प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के आसींद विधानसभा क्षेत्र के मालासेरी गांव में श्री देवनारायण जी के 1111वें अवतरण दिवस समारोह में लोगों को संबोधित किया। मोदी ने लोगों को 'भला जी भला देवजी भला' के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भगवान देवनारायण ने जा रास्ता दिखाया वो विकास का रास्ता है। आज देश उसी राह पर चल रहा है। जो उपेक्षित रहा है, वंचित रहा है, आज देश उनको लेकर चल रहा। आज हर लाभार्थी को पूरा राशन मिल रहा है और पूरा मिल रहा है। इलाज की चिंता को भी आयुष्मान कार्ड से दूर कर दिया गया है। बैंक से लेनदेन बहुत ही कम लोगों को नसीब होता था आज सभी के लिए बैंक के दरवाजे खुल गए हैं।
मालासेरी में उमड़ा सैलाब, मंदिर में धर्मसभा प्रारंभ, पीएम का इंतजार
भीलवाड़ा जिले के मालासेरी में भगवान देवनारायण के 1111वें अवतरण महोत्सव को लेकर मालासेरी में उत्साह का माहौल बना हुआ है। यहां पर धर्मसभा प्रारंभ हो चुकी है। श्रीविष्णु महायज्ञ का आयोजन भी हो रहा है। आज सुबह मंदिर पर कलश शिखर भी पुजारी हेमराज पोसवाल की अगुवाई में चढ़ाया गया।कुछ ही समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर से मालासेरी पहुंचने वाला है। यहां उनका महायज्ञ में आहुति देने के साथ ही भगवान देवनारायण का दर्शन कर आशीर्वाद लेने व धर्मसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है।