतों से फूल बरसाए। करीब नौ किलोमीटर का रोड शो करने के बाद अखिलेश यादव शहर विधायक रफीक अंसारी के करीम नगर स्थित आवास पर पहुंचेंगे।

03:35 PM, 08-May-2023

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव परतापुर हवाई पट्टी पहुंच चुके हैं। अखिलेश यादव पहले बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद रोड शो शुरू करेंगे। बताया गया कि अखिलेश यादव नूरनगर अंबेडकर चौक से रथ पर सवार होकर रोड शो करेंगे।

09:38 AM, 08-May-2023

अखिलेश यादव के रोड शो पर टिकी नजरें

मेरठ शहर की राजनीति मुस्लिम मतों के रुझान पर निर्भर करेगी। मुस्लिम मतों का ध्रुवीकरण हुआ तो नगर निगम में राजनीति के सारे समीकरण बदल जाएगें। इसके चलते बसपा, सपा और कांग्रेस, आम आदमी पार्टी के साथ-साथ भाजपा की निगाहें भी मुस्लिम मतों पर टिकी हैं। आज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मेरठ में रोड शो करेंगे। उनके रोड शो का मकसद रूठे मुस्लिमों को मनाना और उनका दिल जीतना है। वहीं यदि मुस्लिम मतों का ध्रुवीकरण होता है तो निकाय चुनाव के समीकरण पूरी तरह बदल जाएंगे। 

पढ़ें पूरी खबर: UP Nikay Chunav: मुस्लिम मतों का ध्रुवीकरण हुआ तो बदल जाएंगे राजनीतिक समीकरण, अखिलेश के रोड शो पर टिकी नजर

09:37 AM, 08-May-2023

महापौर प्रत्याशी हरिकांत अहलूवालिया ने किया जनसंपर्क

भारतीय जनता पार्टी के महापौर प्रत्याशी हरिकांत अहलूवालिया ने वार्डों में पार्षद प्रत्याशियों के साथ जनसंपर्क किया। इस मौके पर उन्होंने पूर्वा महावीर, मोहनपुरी, सिविल लाइन, नंगला बट्टू, जयभीम नगर, काजीपुर, शास्त्री नगर एल ब्लॉक, जाहिदपुर और फतेहउल्लापुर में घर-घर जाकर मतदान की अपील की।  

दिल्ली पुलिस की टीम ने लिसाड़ीगेट में दी दबिश
दिल्ली पुलिस ने रविवार दोपहर लिसाड़ीगेट के श्याम नगर इलाके में दबिश दी। यह टीम दहेज उत्पीड़न के मुकदमे में वांछित सलमान को पकड़ने पहुंची थी, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गया। करीब एक घंटे तक टीम आरोपी की तलाश में घूमती रही। सीओ कोतवाली अमित कुमार राय का कहना है कि दहेज और मारपीट के मुकदमे में वांछित को पकड़ने के लिए यह टीम आई थी। 

09:20 AM, 08-May-2023
पारुल चौधरी - फोटो : social media

लॉस एंजेल्स में पारूल ने रिकॉर्ड के साथ जीता सोना

दौराला क्षेत्र के इकलौता गांव निवासी पारूल चौधरी ने यूएसए के लॉस एंजेल्स में नए नेशनल रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। वर्ल्ड कोंटीनेंटल सिल्वर मीटिंग में पारूल ने 5 हजार मीटर दौड़ 15:10:35 मिनट के साथ पदक हासिल किया।

पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड 13 साल पहले प्रेरणा श्रीधरण के नाम था, उन्होंने 15:15:89 मिनट के साथ दौड़ पूरी की थी। इससे पहले पारूल चौधरी ने 2022 में 3 हजार मी. दौड़ में 9 मिनट पहले तय कर पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी थीं। वह ओलंपिक क्वालिफाई करने से कुछ सेकंड से रह गई थीं। 

07:20 AM, 08-May-2023

पीलीबांध के जलाशय में तीन दिवसीय जल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का आज दूसरा दिन

बिजनौर के रेहड़ में पीलीबांध के जलाशय में तीन दिवसीय जल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं हैं। आज दूसरा दिन है। जल क्रीड़़ा को लेकर जलाशय में रस्सी डालकर लेन बनाई गई हैं। जिसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीएम एसपी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए पांच राज्यों की टीम पहुंचीं हैं।

अमानगढ़ टाइगर रिजर्व के बाद अब प्रशासन की नजर पीलीडैम पर पर्यटन की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इसी क्रम में पीली बांध के जलाशय में तीन दिवसीय जल क्रीड़ा प्रतियोगिता होनी हैं। जायजा लेने के लिए शनिवार को डीएम उमेश मिश्रा, एसपी नीरज कुमार जादौन, सीडीओ पूर्ण वोहरा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता है कि जल क्रीड़ा प्रतियोगिता पूरी तरह से सफल रहे। इस प्रतियोगिता में कियाकिंग कैनोइंग, रोइंग, कैनो पोलो, राफ्टिंग, ड्रैगन नाव आदि खेल होंगे। इससे अमानगढ़ रिजर्व टाइगर सफारी व पीलीडैम पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। 

पढ़ें पूरी खबर: UP: पीली बांध पर दूसरे दिन जल क्रीड़ा प्रतियोगिता देखने उमड़े दर्शक, विश्व पटल पर बिजनौर को मिलेगी पहचान

07:10 AM, 08-May-2023

Meerut News Live: सपा प्रत्याशी समेत 150 के खिलाफ मुकदमा, प्रधानाचार्य के घर चोरी करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को मेरठ में रोड शो करेंगे। दलित-गुर्जर बाहुल्य गांव लिसाड़ी से रोड शो शुरू होकर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र कांच का पुल पर संपन्न होगा। रोड शो के बाद अखिलेश यादव मीडिया से भी रूबरू होंगे, हालांकि प्रेसवार्ता की जगह सोमवार सुबह ही तय होगी। सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह ने बताया दोपहर 2 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव परतापुर हवाई पट्टी पहुुंचेंगे। जहां से लिसाड़ी गांव से रोड शो शुरू करेंगे। 2:30 बजे रोड शो शुरू होगा, रोड शो अंजुम पैलेस, ट्यूबवेल तिराहा, गोला कुंआ से होते हुए कांच का पुल पर रोड शो सपंन्न होगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें