हाथरस भगदड़ स्थल की जांच-पड़ताल के लिए फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है। फोरेंसिक टीम ने डॉग स्क्वॉड के साथ जांच शुरू कर दी है।
हाथरस के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि अब तक कुल 116 लोगों की मौत हो चुकी है। 32 शव यहां लाए गए और उनमें से 19 की पहचान हो गई है। हम बाकी की पहचान कर रहे हैं।.
अलीगढ़ के डीएम विशाख जी अय्यर ने बताया कि कुल 23 शव अलीगढ़ लाए गए हैं। हाथरस घटना के तीन घायल लोगों का जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। उनमें से दो की हालत स्थिर है जबकि एक की हालत गंभीर है। हमने अस्पताल प्रशासन से बात की है और (गंभीर) मरीज को आईसीयू में ले जाने की प्रक्रिया चल रही है।
हाथरस में सत्संग कराने वाले 'भोले बाबा' की तलाश में मैनपुरी जिले के राम कुटीर चैरिटेबल ट्रस्ट में सर्च ऑपरेशन चलाया गया मगर बाबा नहीं मिले। डिप्टी एसपी सुनील कुमार ने बताया कि हमें बाबा जी कैंपस के अंदर नहीं मिले। वह यहां नहीं हैं।
हाथरस भगदड़ पर कांग्रेस सांसद केएल शर्मा का कहना है कि मैं राज्य सरकार से अपील करना चाहता हूं कि अगर इस तरह के आयोजन होते हैं, तो उन्हें तैयारी का भी ध्यान रखना चाहिए और लोगों की उचित सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। मुझे पता चला कि कई महिलाओं की जान चली गई है। परिवार की स्थिति को ध्यान में रखते हुए मुआवजा राशि अधिक होनी चाहिए थी।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने 'भोले बाबा' की तलाश में मैनपुरी जिले के राम कुटीर चैरिटेबल ट्रस्ट में तलाशी अभियान चलाया, जिन्होंने हाथरस में सत्संग आयोजित किया था। कल की भगदड़ में सौ से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
यूपी के मुख्य सचिव ने मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 80 हजार की अनुमति थी। मौके पर ज्यादा भीड़ जमा हो गई थी। सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। सीएम ने 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट मांगी है। डीजीपी और मुख्य सचिव ने मौके का जायजा लिया। मुख्य सचिव ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। साथ ही बोले. सीएम ने मामले में रिपोर्ट सौंपने के लिए हमें 24 घंटे का समय दिया है।
जनपद हाथरस में हुई दुर्घटना के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा घटना की स्थिति पर दृष्टि बनाते हुए आम लोगों की सहायता हेतु हेल्पलाईन 05722227041 तथा 05722227042 जारी किये गये हैं।
पीएम मोदी ने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुखद हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से बात की। यूपी सरकार सभी पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटी हुई है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने इसमें अपने प्रियजनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं'।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने हादसे पर कहा- यूपी के जिला हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ में काफी संख्या में लोगों की हुई मौत व अनेकों के घायल होने तथा आगरा में भी बौध/भीमकथा के दौरान एक युवक की हुई हत्या अति-दुःखद। सरकार इन घटनाओं की जाँच कर उचित कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों की आर्थिक मदद करे।