फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Election 2022: पीएम मोदी बोले- कांग्रेस विकास की दुश्मन, अदला-बदली ने हिमाचल को बर्बाद किया

Wed, 09 Nov 2022 05:48 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, शिमला

खास बातें

Himachal Election 2022 Live Know HP Vidhan Sabha Chunav Update: हमीरपुर के सुजानपुर में चुनावी जनसभा में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। आपको बता दें कि पूरे राज्य में एक चरण में 12 नवंबर को मतदान होगा। आठ दिसंबर को नतीजे आएंगे। चुनाव प्रचार में सभी पार्टियां कड़ी मेहनत से लगी हैं। पढ़ें पल-पल का अपडेट
विज्ञापन
पीएम नरेंद्र मोदी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:48 PM, 09-Nov-2022

जेपी नड्डा की नियुक्ति कैसे हुई

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को शिमला ग्रामीण के बनूटी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। खरगे ने कहा कि भाजपा का एक ही नारा है, कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया? हिमाचल प्रदेश में पहले से ही कॉलेज, बिजली और सड़क जैसी कई सुविधाएं थीं। क्या वे सभी पिछले सात वर्षों में विकसित हुए? उन्होंने कहा, मुझे निष्पक्ष मतदान प्रणाली के साथ कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में चुना गया है लेकिन कोई नहीं जानता कि जेपी नड्डा की नियुक्ति कैसे हुई। भाजपा हमेशा आरोप लगाती है कि कांग्रेस में लोकतंत्र नहीं है।

04:02 PM, 09-Nov-2022

राजकुमार कौंडल भाजपा से निष्कासित

झंडूता विस क्षेत्र से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने व पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण भाजपा के पूर्व मंत्री रिखी राम कौंडल के बेटे राजकुमार कौंडल को भाजपा से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। राजकुमार भाजपा से बगावत कर झंडूता विस क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

02:14 PM, 09-Nov-2022

हिमाचल में भाजपा सरकार की वापसी जरूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पीएम आवास योजना में महिलाओं को हिस्सेदारी देने वाली भाजपा है। रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाने वाली भाजपा है। घर-घर शौचालय बनाने वाली भाजपा है। घर-घर बिजली देने वाली भाजपा है घर-घर जल देने वाली भाजपा है। कोरोना के मुश्किल समय में हर गरीब को मुफ्त अनाज देने वाली भाजपा है। कांग्रेस स्वभाव से विकास की दुश्मन है। वह लोगों को मुसीबत में जीने के लिए छोड़ देती है। लेकिन भाजपा हिमाचल को विकास की नई ऊंचाई पर ले जा सकती है। इसलिए इस बार हिमाचल में भाजपा सरकार की वापसी जरूरी है। मैं हिमाचल में जहां भी गया हूं, मैंने यहां का मिजाज देखा है। मैंने हिमाचल की जनता का संकल्प देखा है। अब हिमाचल के लोगों को समझ आ गया है कि अदला-बदली ने हिमाचल को बर्बाद करके रख दिया है।

विज्ञापन
01:59 PM, 09-Nov-2022

झूठे वादे और झूठी गारंटी देती है कांग्रेस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास झूठे वादे और झूठी गारंटी का रहा है। कांग्रेस के राज में हमारे फौजियों के पास पर्याप्त बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं थी। कांग्रेस के राज में फौजियों के पास बर्फ में पहनने के लिए अच्छे जूते नहीं थे। अब बेटियों के लिए भी तीनों सेनाओं के द्वार खोल दिए गए हैं। हम सैन्य स्कूलों की संख्या भी बढ़ा रहे हैं और इसमें बेटियों को भी दाखिला मिल रहा है। हमारी सरकार, पुलिस फोर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों में भी बेटियों को बहुत प्रोत्साहन दे रही है।

01:56 PM, 09-Nov-2022

अब लोग पांच साल का फार्मूला समझ गए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल के लोग कांग्रेस को भली भांति समझ चुके हैं, जान चुके हैं। कांग्रेस को लगता है कि हिमाचल हमेशा पांच साल इसके और पांच साल उसके के फार्मूले पर ही चलेगा। इसलिए कांग्रेस के नेता हिमाचल और यहां के लोगों की कोई परवाह नहीं करते। आज हिमाचल और पूरे देश के लोग भाजपा पर बहुत विश्वास करते हैं। भाजपा पर देश का ये भरोसा लगातार मजबूत होता जा रहा है।

विज्ञापन
01:53 PM, 09-Nov-2022

दिनों-दिन बिगड़ रही कांग्रेस की हालत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही देश के कुछ राज्यों में उपचुनाव के परिणाम आए हैं। जहां कभी भाजपा को बहुत कमजोर माना जाता था वहां भी लोगों ने कमल का फूल खिला दिया है। लेकिन कांग्रेस जहां बहुत ताकतवर होती थी वहां पर कांग्रेस की स्थिति दिनों-दिन बिगड़ती ही जा रही है। जो क्षेत्र कभी कांग्रेस का गढ़ माने जाते थे, वहां से कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो गया है।

01:49 PM, 09-Nov-2022

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इतने वर्षों के शासन में कांग्रेस ने जिस तरह हिमाचल के साथ विश्वासघात किया है। उसके सबसे बड़े भुक्तभोगी हिमाचल के ही लोग हैं। कांग्रेस ने हिमाचल को हर बुनियादी चीज के लिए तरसा दिया था। वहीं भाजपा ने हर घर को बुनियादी सुविधा से जोड़ने के लिए ईमानदारी से प्रयास किया है।

01:45 PM, 09-Nov-2022
पीएम नरेंद्र मोदी। - फोटो : अमर उजाला

दोबारा बनेगी जयराम सरकार

हमीरपुर के सुजानपुर में चुनावी जनसभा में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं यहां के लोगों को जितना जानता हूं, मैं ये कह सकता हूं कि इस बार हिमाचल के लोग खुद चुनाव लड़ रहे हैं, खुद नेतृत्व कर रहे हैं और दोबारा जयराम ठाकुर की सरकार बनाने का फैसला यहां की जनता ने कर लिया है। उड़ीसा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और बिहार से कांग्रेस पूरी तरह गायब हो चुकी है। कांग्रेसी खुद को शहंशाह मानते हैं, इसलिए जनता उन्हें लगातार सजा दे रही है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को पांच साल तक हिमाचल प्रदेश की याद नहीं आई। कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाने में भी नाकाम रही है।

01:38 PM, 09-Nov-2022

सुजानपुर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमीरपुर के सुजानपुर में सार्वजनिक रैली के लिए पहुंच गए हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2014 से पहले गरीब कच्चे मकान में रहता था, लकड़ी काटकर चूल्हा जलाता था। शौच के लिए खुले में जाता था, पानी के लिए तालाब में जाता था, बैंक में खाता नहीं था।
 

01:32 PM, 09-Nov-2022

रिवाज बदलने से कांग्रेस चिंतित

कुल्लू के ढालपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ रहे राम सिंह पर निशाना साधा। सीएम जयराम ने कहा कि पार्टी ने उनको बहुत कुछ दिया है। टिकट न मिलने पर भी महेश्वर सिंह पूरे दमखम के साथ प्रचार करने में जुटे हैं। जयराम ने कहा कि अब प्रचार खत्म होने को है, भाजपा की लहर भी तेजी से बढ़ रही है। पीएम नरेंद्र मोदी ने धारा 370 खत्म की इसलिए भाजपा को लेकर जनता का भाव है। भाजपा जो कहती है वो करती है। जयराम ने कहा कांग्रेस काफी परेशान है, क्यों न हो, कांग्रेस जहां चुनाव लड़ती है वहां हारती है। रिवाज बदलने से कांग्रेस चिंतित है। कांग्रेसी कहते हैं कि इस बार हमारी बारी है। लेकिन मोदी ने रिवाज खत्म कर दिया है। छोटे लोग जब इकट्ठे होते हैं तो बड़े-बड़े का दिमाग ठिकाने में आ जाता है। विक्रमादित्य सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अभी राजनीति में नए-नए आए हैं। लेकिन बातें बड़ी-बड़ी करते हैं। मैं सराजी हूं, जहां बोलना वहां चलने को तैयार हूं। संकल्प पत्र में महिलाओं का खास ख्याल रखा गया है। किसान निधि 6000 रुपये की जगह 9000 रुपये दिए जाएंगे। चुनाव के बाद कांग्रेसी भी राहुल गांधी की तरह यात्रा पर चले जाएंगे।

12:43 PM, 09-Nov-2022

कांग्रेस की सरकार में सबसे ज्यादा उपेक्षित रहीं महिलाएं

पीएम मोदी ने कहा कि आने वाला समय 5जी का है। हिमाचल के नौजवानों का और हिमाचल के जीवन का कायाकल्प 5जी से होगा। इससे दूर-दराज के स्कूलों में भी पढ़ाई, शहरों जैसी हो जाएगी। हम उम्र के आखिरी पड़ाव तक, महिलाओं की हर चुनौती को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। दशकों तक रही कांग्रेस की सरकार में सबसे ज्यादा उपेक्षित देश की महिलाएं और बहन-बेटियां थीं, 2014 से पहले के दिन आपने देखें है। आपने मुझे अपना बेटा समझकर आशीर्वाद दिया और मैंने भी ठान लिया की पीढ़ियों से जो आपको समस्याएं आ रही हैं, उन्हें पूरा करके ही रहूंगा।

12:31 PM, 09-Nov-2022

पेंशन की उम्र घटाकर 60 साल की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र की कांग्रेस की सरकार ने पेंशन की उम्र 80 साल कर दी और साथ में कमाई की शर्त रखी। भाजपा सरकार ने पेंशन की उम्र को घटाकर 60 साल कर दी और कमाई की शर्त को भी हटा दिया। इससे लाखों वरिष्ठ नागरिकों को फायदा हुआ। सबको सामाजिक सुरक्षा मिले, इसके लिए केंद्र सरकार ने पेंशन और बीमा की योजना शुरू की। हमने किसानों को, मजदूरों को, छोटे दुकानदारों को 3 हजार रुपये नियमित पेंशन मिलने का रास्ता बनाया। इस भावना को हिमाचल की भाजपा सरकार ने और आगे बढ़ाया।

12:26 PM, 09-Nov-2022

हिमकेयर योजना की सराहना की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र की सरकार ने उज्ज्वला योजना चलाई, हिमाचल की भाजपा सरकार ने गृहिणी योजना चलाकर इसमें और लोगों को जोड़ दिया। केंद्र सरकार ने आयुष्मान योजना चलाई, हिमाचल की भाजपा सरकार ने हिमकेयर योजना से और लोगों को इसमें जोड़ दिया। इस तरह से डबल इंजन सरकार काम कर रही है।

12:23 PM, 09-Nov-2022
पीएम नरेंद्र मोदी। - फोटो : अमर उजाला

कांग्रेस मतलब भ्रष्टाचार, घोटाले की गारंटी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस बार उत्तराखंड के लोगों ने भी पुरानी परंपरा को बदलते हुए भाजपा को जिताया। उत्तर प्रदेश में भी 40 साल बाद ऐसा हुआ है जब कोई पार्टी फिर से जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सरकार में आई है। मणिपुर में भी भाजपा की सरकार फिर से आई है। इन दोनों जगहों से खबरें सिर्फ झगड़े की ही रहती हैं। अगर यही चलता रहा तो राज्य का विकास कैसे हो सकता है? कांग्रेस कभी हिमाचल को स्थिर सरकार नहीं दे सकती है और न ही वो चाहते हैं। आज कांग्रेस की गिन कर दो ही सरकारें बची हैं, एक राजस्थान और एक छत्तीसगढ़ में। यहां से कभी भी विकास की खबरें नहीं आती हैं। हम ऐसी राजनीतिक परंपरा बनाना चाहते हैं कि हम सरकार में ऐसा काम करें कि मतदाता हमें बार-बार मौका दें। इसलिए हम विकास के लिए और देश के लिए हर जगह, हर स्तर पर काम कर रहे हैं। कांग्रेस यानि, अस्थिरता की गारंटी। कांग्रेस यानि, भ्रष्टाचार, घोटाले की गारंटी। कांग्रेस यानि, विकास कार्यों में रोड़े अटकाने की गारंटी।

12:20 PM, 09-Nov-2022

घोषणा पत्र बनाने के लिए बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज हिमाचल 21वीं सदी में विकास के जिस पड़ाव पर है, वहां उसे स्थिर और मजबूत सरकार की जरूरत है। जब हिमाचल के पास मजबूत सरकार होगी और डबल इंजन की ताकत होगी, तो चुनौतियों को भी दूर करेगा और नई ऊंचाई भी उतनी ही तेजी से प्राप्त करेगा। सबसे पहले मैं हिमाचल भाजपा को विकास का नया संकल्प लेने के लिए, इतना अच्छा घोषणा पत्र बनाने के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं। हिमाचल भाजपा के 11 शुभ संकल्प यहां के विकास को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।

12:19 PM, 09-Nov-2022

शक्तिपीठों की धरती है कांगड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांगड़ा की धरती शक्तिपीठों की धरती है। भारत की आस्था और अध्यात्म का एक तीर्थ है। बैजनाथ से लेकर काठगढ़ तक, इस भूमि में बाबा भोले की असीम कृपा हम सभी पर हमेशा बनी रहती है।

12:11 PM, 09-Nov-2022
पीएम नरेंद्र मोदी। - फोटो : अमर उजाला

तमिलनाडु में 60 साल से कांग्रेस नहीं लौटी

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के प्रति लोगों का गुस्सा कितना है, एक बार सरकार से गई तो उसका वापस लौटना ही मुश्किल होता है। तमिलनाडु में वहां के लोगों ने करीब 60 साल पहले वहां से कांग्रेस को निकाला, 60 साल हो गए अब तक वापस नहीं आई। आज कई ऐसे राज्य हैं जहां कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं है। कांग्रेस का मूल आधार आज भी परिवारवाद ही है। ऐसी कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश के लोगों की आकांक्षाओं को, अपेक्षाओं को कभी पूरा नहीं कर सकती। कांग्रेस ने युवाओं के सपनों को कुचला है। कांग्रेस का पूरा ध्यान भ्रष्टाचार पर है। हम देश के लिए काम कर रहे हैं। भाजपा वही वादे करती है जो कर सकती है।

11:45 AM, 09-Nov-2022

उज्ज्वल सेन कांग्रेस से निष्कासित

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में उज्ज्वल सेन मेहता को छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। ठियोग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की रिपोर्ट पर मेहता के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।

11:23 AM, 09-Nov-2022

सीएम जयराम नारग में करेंगे जनसभा

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज सिरमौर जिले के नारग में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। वे भाजपा की उम्मीदवार रीना कश्यप के पक्ष में प्रचार करेंगे। भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी जनसभा में मौजूद रहेंगे।

10:54 AM, 09-Nov-2022

एक बार झील में फंस गई पोलिंग पार्टी

विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर में पिछले वर्ष नवंबर महीने में उपचुनाव करवाए गए थे। उस दौरान मतदान के दिन पौंग झील में तब एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया था। टापू पर स्थित सत कुठेड़ा मतदान केंद्र में मतदान करवाने के बाद लौट रही पोलिंग पार्टी की नाव झील में मछलियों के जाल में फंस गई थी। जलाशय किनारे पहुंचने से 50 मीटर पहले नाव चालक नानक चंद ने साहस का परिचय देते हुए अंधेरे में जलाशय में उतरकर जाल काटा। इसके बाद पोलिंग टीम को सुरक्षित जलाशय किनारे पहुंचाया। तब पीआरओ रहे संदीप कुमार ने बताया था कि बोट चालक की समझदारी से वो इस मुसीबत से बाहर निकल पाए थे।
 

10:38 AM, 09-Nov-2022

प्रदेशभर में 12 नवंबर को मतदान

प्रदेश में 12 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले मतदाताओं को उनके वोट का महत्व समझाया जा रहा है। इसी कड़ी में सत कुठेड़ा में भी घर-घर जाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। निर्वाचन अधिकारी (एसडीएम) फतेहपुर विश्रुत भारती ने बताया कि नोडल अधिकारी और बीएलओ की टीम नाव पर सवार होकर सत कुठेड़ा पोलिंग बूथ के मतदाताओं के घर द्वार पहुंची। आमंत्रण पत्र और कलाई पर स्टैंप लगा कर ‘आओ मतदान करें, हम भी करेंगे’ का न्योता दिया।
 

10:23 AM, 09-Nov-2022

पौंग जलाशय के बीच टापू पर मतदान करेंगे 97 मतदाता

फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 106-सत कुठेड़ा पोलिंग बूथ पर मतदान करवाने के लिए पोलिंग पार्टी नाव में सवार होकर पहुंचेगी। पौंग जलाशय के बीच टापू पर बसे सत कुठेड़ा में कुल 97 पंजीकृत मतदाता हैं। पोलिंग पार्टी की आवाजाही के लिए मत्स्य विभाग की बोट का इस्तेमाल किया जाएगा। जबकि, बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था डेढ़ किलोमीटर दूर जेनरेटर के माध्यम से की जाएगी।
 

09:58 AM, 09-Nov-2022

वैश्विक मंच पर भारत की सीमाएं सुदृढ़ हुई: सीएम

वैश्विक मंच पर भारत की सीमाएं सुदृढ़ हुई हैं। अब कोई भी टेढ़ी नजर से नहीं देख सकता। उन्होंने कहा कि इसमें हिमाचल के रणबांकुरों का भी बहुत योगदान है, जिन्होंने कारगिल युद्ध से लेकर अन्य युद्धों में अपनी जान की बाजी लगा कर देश की रक्षा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी।

09:45 AM, 09-Nov-2022

सीएम योगी ने की जनसभाएं

भाजपा के स्टार प्रचारक एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के पालमपुर और कुल्लू के आनी में चुनावी जनसभाएं कीं। उन्होंने कहा कि आज भारत पिछलगू देश नहीं बल्कि दुनिया का नेतृत्व करने वाला देश बन गया है। 

09:26 AM, 09-Nov-2022

खरगे ने लिया फीडबैक

उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर फीडबैक भी लिया। इसके बाद खरगे ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ आगामी रणनीति बनाई।

09:21 AM, 09-Nov-2022

मल्लिकार्जुन खरगे ने लिया कांग्रेस नेताओं से फीडबैक 

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मंगलवार दोपहर बाद राजधानी शिमला पहुंचे। चौड़ा मैदान स्थित होटल में रुके खरगे ने शाम के समय पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ बैठक कर चुनाव प्रचार की समीक्षा की।

09:04 AM, 09-Nov-2022

कल शाम थम जाएगा चुनाव प्रचार

वह बुधवार को शिमला और सोलन के नालागढ़ में चुनावी जनसभाएं करेंगे। हिमाचल प्रदेश में 10 नवंबर की शाम को चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद जनसभाएं और अन्य प्रचार बंद हो जाएंगे। केवल डोर-टू-डोर प्रचार ही होगा।

09:00 AM, 09-Nov-2022

Himachal Election 2022: पीएम मोदी बोले- कांग्रेस विकास की दुश्मन, अदला-बदली ने हिमाचल को बर्बाद किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंडी, शिमला के बाद अब बुधवार को कांगड़ा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्रों में चुनावी हुंकार भरेंगे। वह बुधवार को हमीरपुर के सुजानपुर और कांगड़ा के चंबी में एक-एक रैली करेंगे। वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मंगलवार दोपहर पहली बार शिमला पहुंचे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें