फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Pradesh Budget Live: वित्तीय अनुशासन के लिए बड़ी घोषणा, विधायक क्षेत्र विकास निधि में कटौती

Sat, 21 Mar 2026 05:00 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला।

खास बातें

Himachal Pradesh Budget 2026 Live Updates:  हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शनिवार को अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश किया। सीएम ने बजट भाषण में दूध के खरीद मूल्य, प्राकृतिक रूप से उगाई फसलों का एमएसपी बढ़ाने सहित अन्य घोषणाएं कीं।  पढ़ें अपडेट्स...
विज्ञापन
हिमाचल बजट 2026। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:59 PM, 21-Mar-2026

अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड गठित होगा

बजट भाषण में सीएम ने कहा कि  शिमला के बैंटनी भवन में आधुनिक संग्रहालय का निर्माण पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा, चंबा के भूरी सिंह संग्रहालय में कला एवं शिल्प गैलरी का नवीनीकरण और केलांग का जनजातीय संग्रहालय पूर्ण रूप से कार्यशील बनाया जाएगा। पांगी और लाहौल में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के नए परिसरों का प्रथम चरण पूरा होगा तथा भरमौर विद्यालय का निर्माण कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा। जनजातीय क्षेत्रों की संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए मेले और त्यौहार आयोजित किए जाएंगे। परमवीर चक्र विजेता मानद कप्तान संजय कुमार युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके लिए उन्हें  उपयुक्त मासिक मानदेय दिया जाएगा और वे बिलासपुर सैनिक कल्याण कार्यालय से सेवाएं देंगे। सेवानिवृत्त केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कर्मियों के कल्याण और पुनर्वास हेतु राज्य में एक अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड गठित किया जाएगा। वित्तीय वर्ष में 412 पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को रोजगार दिया है और आगामी वर्ष में भी आरक्षित पदों को प्राथमिकता से भरा जाएगा। साथ ही, युद्ध 15 प्रतिशत जागीर (वित्तीय सहायता) राशि 7 हजार से बढ़ाकर 10 हजार रुपये प्रति वर्ष कर दी जाएगी। विधायक प्राथमिकता योजनाओं के प्रति विधानसभा चुनाव क्षेत्र की वर्तमान सीमा 200 करोड़ रुपये को बढ़ाकर 225 करोड़ रुपये करने की घोषणा। विधायकों को दी जाने वाली विवेकाधीन अनुदान की वर्तमान सीमा को एक लाख रुपये से बढ़ाया।

04:51 PM, 21-Mar-2026

बोर्ड-निगम, पीएसयू, स्वायत्त निकाय, विश्वविद्यालय भी स्थगित करेंगे वेतन

बोर्ड-निगम, पीएसयू, स्वायत्त निकाय, विश्वविद्यालय और सरकार से ग्रांट इन एड प्राप्त करने वाली सोसाइटी वे भी इस निर्णय को सरकार के अनुरूप अपनाएं। न्यायपालिका की सांविधानिक गरिमा और स्वतंत्रता का पूरा सम्मान करते हुए, राज्य सरकार यह आशा करती है कि वर्तमान वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला जज एवं अतिरिक्त जिला जजों  के स्तर पर 20 प्रतिशत तथा न्यायिक स्थापना के ग्रुप-ए और ग्रुप-बी अधिकारियों के स्तर पर 3 प्रतिशत वेतन के अस्थायी स्थगन पर उच्च न्यायालय अपने मार्गदर्शन एवं सहमति से सरकार के अनुरूप विचार करेगा।  सीएम ने कहा कि उच्च न्यायालय अपने विवेक सेवरिष्ठ स्तर पर स्वेच्छा से 30 प्रतिशत तक स्थगत पर भी विचार कर सकता है।
यह केवल अस्थायी स्थगन  है, और जैसे ही राज्य की आर्थिक स्थिति  बेहतर होगी, यह राशि वापस दे दी जाएगी। पेंशन में कोई कटौती नहीं होगी।  दैनिक वेतनभोगी की दिहाड़ी 25 रुपये बढ़ी। 

04:24 PM, 21-Mar-2026

सीएम, मंत्रियों, विधायकों से लेकर बी श्रेणीकर्मियों तक का वेतन छह महीने के लिए स्थगित

वित्तीय अनुशासन की दिशा में फैसला लेते हुए सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री के वेतन का 50 फीसदी, उप मुख्यमंत्री व मंत्रिमंडल के सदस्यों के वेतन का 30 प्रतिशत व विधायकों के वेतन का 20 प्रतिशत अगले 6 महीनों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित करने की घोषणा की। सभी निगम-बोर्ड अध्यक्ष , उपाध्यक्ष और सलाहकारों के वेतन का 20 प्रतिशत भी इसी अवधि के लिए अस्थायी रूप से स्थगित रहेगा। मुख्य सचिव, एसीएस, प्रधान सचिव के वेतन का 30 प्रतिशत। सचिवों, एचओडी का 20 प्रतिशत डेफर रहेगा। डीजीपी व एडीजीपीएस का 30 प्रतिशत तथा आईजी, डीआईजी , एसएसपी व एसपी स्तर तक के पुलिस अधिकारियों का 20 प्रतिशत वेतन स्थगित रहेगा। इसके अलावा वन विभाग प्रमुख, सभी पीसीसीएफ एवं  अतिरिक्त पीसीसीएफ का 30 प्रतिशत तथा सीसीएफ, सीएफ एवं डीएफओ स्तर तक के अन्य वन अधिकारियों का 20 प्रतिशत वेतन अस्थायी रूप से स्थगित रहेगा।  इसके साथ ही, ग्रुप-ए व ग्रुप-बी के अधिकारियों के वेतन का तीन प्रतिशत हिस्सा अगले 6 महीनों के लिए अस्थायी रूप से डेफर किया जाएगा। जबकि ग्रुप-सी व डी कर्मचारियों को पूर्णतः इससे बाहर रखा जाएगा और उन्हें पूरा वेतन मिलता रहेगा।

विज्ञापन
04:14 PM, 21-Mar-2026

न्यूनतम दिहाड़ी 450 होगी

सीएम सुक्खू ने कहा कि विधायक प्राथमिकता योजनाओं की सीमा 225 करोड़ की गई। विधायक क्षेत्र विकास निधि को 2 करोड़ 20 लाख से घटाकर 1 करोड़ 20 लाख रुपये प्रति विधानसभा किया गया। पेंशनरों को वकाया राशि का भुगतान वित्त वर्ष 2026-27 में किया जाएगा। कर्मियों की ग्रेच्युटी का भुगतान भी किया जाएगा। अनुबंध कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा।  मुख्यमंत्री ने दिहाड़ी को 450 रुपये करने की घोषणा की। 

इनका बढ़ाया मानदेय
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 1000 रुपये की बढ़ोतरी के साथ अब 11,500 रुपये मासिक मानदेय।
1000 रुपये मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मासिक बढ़ोतरी के साथ अब 8,300 रुपये मिलेंगे।
आंगनबाड़ी सहायिका को प्रतिमाह 1000 रुपये की बढ़ोतरी के साथ अब 6,800 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे ।
आशा वर्कर को 1000 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 6,800 रुपये मिलेंगे।
सिलाई शिक्षकों के मासिक मानदेय को 1000 रुपये बढ़ाया जाएगा।
मिड-डे मील वर्कर्ज को 500 रुपये बढ़ोतरी के साथ 5,500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
जल वाहकों (शिक्षा विभाग) को 500 बढ़ोतरी के साथ 6,000 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
जल रक्षक को 500 रुपये बढ़ोतरी के साथ 6,100 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे।
जल शक्ति विभाग के बहुउद्देशीय कार्यकर्ता को 500 रुपये बढ़ोतरी के साथ 6,000 रुपये मिलेंगे।
लोक निर्माण विभाग के मल्टी टास्क वर्करों को 500 रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी। 
पैरा फिटर तथा पंप ऑपरेटर को 500 रुपये बढ़ोतरी के साथ 7,100 रुपये  मिलेंगे।
पंचायत चौकीदार को 500 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 9,000 रुपये मिलेंगे।
राजस्व चौकीदार को 500 रुपये बढ़ोतरी के साथ 6,800 रुपये  मिलेंगे।
राजस्व लंबरदार का 500 रुपये बढ़ोतरीके साथ 5,000 रुपये मिलेंगे।
एसएमसी अध्यापकों के मानदेय में 500 रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी।
आईटी शिक्षकों को 500 रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी।
एसपीओ को 500 रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी।
अंशकालिक मल्टी टास्क वर्करों को 500  रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी।
 

03:51 PM, 21-Mar-2026

स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न श्रेणियों का मानदेय बढ़ाया

सीएम ने स्वास्थ्य अधिकारियों सहित फार्मासिस्ट, एएनएम, स्टाफ नर्स सहित अन्य श्रेणियों के कर्मियों का वेतन बढ़ाने की घोषणा की।  स्टाफ नर्स का वेतन 13,925 से बढ़ाकर 25,000 करने की घोषणा की। 

विज्ञापन
03:41 PM, 21-Mar-2026

चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ के पद भरेंगे: सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सकों के 300 पद ट्रेनी रिजर्व के रूप में सृजित किए जाएंगे। 150 सहायक स्टाफ नर्सों सहित पैरामेडिकल स्टाफ के पद भरे जाएंगे। बच्चो, महिलाओं की पोषण स्थिति में सुधार लाया जाएगा। राज्य पोषण नीति बनाई जाएगी। फूड टेस्टिंग के लिए चार नई प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। 

03:36 PM, 21-Mar-2026

 हमीरपुर में डेंटल कॉलेज स्थापित होगा: सुक्खू

सीएम ने घोषणा की कि हमीरपुर में 200 करोड़ से एक डेंटल कॉलेज स्थापित होगा। एम्स चमियाना को कैथ लैब स्थापित होगी। अस्पतालों में पब्लिक हेल्थ लैब का निर्माण होगा। विद्यार्थियों के लिए सभी मेडिकल काॅलेजों में ई-लाइब्रेरी की सुविधा मिलेगी।

03:32 PM, 21-Mar-2026

शिमला में अब 24 घंटे पेयजल आपूर्ति मिलेगी

सीएम ने कहा कि इस साल से शिमला शहर के 10 हजार घरों में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति की जाएगी।  मेडिकल काॅलेज टांडा व हमीरपुर सहित चमियाणा में एडवांस टेस्टिंग लैब स्थापित होगी। इस पर 25-25 करोड़ खर्च होंगे। कई मेडिकल काॅलेजों में बोन मेरो ट्रांसप्लांट सुविधा शुरू होगी। 

03:19 PM, 21-Mar-2026

तीन नई रोपवे परियोजनाएं शुरू होंगी

मुख्यमंत्री ने राज्य में तीन नई रोपवे परियोजनाएं शुरू करने की घोषणा की। इसमें बाबा बालक नाथ रोपवे, चिंतपूर्णी माता रोपवे व कुल्लू-ढालपुर(पीज) रोपवे शामिल हैं।  शिमला व हमीरपुर में वाणिज्य परिसरों का निर्माण किया जाएगा। 2000 करोड़ रुपये की योजना तैयार कर केंद्रीय मंत्रालय को भेजेंगे। 

03:14 PM, 21-Mar-2026

 1 हजार टाइप-2 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी: सीएम 

सीएम ने कहा कि सरकार कल्पा, घुमारवीं और कटासनी खेल मैदान का निर्माण इसी साल करेगी। 297 ई-बसों को खरीदा जाएगा। इसके लिए प्रदेश भर में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा 1 हजार टाइप-2 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी। निजी क्षेत्रों को दिए रूटों के लिए बसों की खरीद के लिए 40 फीसदी अनुदान दिया जाएगा। 

03:06 PM, 21-Mar-2026

प्रदेश में तीन टाउनशिप बसाएंगे: सीएम

सीएम सुक्खू ने ने घोषणा की कि बद्दी में हिम चंडीगढ़ व सिरमाैर में हिम पंचकूला टाउनशिप बसाएंगे। धौलाधार के आंचल में कांगड़ा वैली टाउनशिप बसाएंगे। इन परियोजनाओं में हजारों करोड़ का निवेश होगा और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार पैदा होंगे। पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। खेलो हिमाचल चिट्टामुक्त अभियान को शुरू किया जाएगा। इसके लिए 12 करोड़ रुपये से त्रिस्तरीय खेल स्पर्धाएं शुरू होंगी। शिमला में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्थापित होगा। 

02:56 PM, 21-Mar-2026

साइबर मित्र योजना शुरू होगी, 10 हजार हिमाचली युवाओं को औद्योगिक प्रशिक्षण मिलेगा

साइबर सुरक्षा के लिए साइबर मित्र योजना शुरू होगी। एंटी चिट्टा आंदोलन को जन आंदोलन बनाया जाएगा। एसएमएसई क्षेत्र के लिए हिम स्टार्टअप स्कीम शुरू होगी। 10 हजार हिमाचली युवाओं को औद्योगिक प्रशिक्षण मिलेगा। 

02:48 PM, 21-Mar-2026

1,000 अतिरिक्त पुलिस कांस्टेबल भर्ती होंगे

टी ब्रेक के बाद बजट भाषण ढाई बजे के बाद फिर शुरू हुआ। सीएम सुक्खू ने घोषणा करते हुए कहा कि चिट्टे से निपटने के लिए सरकार 1,000 अतिरिक्त पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती करेगी। एसपीओ को अन्य क्षेत्रों में भी तैनात किया जाएगा। कांस्टेबलों को हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नत किया जाएगा। 50 महिला सब इंस्पेक्टरों की सीधी भर्ती की जाएगी। एक हजार अन्य पद भी चरणबद्ध तरीके से भरे जाएंगे। 

01:45 PM, 21-Mar-2026

सदन की कार्यवाही टी ब्रेक के लिए 2 बजे तक स्थगित

सीएम ने कहा कि किसी भी आपदा प्रभावित परिवार को उजड़ने नहीं दिया जाएगा।  इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को टी ब्रेक के लिए 2:20 बजे के लिए स्थगित किया गया। 

01:39 PM, 21-Mar-2026

पटवारियों के 645 पद चरणबद्ध तरीके से भरे जाएंगे, सड़कों के लिए एक हजार करोड़

सड़कों, पुलों व पुनर्निर्माण के लिए एक हजार करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है। अगले वित्तीय वर्ष से राजस्व रिकॉर्ड का डिजिटलाइजेशन होगा। पटवारियों के 645 पद चरणबद्ध तरीके से भरे जाएंगे। इसके लिए राज्य चयन आयोग की ओर से आवेदन मांगे जाएंगे। सीएम ने घोषणा की कि महिला के नाम पर 80 लाख से 1 करोड़ तक संपत्ति खरीदी तो स्टांप ड्यूटी 4 फीसदी लगेगी। 

01:25 PM, 21-Mar-2026

शिक्षा के लिए 9,660 करोड़ का बजट प्रस्तावित 

शिक्षा के लिए 9,660 करोड़ का बजट प्रस्तावित है। हिमाचल में सभी यूजी कोर्स सेमेस्टर सिस्टम से चलाए जाएंगे। 75 से कम छात्र संख्या वाले कॉलेजों के छात्र यदि जिला मुख्यालय के कॉलेज में दाखिला लेते हैं तो उन्हें हर महीने 5,000 रुपये की सहायता मिलेगी। 
 

01:10 PM, 21-Mar-2026

पंचायत सचिवों के लिए 150 पद भरेंगे, ई-टैक्सी के लिए 500 युवाओं को मिलेगा अनुदान

सीएम ने कहा कि पंचायत सचिवों के लिए 150 पद भरे जाएंगे। पंचायत चाैकीदारों के पद भी चरणबद्ध तरीके से भरे जाएंगे। ई-टैक्सी की खरीद के लिए 500 युवाओं को 50 फीसदी अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए 50 करोड़ का प्रावधान किया गया है। ई-टैक्सी के मासिक किराये में पांच हजार रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी। 

01:03 PM, 21-Mar-2026

मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना शुरू करने की घोषणा

सीएम ने कहा कि अति गरीब एक लाख गरीब परिवारों का चयन किया जाएगा। ये आर्थिक दृष्टि से सबसे वंचित परिवार हैं। इन परिवारों के लिए मुख्यमंत्री सुखी परिवार योजना शुरू करने की घोषणा की। इन परिवारों को 300 यूनिट निशुल्क बिजली मिलेगी। पक्कों मकानों से वंचित ऐसे परिवारों को चरणबद्ध  तरीके से इसकी सुविधा दी जाएगी। इन परिवारों की महिलाओं को 1500-1500 रुपये की राशि मिलेगी। सीएम ने कहा कि पर्यटन स्थानों पर नाइट पिकनिक की सुविधा शुरू होगी। फिल्म शूटिंग के लिए सरल पॉलिसी बनेगी। प्रमुख पर्यटन स्थानों पर नाइट पिकनिक की सुविधा शुरू होगी। 

12:57 PM, 21-Mar-2026

इस बात पर सदन में खूब लगे ठहाके

सीएम पर्यटन योजनाओं का नाम ले रहे थे तो स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने चुटकी लेते हुए कहा कि भटियात का भी नाम ले लो। इस पर मुख्यमंत्री बोले- आपसे तो दिल जुड़ा है। स्पीकर ने कहा - दिल ही जुड़ा है। इस पर सदन में ठहाके लगे।

12:53 PM, 21-Mar-2026

सीएम सुक्खू ने विपक्ष पर कसा तंज

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विपक्ष को संबोधित करते हुए कहा कि आपके शिवधाम को हम पूरा करेंगे। इस पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और विपक्ष के विधायकों ने तंज किया कि जाने की बात कर रहे हैं। इस पर सीएम ने कहा कि यह तो जनता जानती है। आप और हम नहीं। सीएम ने आगे कहा -सत्ती और रणधीर जी मुझे यूनिवर्सिटी के समय से जानते हैं। जाने वाला बहुत कम हूं, जिस भी पद पर रहा हूं, बहुत लंबे समय तक रहा हूं।

12:48 PM, 21-Mar-2026

वीकेंड टूरिज्म की गतिविधियां बढ़ाई जाएंगी

सीएम ने घोषणा की कि होम स्टे मालिकों को पर्यावरण अनुकूल प्रमाण पत्र मिलेगा। स्नो टूरिज्म को बढ़ावा देने को 40 गांवों को स्नो टूरिज्म स्पॉट घोषित करेंगे। महिलाओं के लिए शी ट्रैवल पोर्टल शुरू होगा।  सोलन और मंडी में कारवां पार्क बनेंगे। वीकेंड टूरिज्म की गतिविधियां बढ़ाई जाएंगी।

12:43 PM, 21-Mar-2026

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए श्री ज्वालाजी, श्रीनैना देवी जी का विकास होगा। होटल पीटरहाॅफ, होटल हमीर का पुनर्निर्माण होगा। 

12:37 PM, 21-Mar-2026

पर्यटन क्षेत्र के लिए सीएम सुक्खू ने कीं ये घोषणाएं

  1. पीपीपी आधार पर पर्यटन पंजीकरण सिस्टम लागू होगा।
  2.  काैशल प्रशिक्षण के लिए संस्थान बनेगा।
  3. 345 लाख से विकासात्मक कार्य होंगे।
  4. माउंटेन बाइकिंग रूट चयनित होंगे।
  5. कांगड़ा एयरपोर्ट के पास बसाई जाएगी एरोसिटी।
  6. अगले महीने से दिल्ली- शिमला-शिमला-धर्मशाला फ्लाइट शुरू होगी।
  7. सभी जिला मुख्यालय हेलीपोर्ट से जुड़ेंगे।

12:33 PM, 21-Mar-2026

सीएम ने ये घोषणाएं भी कीं

  1. 100 नई ट्राउट इकाइयां स्थापित की जाएंगी।
  2.  हिमाचल को हरित राज्य बनाने की दिशा में 2030 तक हरित क्षेत्र को 29.5 से बढ़ाकर 32 प्रतिशत किया जाएगा। 
  3. वर्ष 2026-27 में चार हजार हेक्टेयर में पाैधरोपण किया जाएगा। 
  4.  हमीरपुर में 25 करोड़ की लागत से बनेगा इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क
  5. 50 ईको टूरिज्म साइट विकसित होंगी। 50 विश्राम गृहों की बुकिंग को ऑनलाइन किया जाएगा।
  6. कृषि सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री खेत बाड़बंदी योजना के लिए 10 करोड़ का प्रावधान

12:21 PM, 21-Mar-2026

जलाशय की मछली खरीद के लिए 100 रुपये का एमएसपी

मुख्यमंत्री मछुआरा सहायता योजना शुरू होगी। जलाशय की मछली खरीद के लिए 100 रुपये का न्यूनतम समर्थन मूल्य(एमएसपी) देने की घोषणा की। मछुआराें को अनुदान देने की भी घोषणा की। वोट की खरीद पर 70 फीसदी अनुदान मिलेगा। 

12:18 PM, 21-Mar-2026

राज्य किसान आयोग का गठन होगा

सीएम सुक्खू ने एक और एक और गारंटी को पूरी करने की घोषणा की। कहा कि राज्य किसान आयोग का गठन होगा। प्रदेश में पारंपरिक बीज के लिए बीज गांव स्थापित होंगे। इसमें किसानों को सब्सिडी प्रदान की जाएगी।

12:15 PM, 21-Mar-2026

पहली बार अदरक की खरीद के लिए एमएसपी

पशुपालन के क्षेत्र में 500 करोड़ का परिव्यय प्रस्तावित है। सीएम सुक्खू ने प्राकृतिक रूप से उत्पादित गेहूं के एमएसपी को 60 से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलो किया। मक्की 40 से 50 रुपये प्रतिकिलो, पांगी का जौ 60 से 80 रुपये और हल्दी 90 से 150 रुपये प्रति किलो करने की घोषणा की।  इसके अतिरिक्त प्रदेश में पहली बार अदरक की खरीद के लिए एमएसपी को लागू करने हुए 30 रुपये प्रतिकिलो की घोषणा की।

11:58 AM, 21-Mar-2026

दूध का क्रय मूल्य बढ़ाया

सीएम सुक्खू ने गाय के दूध के क्रय मूल्य को 51 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर करने की घोषणा की। साथ ही भैंस का दूध 61 से 71 रुपये प्रति लीटर करने की घोषणा की। चरवाहों के लिए डिजिटल कार्ड, जीवन बीमा की सुविधा मिलेगी। भेड़पालन के लिए 300 करोड़ की योजना शुरू होगी। 

11:52 AM, 21-Mar-2026

300 अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान

सेब पर आयात ट्रैरिफ, ट्रेड डील हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को तबाह कर देगी। यह किसानों-बागवानों के साथ अन्याय है।  हम आरडीजी रोके जाने के बावजूद और तमाम आर्थिक चुनौतियों के बावजूद सभी गारंटियों को पूरा करेंगे। सीएम ने 300 अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए 500 करोड़ रुपये के प्रावधान की घोषणा की। ऐसी योजनाओं को पूरा करने के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 

11:46 AM, 21-Mar-2026

 हम अपने फैसलों से पीछे नहीं हटेंगे: सीएम

सीएम सुक्खू ने कहा कि हम अपने फैसलों से पीछे नहीं हटेंगे। सीएम ने कहा कि 2026-27 के लिए बजट आकार 54,928 करोड़ का है। चालू वित्त वर्ष में 58,514 करोड़ पेश हुआ था। बजट में करीब 3586 करोड़ की कटौती हुई है। सभी गारंटियों को 100 फीसदी पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री ने महाकवि रामधारी सिंह दिनकर की मशहूर कविता की पंक्तियां, 'समर शेष है, नहीं पाप का भागी केवल व्याध, जो तटस्थ हैं, समय लिखेगा उनका भी अपराध' से अपनी बात कही। 

11:40 AM, 21-Mar-2026

उत्तराखंड और असम से हिमाचल की तुलना नहीं हो सकती: सीएम

सीएम सुक्खू ने कहा कि उत्तराखंड और असम से हिमाचल की तुलना नहीं हो सकती है। यह रेवेन्यू सरप्लस राज्य नहीं है। हिमाचल को केंद्र से उचित मदद नहीं मिल रही है। पूर्व सरकार को आरडीजी के रूप में 47,000 व जीएसटी प्रतिपूर्ति के रूप में 13,000 करोड़ मिले। पूर्व सरकार ने यदि लोन का 50 फीसदी भी चुकाया होता तो आज डेट ट्रैप की स्थिति न होती। अब व्यर्थ के संस्थानों को बंद करना होगा। फिजूलखर्ची रोकनी होगी। 

11:36 AM, 21-Mar-2026

बजट भाषण दोबारा शुरू हुआ

अब सदन में बजट भाषण दोबारा शुरू हुआ। 11:34 पर हंगामा खत्म होने पर सीएम सुक्खू ने बजट भाषण शुरू किया। 

11:25 AM, 21-Mar-2026

नारेबाजी के बीच मुख्यमंत्री बजट पेश कर रहे

भाजपा के सदस्य दोबारा सदन में आए और नारेबाजी शुरू कर दी। नारेबाजी के बीच मुख्यमंत्री बजट पेश कर रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि  सीएम की ओर से कहे गए जिन शब्दों से नेता प्रतिपक्ष, विपक्ष आहत हैं उसे सदन की कार्यवाही व बजट भाषण से हटा दिया गया है। सदन में लगातार हंगामा चल रहा है। सीएम के बजट भाषण में विपक्ष की ओर से  गतिरोध पैदा किया जा रहा है।

11:17 AM, 21-Mar-2026

हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही 11:30 तक स्थगित

सीएम ने बजट भाषण शुरू करते हुए कहा- चौथा ऐसा बजट है, कल्पना भी नहीं की थी कि इसे तैयार करते हुए नींद टूट जाएगी। अधिकारियों ने बहुत मदद की। आम आदमी की मदद करते हुए बजट तैयार किया गया। मुख्यमंत्री ने खाड़ी देशों में युद्ध पर भी चिंता जताई।  सीएम ने जब कहा कि राजस्व घाटा अनुदान को बंद करने के मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार का साथ नहीं दिया। इस पर भाजपा के विधायक भड़क गए और नारेबाजी करते हुए वेल में चले गए। शोर-शराबे और हंगामे के बीच सीएम को बजट भाषण बीच में रोकना पड़ा। सीएम सीट पर बैठ गए। सदन की बैठक को 11:30 तक स्थगित करना पड़ा। हालांकि, बाद में अध्यक्ष ने कार्यवाही स्थगित करने का फैसला वापस ले लिया।

11:08 AM, 21-Mar-2026

भाजपा पर टिप्पणी से नाराज विपक्ष ने की नारेबाजी

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने बजट भाषण के शुभारंभ में कहा कि आरडीजी बंद होने से प्रदेश में इसका असर पड़ेगा। 16वें वित्त आयोग की ओर से आरडीजी बंद होने से जो आर्थिक संकट आया है, विपक्ष ने प्रदेश का साथ छोड़ दिया। इस दाैरान भाजपा पर टिप्पणी से नाराज विपक्ष की ओर से नारेबाजी भी की गई।  भाजपा के सदस्यों ने वेल में पहुंचकर नारेबाजी की। इससे सीएम को बजट भाषण रोकना पड़ा। विधानसभा अध्यक्ष भाजपा सदस्यों को अपनी सीट पर बैठने के लिए कहते रहे, लेकिन नारेबाजी जारी रही। 

11:01 AM, 21-Mar-2026

भूरे रंग की अटैची में बजट दस्तावेज लेकर विधानसभा पहुंचे सीएम सुक्खू

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भूरे रंग की अटैची में बजट दस्तावेज लेकर विधानसभा पहुंचे। सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश कर रहे हैं।

10:56 AM, 21-Mar-2026

भाजपा विधायक दल ने एंट्री टैक्स के विरोध में किया प्रदर्शन

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में शनिवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायक दल ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में एंट्री टैक्स की बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। विधानसभा परिसर में हुए प्रदर्शन में भाजपा विधायकों की ओर से बढ़े हुए टैक्स को वापस लेने की मांग की।

10:43 AM, 21-Mar-2026

बेरोजगारी का करें स्थायी समाधान

प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है, ऐसे में प्रदेश सरकार के इस बजट से उम्मीद है कि सरकारी विभागों में स्थायी रोजगार की व्यवस्था होगी।आउटसोर्स भर्तियों को पूरी से बंद करने के साथ ही सरकार प्रदेश में पर्यटन सहित अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को पैदा करने के साथ युवाओं में कौशल विकसित करने की दिशा में कोई निर्णय लेगी।-पवन शर्मा, प्रशिक्षित बेरोजगार युवा

10:35 AM, 21-Mar-2026

सरकार से पक्की नौकरी, लंबित डीए और महंगाई पर रोक की आस

 प्रदेश की खराब माली हालत के बावजूद हर वर्ग को सरकार के इस चौथे वार्षिक बजट से कुछ न कुछ राहत मिलने की आस है। लोगों को आस है कि सरकार महंगाई के इस दौर में रोजमर्रा की जरुरतों को पूरा करने और महंगाई कम करने की दिशा में कुछ प्रभावी कदम उठाएगी। रुके विकास कार्यों को रफ्तार देने, कर्मचारियों के लंबित डीए, एरियर सहित रोजगार के अवसर सृजित करेगी। 

10:19 AM, 21-Mar-2026

उद्यमी बोले-धारा 118 में संशोधन हो सौर ऊर्जा, जेनरेटर पर शुल्क खत्म करें

वहीं बीबीएन उद्योग संघ (बीबीएनआईए) ने प्रदेश सरकार से बजट में धारा-118 में संशोधन करने, सोलर एनर्जी और डीजल जनरेटर से शुल्क हटाने, एडिशन टैक्स समाप्त करने व बढ़े हुए एंट्री टैक्स को कम करने की मांग रखी है। उद्यमियों का कहना है कि सरकार को आगामी बजट में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाने चाहिए।बीबीएनआईए के अध्यक्ष वाईएस गुलेरिया ने कहा कि प्रदेश में अब नया निवेश नहीं हो रहा है। इसके लिए धारा-118 सबसे बड़ी बाधा है। उद्यमी नहीं चाहते कि धारा-118 को पूरी तरह से समाप्त किया जाए, लेकिन इसमें संशोधन करने की जरूरत है। कोई उद्यमी अपना कारोबार नहीं चला सकता है तो उसे अपने कारोबार दूसरे उद्यमी को देने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए अगर दूसरा उद्यमी भी उसी उद्योग को चलाना चाहता है। लेकिन यहां पर ऐसा नहीं है। उसे नए सिरे से धारा 118 की परमिशन लेनी पड़ती है, जिससे कई साल लग जाते हैं। ऐसे में लोगों का पैसा डूब रहा है। उद्योग संघ के महासचिव रजनीश विज ने कहा कि पूरे देश में सोलर एनर्जी को बढ़ावा देने की योजनाएं बनाई जा रही हैं। लेकिन प्रदेश में जिन उद्यमियों ने अपने छतों पर सोलर पैनल लगाए हैं, सरकार उन पर टैक्स लगा रही है।बिजली चले जाने पर उद्योगपति डीजी सेट चलाता है तो उस पर टैक्स लगाया हुआ है, जो तर्कसंगत नहीं है। पर्व अध्यक्ष शैलेश अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी आने के बाद सभी अन्य टैक्स बंद कर दिए थे, लेकिन प्रदेश में कई सामान पर एडिशन गुड्स टैक्स लगता है। 

10:10 AM, 21-Mar-2026

सुक्खू सरकार का चौथा बजट साबित होगा धोखा : बिंदल

 भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, चक्कर शिमला में बैठक हुई। इसमें प्रदेश उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों ने भाग लिया। बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 की समीक्षा की गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से प्रस्तुत किया जाने वाला चौथा बजट भी प्रदेश की जनता के साथ एक और बड़ा धोखा साबित होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस ने झूठी गारंटियों का जाल बिछाकर 65 लाख मतदाताओं के साथ विश्वासघात किया और सत्ता हासिल की। डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने 28 लाख महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने का वादा किया था। इसे पहली कैबिनेट में लागू करने की बात कही गई थी लेकिन प्रदेश की महिलाओं को एक भी रुपया नहीं मिला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब मुख्यमंत्री 1500 की जगह 100 देने की बात कर रहे हैं, जो कांग्रेस की नीयत और नीति दोनों को उजागर करता है। कांग्रेस ने युवाओं को 5 लाख रोजगार और एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा भी किया था लेकिन यह वादा धरातल भी पर पर दिखाई नहीं देता। यह बेरोजगार युवाओं के साथ यह मजाक है और आने वाला बजट भी उनके साथ छलावा ही साबित होगा। डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी, अधिकारी और सेवानिवृत्त वर्ग अपने हकों के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।

10:01 AM, 21-Mar-2026

राज्य पर वर्तमान में एक लाख करोड़ रुपये का कर्ज

मुख्यमंत्री सुक्खू के बजट भाषण पर सरकारी कर्मचारियों, पेंशनरों, किसानों-बागवानों, पर्यटन कारोबारियों, व्यवसायियों, उद्योगपतियाें आदि की खास नजर है। राज्य पर वर्तमान में एक लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। सरकार पर कर्मचारियों-पेंशनरों समेत कई वर्गों की देनदारियां हैं। बतौर वित्त मंत्री मुख्यमंत्री के वित्तीय प्रबंधन पर भी सभी की निगाहें हैं। बजट पर सोमवार से सामान्य चर्चा शुरू होगी। 25 मार्च को सामान्य चर्चा का समापन होगा। 27 मार्च से बजट की मांगों पर चर्चा और मतदान हाेगा। 30 मार्च को बजट पारित कर दिया जाएगा।

09:48 AM, 21-Mar-2026

Himachal Pradesh Budget Live: वित्तीय अनुशासन के लिए बड़ी घोषणा, विधायक क्षेत्र विकास निधि में कटौती

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश करेंगे। राज्य विधानसभा में मुख्यमंत्री का बजट भाषण सुबह 11:00 बजे शुरू होगा। हिमाचल प्रदेश के वित्तीय वर्ष 2026-27 के इस बजट में केंद्र सरकार की ओर से राजस्व घाटा अनुदान बंद करने का असर नजर आएगा, क्योंकि मुख्यमंत्री सुक्खू इस बारे में पहले ही संकेत दे चुके हैं। बजट अनुमानों में चालू वित्त वर्ष की तुलना में संभवतया ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। अपने बजट भाषण के प्रारूप को अंतिम रूप देने के लिए सीएम सुक्खू शुक्रवार दोपहर को ओक ओवर शिमला पहुंचे। उन्होंने मुख्य सचिव संजय गुप्ता, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार समेत तमाम प्रमुख अधिकारियों को बुलाकर बजट भाषण के एक-एक बिंदु पर चर्चा की। इसके बाद करीब साढ़े चार बजे मुख्यमंत्री विधानसभा में वापस लौटे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें