टीकमगढ़ लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार खटीक ने अपना नामांकन जमा कर दिया है। उनके साथ टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले के भाजपा जिला अध्यक्ष सहित जतारा विधायक हरिशंकर खटीक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम हुआ था निरस्त
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को पहले 2 अप्रैल को टीकमगढ़ आना था और वीरेंद्र कुमार खटीक का नामांकन पत्र जमा कराना था, लेकिन किन्हीं कारणों के चलते उनका कार्यक्रम निरस्त हो गया जिसके चलते बुधवार दोपहर वीरेंद्र खटीक अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और उन्होंने अपना नामांकन पत्र जमा किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने खजुराहो संसदीय क्षेत्र से पन्ना में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश सरकार में मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल भी मौजूद थे। बता दें कि खजुराहो लोकसभा सीट पर भाजपा का मुकाबला समाजवादी पार्टी से होना है। कांग्रेस ने ये सीट गठबंधन के तहत सपा को दी है।
सीएम यादव बोले- राहुल गांधी को कोई गंभीरता से नहीं लेता
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी पर हमला बोला। जबलपुर में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि राहुल गांधी जो बोलते हैं उसमें न तो कोई तथ्य होता है और न ही गंभीरता होती है। उनकी बात पर भरोसा कौन करता है? उनकी खुद की पार्टी (कांग्रेस) के भी लोग उन्हें गंभीरता से नहीं लेते। सीएम यादव ने कहा कहा कि चुनावी पारा चढ़ रहा है। लेकिन, कांग्रेस के अते-पते ही नहीं है। कांग्रेस बहुत पीछे रह गई है। इसका जवाबदार अगर कोई है तो वो राहुल गांधी हैं, उन्होंने न पार्टी को गंभीरता से लिया और न ही चुनाव को गंभीरता से लिया। उम्मीद करते हैं कि कांग्रेस अभी भी अपने अंतर विरोध से बाहर आएगी और आत्म अवलोकन करेगी।
दिग्विजय सिंह की वादा निभाओ पदयात्रा
राजगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज सारंगपुर विधानसभा के धामंदा गांव में हनुमानजी महाराज के दर्शन कर वादा निभाओ पदयात्रा शुरू की। दिग्विजय सिंह की यात्रा को लोगों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग बढ़ चढ़ कर उनका स्वागत सत्कार कर रहे हैं।
पूर्व सांसद से मिले नड्डा और यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जबलपुर प्रवास के दौरान पार्टी की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व सांसद जयश्री बनर्जी के निवास पहुंचकर उनसे सौजन्य भेंट कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मल्लिका नड्डा समेत अन्य नेता मौजूद रहे।