फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

HP LS Election Dates Live: हिमाचल में सातवें चरण में होंगे लोकसभा चुनाव, विधानसभा की छह सीटों पर उपचुनाव

Sat, 16 Mar 2024 04:41 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला

खास बातें

केंद्रीय चुनाव आयोग 18वीं लोकसभा के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। हिमाचल प्रदेश की कुल चार लोकसभा सीटों के लिए सातवें चरण में चुनाव होगा। इसके अलावा छह विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव होगा।
विज्ञापन
HP LS Election Dates - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:24 PM, 16-Mar-2024

हिमाचल का लोकसभा चुनाव कार्यक्रम
 हिमाचल की चार लोकसभा सीटों शिमला, मंडी, कांगड़ा व हमीरपुर के लिए 7 मई को अधिसूचना जारी होगी। 14 मई तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 15 मई को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। 17 मई को नामांकन वापसी होगी। 1 जून शनिवार को मतदान होगा और 4 जून को नतीजे घोषित होंगे। वहीं, लोकसभा के आम चुनाव के साथ छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होगा। ये सीटें कांग्रेस के छह बागी विधायकों के अयोग्य घोषित किए जाने के बाद खाली हुई हैं। 

03:55 PM, 16-Mar-2024

केंद्रीय चुनाव आयोग 18वीं लोकसभा के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। हिमाचल प्रदेश की कुल चार लोकसभा सीटों के लिए चुनाव होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव की तारीखों का एलान करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव सात चरणों में होंगे। पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा।  दूसरा चरण 26 अप्रैल, तीसरा चरण 7 मई, चौथा चरण 13 मई, पांचवा चरण 20 मई, छठा चरण 25 मई और सातवां चरण 1 को होगा। हिमाचल प्रदेश की चार लोकसभा सीटों के लिए सातवें चरण में 1 जून को मतदान होगा। सभी चरणों के बाद 4 जून को मतगणना होगी। 

03:50 PM, 16-Mar-2024

हिमाचल की छह विधानसभा सीटों के लिए होगा उपचुनाव
चुनाव आयोग के अनुसार 26 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव होगा। इसमें हिमाचल प्रदेश की छह सीटें भी शामिल हैं। इनका चुनाव भी लोकसभा चुनाव शेड्यूल के तहत ही होगा। धर्मशाला, लाहौल-स्पीति, सुजानपुर, बड़सर, गगरेट, कुटलैहड़ विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होगा। 

विज्ञापन
03:41 PM, 16-Mar-2024

 स्टार प्रचारकों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश उपलब्ध करवाए जाएंगे
विभिन्न राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध करवाएंगे जाएंगे। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को रोकने के लिए यह कदम उठाया जाएगा। नेता प्रचार के दौरान रेड लाइट को क्रॉस करने से बचें। चुनाव प्रचार के लिए बच्चों का इस्तेमाल नहीं हो सकेगा। इस पर कड़ी कार्रवाई होगी।  किसी भी उम्मीदवार का आपराधिक रिकॉर्ड है तो उसे तीन बार अखबार और टीवी पर बताना पड़ेगा। राजनीतिक पार्टी को भी बताना पड़ेगा कि वो उसे टिकट क्यों दे रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार की शायरी में मतदाताओं को फर्जी खबरें और असत्यापित जानकारी आगे नहीं बढ़ाने की सलाह दी गई है। राजनीति दलों को व्यक्तिगत टिप्पणी व अभद्र भाषा के इस्तेमाल से बचना चाहिए।

03:32 PM, 16-Mar-2024

हिंसा मुक्त चुनाव करवाएंगे, धन के दुरुपयोग पर लगेगी रोक
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि चुनाव में हिंसा पर सख्त कार्रवाई होगी। चुनाव में हिंसा की बिल्कुल गुंजाइश नहीं। हिंसा मुक्त चुनाव करवाना सुनिश्चित किया जाएगा। ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। चुनाव में धनबल का इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। चुनाव में धन का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। बीते चुनाव में हिमाचल सहित 11 राज्यों में 3400 करोड़ जब्त हुए थे। काले धन के इस्तेमाल को रोकने के भरपूर प्रयास करेंगे। कुछ राज्यों में बल का प्रयोग ज्यादा है, कुछ राज्यों में धन का प्रयोग ज्यादा होता है। हमारे पास पूरे आंकड़े हैं।

विज्ञापन
03:27 PM, 16-Mar-2024

85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता का घर में करवाना जाएगा मतदान
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, "85 वर्ष से अधिक उम्र के जितने भी मतदाता हैं, उनके घर जाकर मतदान करवाया जाएगा। इस बार देश में पहली बार ये व्यवस्था एक साथ लागू होगी कि जो 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता हैं और जिन्हें 40 फीसदी से अधिक की विकलांगता है, उनके पास हम फॉर्म पहुंचाएंगे अगर वो मतदान का ये विकल्प चुनते हैं।" कहा कि 12 राज्यों में महिला मतदाताओं का अनुपात पुरुष मतदाताओं से अधिक है।

03:15 PM, 16-Mar-2024

साढ़े 21 करोड़ युवा मतदाता इस लोकसभा चुनाव में अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। 82 लाख मतदाता 85 वर्ष की आयु से अधिक के  हैं। 48 हजार ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। इस बार 18 से 19 वर्ष के 1.8 करोड़ मतदाता होंगे। 20 से 29 साल उम्र के 19.74 करोड़ मतदाता होंगे। 82 लाख मतदाता ऐसे हैं, जिनकी उम्र 85 साल से ज्यादा है। 

03:08 PM, 16-Mar-2024

 हमारी स्याही तैयार: मुख्य चुनाव आयुक्त
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने पत्रकार वार्ता में कहा कि सभी लोगों को अभिनंदन, आप सभी का यहां पर स्वागत है। हम मतदाताओं से अपील करना चाहूंगा कि हमारी स्याही तैयार है। कहा कि एक यादगार व निष्पक्ष चुनाव सबकी भागीदारी से सुनिश्चित किए जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा हमारे पास 97 करोड़ पंजीकृत मतदाता हैं। 10.5 लाख मतदान केंद्र, 1.5 करोड़ मतदान अधिकारी और सुरक्षा कर्मचारी, 55 लाख ईवीएम व 4 लाख चुनाव वाहन हैं। इस तरह से विश्व में सबसे बड़ा मतदाता वर्ग हमारे देश में है। 10.5 लाख पोलिंग स्टेशन हैं। इसमें 49.7 करोड़ पुरुष और 47 करोड़ महिला मतदाता हैं। 1.82 करोड़ पहली बार मतदाता इन चुनावों में हैं। 

03:00 PM, 16-Mar-2024

हिमाचल में 2,93,875 नए मतदाता डालेंगे वोट
लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान कुछ ही देर में हो जाएगा। हिमाचल की चार लोकसभा सीटों पर होने वाले चुनाव में 2,93,875  से अधिक मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। प्रदेश में 55,68,171 से अधिक मतदाता हैं। इनमें से 28,12,976 पुरुष, 27,55,160 महिला और 35 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। लोकसभा चुनाव 2019 में 52,62,126 मतदाताओं ने मतदान किया था। लोकसभा चुनावों में मत प्रतिशतता बढ़ाने के उद्देश्य से वोटरों को पोलिंग बूथ तक ले जाने के लिए राज्य निर्वाचन विभाग विशेष अभियान चलाएगा। निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनावों के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं। चुनावों की घोषणा से पहले ही चुनाव अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है ताकि चुनावों के दौरान कोई समस्या पेश न आए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग का कहना है कि लोकसभा चुनावों में मत प्रतिशतता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। राजनीतिक पार्टी अथवा प्रत्याशी की ओर से वोटरों को किसी भी प्रकार के प्रलोभन दिए जाने पर कार्रवाई के प्रावधानों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

02:29 PM, 16-Mar-2024

कांगड़ा संसदीय सीट
कांगड़ा सीट से पिछले नौ चुनावों में सात बार भाजपा जीती है। पिछले तीन चुनाव भाजपा ने लगातार जीते हैं।  शुरुआत में यह सीट कांग्रेस का गढ़ रही है। ऐसे में भाजपा के चौके को रोकने और फिर वर्चस्व बनाने के लिए कांग्रेस खूब माथापच्ची कर रही है। धर्मशाला से कांग्रेस के अयोग्य घोषित विधायक सुधीर शर्मा की बगावत के बाद यह सीट हॉट हो गई है। सदीय क्षेत्र में आने वाले कांगड़ा जिले के 13 विस क्षेत्रों में से 10 में कांग्रेस के विधायक हैं। इनमें एक धर्मशाला से अयोग्य घोषित विधायक सुधीर शर्मा हैं। चंबा के चार विधानसभा क्षेत्रों में से दो में कांग्रेस विधायक हैं। कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र में भाजपा के 5 विधायक हैं। चंबा के भरमौर से भाजपा विधायक का क्षेत्र मंडी और कांगड़ा जिले के जसवां परागपुर से भाजपा विधायक का क्षेत्र हमीरपुर में आता है। देहरा से निर्दलीय विधायक हैं। 

01:57 PM, 16-Mar-2024

हमीरपुर संसदीय सीट
राजनीतिक धुरंधरों की भरमार के चलते एक बार फिर हमीरपुर संसदीय सीट हॉट मानी जा रही है। बेशक इस सीट पर कांग्रेस की जीत से दूरी ढाई दशक की हो गई है, लेकिन प्रदेश में अब सत्तासीन कांग्रेस सरकार के सीएम सुक्खू ने मुकाबले को रोचक बना दिया है।  सुक्खू नादौन के रहने वाले हैं। नादौन से ही ताल्लुक रखने वाले कांग्रेसी नेता स्व. नारायण चंद पराशर तीन दफा सांसद रहे हैं। उनके बाद कांग्रेस टिकट पर ऊना जिले से मेजर जनरल विक्रम सिंह ने एक बार प्रेम कुमार धूमल को पराजित किया था। बीते 16 लोकसभा चुनावों में भाजपा को 10 बार और कांग्रेस को 5 बार जीत मिली है, जबकि एक दफा जनता पार्टी ने जीत हासिल की है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के परिवार का इस सीट पर वर्ष 2007 से कब्जा रहा है। वर्ष 2007 में इस सीट पर धूमल विजयी हुए थे। इसके बाद से यह सीट धूमल के बेटे अनुराग ठाकुर के पास है। अनुराग इस सीट पर पहले ऐसे प्रत्याशी हैं, जिन्होंने जीत का चौका लगाया है। इस सीट से तीन बार जीत हासिल करने वाले सुरेश चंदेल को लोकसभा में एक विवाद के चलते वर्ष 2007 में सीट गंवानी पड़ी थी। उपचुनाव में प्रेम कुमार धूमल ने इस सीट से जीत हासिल की। लेकिन, उनके मुख्यमंत्री बनने से यहां दोबारा उपचुनाव हुआ और अनुराग ठाकुर विजयी हुए। इस जीत के बाद से लगातार अनुराग ठाकुर लोकसभा में हमीरपुर का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।  हमीरपुर संसदीय क्षेत्र पांच जिलों के विधानसभा क्षेत्रों को जोड़कर बना है। इसमें धर्मपुर, भोरंज, सुजानपुर, हमीरपुर, नादौन, बड़सर, बिलासपुर, घुमारवीं, झंडूता, श्री नयनादेवी, ऊना, गगरेट, चिंतपूर्णी, हरोली, कुटलैहड़, देहरा और जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

01:20 PM, 16-Mar-2024

शिमला संसदीय सीट
शिमला संसदीय सीट का ज्यादातर क्षेत्र पहाड़ी है। 1977 में पहली बार भारतीय लोक दल के बालक राम यहां से सांसद चुने गए। इसके बाद 1980 से 1998 तक कांग्रेस के कृष्ण दत्त सुल्तानपुरी ने लगातार छह बार जीत दर्ज की। उनके सामने कोई भी धुरंधर टिक नहीं पाया। इसके बाद धनी राम शांडिल ने 1999 में हिमाचल विकास कांग्रेस से चुनाव लड़कर कांग्रेस के किले में सेंधमारी की। 2004 में हुए चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर फिर जीत दर्ज की। 2009 से अब तक हुए तीन चुनावों में दो बार वीरेंद्र कश्यप और एक बार सुरेश कश्यप ने सीट जीती और भाजपा की हैट्रिक लगाई। पिछले तीन चुनावों से भाजपा की जीत का अंतर हर बार बढ़ा है। 2014 में भाजपा करीब 84 हजार मतों से जीती। 2019 में यह अंतर 3 लाख 27 हजार हो गया। शिमला संसदीय क्षेत्र में अर्की, नालागढ़, दून, सोलन, कसौली, पच्छाद, नाहन, श्रीरेणुकाजी, पांवटा साहिब, शिलाई, चौपाल, ठियोग, कसुम्पटी, शिमला शहरी, शिमला ग्रामीण, जुब्बल-कोटखाई और रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र आते हैं।

01:01 PM, 16-Mar-2024

11 विधानसभा क्षेत्रों में पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से 50 से 500 तक ही अधिक
प्रदेश के 11 ऐसे विधानसभा क्षेत्र ऐसे भी हैं, जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से मात्र 50 से 500 तक ही अधिक है। इनमें भटियात, ज्वालामुखी, कांगड़ा, धर्मशाला, पालमपुर, मनाली, सुंदरनगर, नाचन, किन्नौर, बिलासपुर और ठियोग विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

12:48 PM, 16-Mar-2024

शिमला संसदीय सीट
शिमला संसदीय सीट का ज्यादातर क्षेत्र पहाड़ी है। 1977 में पहली बार भारतीय लोक दल के बालक राम यहां से सांसद चुने गए। इसके बाद 1980 से 1998 तक कांग्रेस के कृष्ण दत्त सुल्तानपुरी ने लगातार छह बार जीत दर्ज की। उनके सामने कोई भी धुरंधर टिक नहीं पाया। इसके बाद धनी राम शांडिल ने 1999 में हिमाचल विकास कांग्रेस से चुनाव लड़कर कांग्रेस के किले में सेंधमारी की। 2004 में हुए चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर फिर जीत दर्ज की। 2009 से अब तक हुए तीन चुनावों में दो बार वीरेंद्र कश्यप और एक बार सुरेश कश्यप ने सीट जीती और भाजपा की हैट्रिक लगाई। पिछले तीन चुनावों से भाजपा की जीत का अंतर हर बार बढ़ा है। 2014 में भाजपा करीब 84 हजार मतों से जीती। 2019 में यह अंतर 3 लाख 27 हजार हो गया। शिमला संसदीय क्षेत्र में अर्की, नालागढ़, दून, सोलन, कसौली, पच्छाद, नाहन, श्रीरेणुकाजी, पांवटा साहिब, शिलाई, चौपाल, ठियोग, कसुम्पटी, शिमला शहरी, शिमला ग्रामीण, जुब्बल-कोटखाई और रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र आते हैं।

12:23 PM, 16-Mar-2024

17 विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों की जीत की चाबी महिलाओं के हाथ
लोकसभा चुनाव में इस बार प्रदेश के 17 विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों की जीत की चाबी महिलाओं के हाथ में रहेगी। संसदीय क्षेत्र हमीरपुर के आठ, मंडी के छह, कांगड़ा के दो और शिमला संसदीय क्षेत्र के एक विधानसभा क्षेत्र में पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। प्रदेश के 11 ऐसे विधानसभा क्षेत्र ऐसे भी हैं, जहां पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से मात्र 50 से 500 तक ही अधिक है। चारों संसदीय क्षेत्रों में 17-17 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के कुल मतदाताओं की बात करें तो राज्य में इनकी संख्या 5568171 है। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या 2755160 है और पुरुष मतदाता 2812976 हैं।

12:13 PM, 16-Mar-2024

दिव्यांगों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए सक्षम एप
चुनाव में दिव्यांगों की मदद के लिए सक्षम एप बनाया गया है। दिव्यांगों को अपने मोबाइल पर यह एप डाउनलोड करना होगा। निर्वाचन कर्मी मतदान के लिए आवश्यकता के अनुसार सहायता उपलब्ध करवाएंगे। जरूरत पड़ी तो मतदाता को घर से मतदान केंद्र और वापस घर छोड़ने की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। सक्षम एप की मदद से मतदान केंद्र पर व्हील चेयर, पिक एंड ड्रॉप की सहायता के लिए अनुरोध किया जा सकता है।

11:53 AM, 16-Mar-2024

1962 में पहली बार तीन थी सीटों की संख्या , चार सांसद चुने गए
हिमाचल में 1957 में हुए आम चुनाव में प्रदेश में सीटों की संख्या तीन और सांसदों की संख्या चार थी। लेकिन तीसरी लोकसभा के लिए 1962 में हुए चुनाव में प्रदेश में सीटों की संख्या चार हो गई और सभी सिंगल मैंबर सीट थीं। यानी सांसद भी चार ही चुने गए। सिरमौर संसदीय सीट को रिजर्व घोषित किया गया। प्रदेश में 7,11,596 मतदाताओं में से 2,52,965 ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यानी 35.55 फीसदी मतदान हुआ। खास बात यह रही कि इसमें भी 3.98 फीसदी मत किसी न किसी कारण से रद्द घोषित कर दिए गए थे। तीसरी लोकसभा के लिए चंबा से चतर सिंह, मंडी से ललित सेन, महासू से वीरभद्र सिंह और सिरमौर से प्रताप सिंह चुने गए। इस चुनाव में हिमाचल में कांग्रेस को 68.65% मत मिले थे। महासू सीट पर वीरभद्र सिंह ने 76.86 फीसदी मत हासिल किए थे। 

11:39 AM, 16-Mar-2024

भाजपा प्रत्याशी घोषित करने में आगे
लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में अभी तक भाजपा प्रत्याशी घोषित करने में आगे रही है। भाजपा ने दो सीटों हमीरपुर से मौजूदा सांसद अनुराग ठाकुर व शिमला से सुरेश कश्यप को टिकट दिया है। दो सीटों पर अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किए गए हैं। वहीं, कांग्रेस ने अभी किसी भी सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। हालांकि, मंडी सीट से प्रतिभा को टिकट मिलना तय मना जा रहा है। 

11:29 AM, 16-Mar-2024

मतदाताओं के लिए 24 घंटे चलेगा 1950 टोल फ्री नंबर
 मतदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में टोल फ्री वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस नंबर पर मतदाता शिकायत भी कर सकते हैं।  चुनावों की घोषणा होने के साथ ही यह नंबर 24 घंटे सातों दिन काम करेगा। 1950 के आगे एसटीडी कोड लगाकर लोग अपनी समस्याओं की जानकारी दे सकेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित कराने, नाम हटाने, संशोधन कराने, रंगीन मतदाता फोटो पहचान पत्र और निर्वाचन से संबंधित जानकारी के लिए इस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। हेल्पलाइन नंबर पर मिलने वाली सभी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाएगा। 

11:22 AM, 16-Mar-2024

मंडी संसदीय क्षेत्र में आते हैं छह जिलों के 17 विस क्षेत्र
प्रदेश में वर्तमान में लोकसभा की चार सीटें हैं। इनमें से तीन भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस काबिज है। प्रदेश के छह जिलों मंडी, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, शिमला और चंबा के 17 विधानसभा क्षेत्र मंडी संसदीय सीट के तहत आते हैं। इसमें धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर मंडी जिले के शेष नौ विधानसभा क्षेत्र, कुल्लू के सभी चार विस क्षेत्र, किन्नौर, लाहौल-स्पीति सहित शिमला जिला का रामपुर और चंबा का भरमौर विधानसभा क्षेत्र शामिल है। वर्तमान में इन 17 विधानसभा क्षेत्रों में से 12 में भाजपा के और चार में कांग्रेस के विधायक हैं। लाहौल-स्पीति के विधायक रवि ठाकुर को अयोग्य घोषित किया गया है। रवि ठाकुर ने अयोग्य घोषित करने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी हुई है। क्षेत्रफल के हिसाब से प्रदेश की सबसे बड़ी इस सीट से जयराम ठाकुर, वीरभद्र सिंह, पंडित सुखराम, प्रतिभा सिंह, महेश्वर   सिंह और कौल सिंह ठाकुर को हार का मुंह भी   देखना पड़ा है। वर्ष 2019 के आम चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप ने यहां से सबसे अधिक अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा को हराया था। इसके बाद रामस्वरूप के देहांत के बाद 2021  में  उपचुनाव हुआ, जिसमें कांग्रेस की प्रतिभा सिंह सांसद चुनी गईं। 

11:04 AM, 16-Mar-2024

मौजूदा 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा है। इससे पहले, नई लोकसभा का गठन करना अनिवार्य है। ओडिशा, सिक्किम, आंध्र प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश की विधानसभाओं का कार्यकाल भी जून में खत्म हो रहा है। इन राज्यों में चुनाव तारीखों की भी घोषणा होगी। अधिकारियों के अनुसार, बोर्ड परीक्षा, त्योहार व सुरक्षाकर्मियों की उपलब्धता को देखते हुए तारीखें तय की जाएंगी। पिछले चुनाव में भाजपा ने 303 और कांग्रेस ने 52 सीटें जीती थीं।

10:49 AM, 16-Mar-2024

HP LS Election Dates Live: हिमाचल में सातवें चरण में होंगे लोकसभा चुनाव, विधानसभा की छह सीटों पर उपचुनाव

 चुनाव आयोग 18वीं लोकसभा के लिए आज दोपहर 3:00 बजे चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेगा। इसके साथ ही देशभर में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो जाएगी। संभावना है कि 543 सीटों के लिए सात या आठ चरणों में मतदान कराया जाएगा। आयोग कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की भी घोषणा कर सकता है। हिमाचल प्रदेश की कुल चार लोकसभा सीटों के लिए चुनाव होगा। विभिन्न राजनीतिक दलों ने चुनाव में जीत के लिए अपनी कमर कस ली है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें