फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

HP Govt Rally Live: सुक्खू बोले- दो साल में हिमाचल की तस्वीर व तकदीर बदलेंगे, भ्रष्टाचारी सलाखों के पीछे होंगे

Thu, 11 Dec 2025 03:42 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मंडी।

खास बातें

तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश कांग्रेस सरकार ने जन संकल्प सम्मेलन के नाम से मंडी के पड्डल मैदान में रैली की। रैली में बड़ी संख्या में प्रदेश भर से लोग पहुंचे। पढ़ें अपडेट्स...
विज्ञापन
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:35 PM, 11-Dec-2025

समारोह में विक्रमादित्य सिंह व प्रतिभा सिंह नहीं हुए शामिल

समारोह में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया सहित मंत्री व विधायक माैजूद रहे। वहीं समारोह में मंत्री विक्रमादित्य सिंह व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह शामिल नहीं हुए। जानकारी के अनुसार दोनों किसी जरूरी कार्य के चलते विदेश दाैरे पर हैं। बताया जा रहा है कि मंत्री विक्रमादित्य सिंह को लंदन में ब्रिटिश संसद परिसर में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से नवाजा जाएगा। उन्हें यहां पर 12 दिसंबर को 'यूथ एंड आइकॉन' अवार्ड दिया जाएगा। इसलिए वे समारोह में शामिल नहीं हुए। 

02:32 PM, 11-Dec-2025

सीएम सुक्खू ने लाभार्थियों को चेक वितरित किए

समारोह के समापन पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए। आपदा प्रभावितों को भी राहत राशि वितरित की गई। 

02:02 PM, 11-Dec-2025

आने वाले दो साल में सभी गारंटियों को पूरा करेंगे: सुक्खू

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तीन साल में 10 में से सात गारंटियों को पूरा कर लिया है। राज्य के सभी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू करने का फैसला लिया है। आने वाले दो साल में बाकि सभी गारंटियों को पूरा करेंगे। 4,500 बीघा जमीन पूर्व भाजपा सरकार ने 1.32 करोड़ में दे दी गई। बड़े-बड़े उद्योगपतियों को रजिस्ट्री शुल्क माफ कर दिया गया। उद्योगपतियों को तीन रुपये प्रति यूनिट पर बिजली दी गई। शराब ठेकों से भाजपा सरकार ने साढ़े चार साल में 450 करोड़ कमाया और हमारी सरकार ने एक साल में इतनी कमाई की। नैतिकता की बात करने वाले भाजपा के लोग भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे हुए हैं। जो लोग राजनीति में सच्चे सेवक होते हैं, वे न घबराते हैं और न हमें किसी से घबराने की जरूरत है।  2027 में हिमाचल आत्मनिर्भर प्रदेश बनेगा। सुक्खू ने कहा कि अगर आप सब लोग कांग्रेस के साथ खड़े हैं तो आने वाले दो साल में हिमाचल की तस्वीर और तकदीर बदलेंगे, भ्रष्टाचारियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाएंगे। 

विज्ञापन
01:53 PM, 11-Dec-2025

2027 में 52 सीटर वोल्वो में विधानसभा आएंगे: सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि आपदा के दो साल बाद 2 हजार करोड़ रुपये केंद्र से मंजूर हुए। केंद्र हमारे हाथ बांधने की कोशिश कर रहा है। हमारी सरकार ने हर आपदा प्रभावित को बसाने का काम किया। हमने आपदा प्रभावितों के लिए नियम और कानून बदले। आपदा प्रभावितों को देश का सबसे अच्छा राहत पैकेज दिया। सुक्खू ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुने हुए विधायकों को खरीदने की कोशिश की गई और कहा गया कि इस सरकार को तो भगवान भी नहीं बचा सकता है। लेकिन प्रदेश की जनता और भगवान के आशीर्वाद से छह सीटें जीतकर कांग्रेस विधायकों की संख्या फिर से 40 हो गई। कहा कि जयराम ठाकुर ने उनकी ऑल्टो गाड़ी का मजाक उड़ाया। लेकिन 2027 के चुनाव में जीत दर्ज कर हम 52 वोल्वो में विधानसभा आएंगे। 

01:45 PM, 11-Dec-2025

भाजपा ने गरीब जनता पर 75 हजार करोड़ का कर्जा छोड़ा: सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। कांग्रेस के दो-दो प्रधानमंत्रियों ने देश के लिए अपना बलिदान दिया। जो लोग देश के लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं, वे आज प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं। सीएम सुक्खू ने कहा कि जब मुख्यमंत्री बना तो तीन चुनाैतियां सामने थीं।  भाजपा की पूर्व सरकार ने प्रदेश की गरीब जनता पर 75 हजार करोड़ का कर्जा छोड़ा। हमारी सरकार को कर्जा चुकाने के लिए कर्जा लेना पड़ रहा है। आपकी तो डबल इंजन की सरकार थी, फिर क्यों इतना कर्जा लेना पड़ा। छठे वेतन आयोग का 10 हजार करोड़ का एरियर भी हमारी सरकार पर छोड़ दिया। हमारे मंत्रिमंडल, प्रदेश की जनता ने कंधे से कंधा मिलकार इस आर्थिक चुनाैति का सामना किया। 

विज्ञापन
01:30 PM, 11-Dec-2025

हिमाचल के लोग और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे के पूरक: रजनी पाटिल

कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल के लोग और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। सरकार ने तीन साल में छह गारंटियों को पूरा किया है। चिट्टे के खिलाफ सरकार की ओर से शुरू किए गए अभियान की देश भर में सराहना हो रही है। हिमाचल को सामाजिक-आर्थिक व पर्यावरण की दृष्टि से संपन्न राज्य बनाना होगा। रजनी ने कहा कि महिलाओं को 15-15 साै रुपये प्रियंका गांधी के हाथों दिए जाएंगे। कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का हिमाचल से विशेष लगाव रहा और राज्य को पूर्ण राज्यत्व का दर्जा दिलाया।  

01:19 PM, 11-Dec-2025

साजिश रचने वाले अधिकारी निपटेंगे: मुकेश

मुकेश ने भाजपा के नेता दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री की 1500 करोड़ की घोषणा को रोक रहे हैं। सीएम से आग्रह है कि ओपीएस के लिए एक पक्का कानून बनाओ, ताकि इसे कोई बंद नहीं कर सके। एचआरटीसी का वेतन और पेंशन 36 महीने मिली है।  कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ साजिश करने वाले अफसर रात के अंधेरे में निपटेंगे। कांग्रेस की सरकार होते हुए जो अफसर भाजपा के लोगों के घर में हाजिरी भर रहे हैं उनसे निपटेंगे। सुक्खू जी से भी कहना चाहेंगे कि ऐसे अफसरों को दोनों हाथों से निपटाओ। वरना काम नहीं चलेगा। कहा कि मुकेश अग्निहोत्री संतुष्ट आदमी है। कोई कुचलने की कोशिश करेगा नेस्तनाबूद कर देंगे। बल्क ड्रग का काम अफसरों को दो साल में पूरा करना चाहिए। कछुआ चाल से योजनाएं नहीं चलेंगी। जिसका जो हक बनता है उसे पद मिलने चाहिए ताकि अगली तैयारी शुरू की जा सके। सरकार चिट्टे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है।

01:16 PM, 11-Dec-2025

जिन लोगों को यहां से चुनकर भेजा, वे सुध लेने क्यों नहीं आए: विनय कुमार

रैली में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि जिन लोगों को यहां से चुनकर भेजा, वे सुध लेने क्यों नहीं आए। उन्होंने कहा कि मंडी में आपदा आई तो सरकार ने यहीं इसलिए जनसंकल्प सम्मेलन रखा है। उन्होंने सीएम सुक्खू को बहुत आदर के योग्य लोकप्रिय मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री को बहुत आदर के योग्य कहकर संबोधित किया।

01:12 PM, 11-Dec-2025

कांग्रेस की बदौलत ही हिमाचल बना: अग्निहोत्री

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मंडी में आज जन सुनामी आई है। इससे साफ है कि प्रदेश की वर्तमान सरकार के तीन साल को जनता का भरपूर सहयोग मिला। आज की रैली उनके लिए भी चेतावनी है जो सोचते हैं कि घर बैठे ही सत्ता हासिल कर लेंगे। कहा कि हम उस पार्टी के वारिस हैं, जिसने हिमाचल बनाया है। इंदिरा गांधी का आशीर्वाद नहीं मिला होता तो भी हम यहां इस समारोह को न मना रहे होते। कहा कि कांग्रेस की बदौलत ही हिमाचल बना और नेहरू-गांधी परिवार की बदौलत प्रदेश आगे बढ़ा और पूर्ण राज्यत्व का दर्जा मिला। हिमाचल को बनाने में प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डाॅ. वाईएस परमार की भूमिका रही। भाजपा हिमाचल को बनाने की विरोधी थी। वीरभद्र सिंह ने लंबी पारी खेली, जो प्रदेश में विकास हुआ है यह उनकी बदौलत है।  आज सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार इसे आगे बढ़ा रही है। 

01:01 PM, 11-Dec-2025

मुख्यमंत्री ने कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया

सरकार की तीन वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक का मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू व अन्य नेताओं ने विमोचन किया। 

12:43 PM, 11-Dec-2025

वंदे मातरम से हुई समारोह की शुरुआत

तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश कांग्रेस सरकार की जन संकल्प समारोह की शुरुआत वंदे मातरम से हुई। जनसभा में उपस्थित सभी लोगों ने वंदे मातरम गाया।

12:36 PM, 11-Dec-2025

जन संकल्प सम्मेलन में पहुंचे सीएम सुक्खू, प्रदेश प्रभारी सहित सहित अन्य नेता

तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश कांग्रेस सरकार जन संकल्प सम्मेलन के नाम से मंडी के पड्डल मैदान में रैली कर रही है। रैली के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित अन्य नेता मंच पर पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री का मंडी पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने मंच पर पूर्व सैनिकों, खिलाड़ियों, किसान पद्मश्री नेकराम शर्मा को सम्मानित किया।

 

12:18 PM, 11-Dec-2025

लाभार्थी बोले- सुक्खू सरकार की योजनाओं का धरातल पर मिला लाभ

सुक्खू सरकार की रैली में पहुंचे लाभार्थियों ने कहा कि सुक्खू सरकार की योजनाओं का धरातल पर लाभ मिला है। भोरंज विधानसभा क्षेत्र से आए लाभार्थियों ने कहा कि तीन साल में रिकॉर्ड कार्य हुए हैं।  सरकाघाट की बुजुर्ग महिला ने कहा कि घर बनाने के लिए सरकार ने मदद की और उनके खाते में डेढ़ लाख रुपये आए हैं।  एनपीएस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सुक्खू सरकार ने कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया है। उन्होंने बचे हुए कर्मचारियों को ओपीएस देने की मांग उठाई और केंद्र से कर्मचारियों का हक मांगा। 

11:50 AM, 11-Dec-2025

रैली के लिए मंच पर पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री

तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश कांग्रेस सरकार जन संकल्प सम्मेलन के नाम से मंडी के पड्डल मैदान में रैली कर रही है। रैली में बड़ी संख्या में प्रदेश भर से लोग पहुंचे हैं। रैली के लिए सभी विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, मंत्री व विधायक मंच पर माैजूद हैं। थोड़ी देर में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंच पर पहुंचेंगे। 

11:33 AM, 11-Dec-2025
सम्मेलन में नर्सों ने जताया विरोध। - फोटो : संवाद

जन संकल्प सम्मेलन में बेरोजगार नर्सों ने जताया रोष, आनन-फानन तख्तियों को किया गायब

मंडी में जन संकल्प सम्मेलन में बेरोजगार नर्सों ने रोष जताया और आनन-फानन में नारे लिखीं तख्तियों को गायब किया। बेरोजगारी से तंग नर्सों ने कांग्रेस के नारों वाली तख्तियों के पीछा लिखा- बेरोजगार नर्स, नर्सों का भविष्य अंधकार में...। 

11:25 AM, 11-Dec-2025

मंडी में सरकार का जन संकल्प सम्मेलन, कुल्लवी नाटी पर झूमे लोग

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल में कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने पर जन संकल्प सम्मेलन के नाम से मंडी के पड्डल मैदान में रैली हो रही है। रैली के लिए बड़ी संख्या में प्रदेश भर से लोग पहुंचे हैं। इस दाैरान खूब नाटियों का दाैर भी चला। कुल्लवी नाटी लोग जमकर झूमे। 

11:08 AM, 11-Dec-2025

जन संकल्प सम्मेलन के लिए दूरदराज से छोटी काशी मंडी पहुंचे लोग

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल में कांग्रेस सरकार के आज तीन साल पूरे हो जाएंगे। इस मौके पर प्रदेश सरकार जन संकल्प सम्मेलन के नाम से मंडी के पड्डल मैदान में रैली करने जा रही है। रैली के लिए प्रदेश के किन्नाैर सहित अन्य दूरदराज क्षेत्रों से लोग ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते हुए मंडी पहुंचे। 

10:51 AM, 11-Dec-2025

पड्डल मैदान को 18 ब्लॉक में बांटा

लाभार्थियों और आम जनता के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की गई है। पडूडल मैदान को 18 ब्लॉकों में बांटकर हजारों कुर्सियां लगाई गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के लगभग 25 प्रशासनिक व प्रबंधन संबंधी कमेटियां गठित की गई हैं। बुधवार को पूरे दिन प्रशासन और मंत्री स्थल पर फीडबैक लेते रहे और सुरक्षा, यातायात तथा पंडाल प्रबंधन की अंतिम तैयारियों का जायजा लेते रहे। कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर ने कहा कि बोर्ड में पंजीकृत लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं में करीब 15 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा। 

10:49 AM, 11-Dec-2025

कांग्रेस की नौटंकी, जनता को बेवकूफ बनाने की तैयारी : बिंदल

 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि नया संकल्प कांग्रेस की नई नौटंकी है। जनता को फिर बेवकूफ बनाने की तैयारी हो रही है। उन्होंने कहा कि जन संकल्प नाम रखने से तीन साल की नाकामियां नहीं बदलेंगी। कहा कि कांग्रेस सरकार को खुद समझ नहीं आ रहा कि जश्न किस बात का मनाया जाए। पहले इसे जश्न कहा और जब जनता ने सवाल पूछा तो इसका नाम बदलकर संकल्प रख दिया। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री और बड़े नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान बड़े-बड़े संकल्प, गारंटियां और वादे किए थे। अब तीन साल बाद भी इन संकल्पों में से एक भी पूरा नहीं हुआ। 

10:43 AM, 11-Dec-2025

मंडी में बस अड्डे के साथ होंगी बसों की पार्किंग 

उधर, परिवहन निगम ने मंडी में बस अड्डे के साथ ही इन बसों को पार्क करने के लिए जगह बनाई है। परिवहन निगम का दावा है कि जिन रूटों पर पांच से छह बसें भेजी जाती थीं, वहां एक से दो रूट पर बसें नहीं भेजी गई हैं। लोगों को परेशानी न हो, इसके चलते कुछेक रूटों को एक दूसरे के साथ जोड़ा गया है। चीफ जनरल मैनेजर पंकज सिंघल ने कहा कि लोगों को परेशानी नहीं होने दी जा रही है। ज्यादातर उन बसों को भेजा गया है, जो वर्कशॉप या अन्य स्थानों पर खड़ी थीं।

10:38 AM, 11-Dec-2025

सरकार के तीन साल के समारोह के लिए लगाई एचआरटीसी की 1073 बसें

 प्रदेश सरकार का तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर मंडी में हो रहे जन संकल्प सम्मेलन के लिए एचआरटीसी के 31 डिपुओं की 1073 बसें लगाई गई हैं। बुधवार को बसों के इंतजार में सवारियां परेशान होती रहीं। निगम ने बसों के रूट क्लब कर दिए हैं। समारोह स्थल पर पहुंचने वाले लोगों को वापस निगम की बसों में गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। उधर, रूटों को क्लब किए जाने से सवारियों को परेशानी झेलनी पड़ी। बसों की आवाजाही कम होने से लोगों को टैक्सी करके या फिर कई घंटों इंतजार के बाद बस मिलने पर कार्यस्थल पहुंचना पड़ा। 

10:30 AM, 11-Dec-2025

मंडी जिला से भाजपा के पास 10 में से नौ सीटें

विधानसभा में मंडी जिला से भाजपा के पास 10 में से नौ सीटें हैं। कांग्रेस सरकार का भीड़ जुटाकर विपक्ष को संदेश देने का भी प्रयास है। नेताओं को प्रदेशभर से लोगों को लाने का लक्ष्य तय किया गया है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के कई लाभार्थियों को भी बुलाया गया है। सुबह 11:00 बजे शुरू होने वाली इस रैली में सीएम सुक्खू रोजगार, पर्यटन विकास, महिला सशक्तीकरण और विभिन्न योजनाओं पर भी सरकार की दिशा स्पष्ट करेंगे।

10:23 AM, 11-Dec-2025

पड्डल मैदान में 25 हजार कुर्सियां लगाईं

रैली के लिए पड्डल मैदान में 25 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। 25 हजार पैकेट बंद भोजन की व्यवस्था भी की गई है। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू समेत कांग्रेस के तमाम नेता इस मंच से सरकार की तीन साल की उपलिब्धयां पेश करने के साथ विपक्ष पर पलटवार कर सकते हैं। रैली को कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, सह प्रभारी विदित चौधरी, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत अन्य कई नेता संबोधित करेंगे। दिलचस्प यह है कि यह आयोजन भाजपा के गढ़ में हो रहा है।

10:16 AM, 11-Dec-2025

HP Govt Rally Live: सुक्खू बोले- दो साल में हिमाचल की तस्वीर और तकदीर बदलेंगे, भ्रष्टाचारियों को सलाखों के पीछे पहुंचाएंगे

 मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल में कांग्रेस सरकार के आज को तीन साल पूरे हो जाएंगे। इस मौके पर प्रदेश सरकार जन संकल्प सम्मेलन के नाम से मंडी के पड्डल मैदान में रैली करने जा रही है। इस दौरान कांग्रेस सरकार तीन साल की उपलिब्धयों के साथ अगले दो वर्ष का रोडमैप भी जनता के सामने रखेगी। इस रैली में लाभार्थियों के साथ बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। नेता विपक्ष के गृह जिला और भाजपा के गढ़ माने जाने वाले मंडी में हो रही इस रैली में 45 से 50 हजार लोगों के जुटने का दावा है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें