फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi UP Visit Live: पीएम मोदी ने किया सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना का उद्घाटन, कहा-अब गरीब के बच्चे भी बनेंगे डॉक्टर

Mon, 25 Oct 2021 03:08 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, सिद्धार्थनगर/वाराणसी

खास बातें

Narendra Modi in Varanasi Live Updates:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सिद्धार्थनगर और वाराणसी दौरे पर हैं। वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी ने कई योजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने भोजपुरी में अपना भाषण शुरू किया। पीएम मोदी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज से गरीबों का फायदा होगा। देश ने कोरोना महामारी से अपनी लड़ाई में 100 करोड़ वैक्सीन डोज के बड़े पड़ाव को पूरा किया है। इससे पहले पीएम मोदी ने सिद्धार्थनगर में माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज सहित प्रदेश के नौ मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने आर्ट गैलरी का निरीक्षण किया। पीएम मोदी ने संबोधित करते हुए सीएम योगी की तारीफ की। इसके बाद समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। 
विज्ञापन
वाराणसी में पीएम मोदी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:46 PM, 25-Oct-2021

दीपावली पर लोकल की खरीदारी करने की अपील

पीएम मोदी ने कहा कि धनतेरस से लेकर दीपावली तक लोकल की जमकर खरीदारी करेंगे तो सभी की दीपावली खुशियों से भर जाएगी।

02:37 PM, 25-Oct-2021

बीएचयू में अभूतपूर्व सुविधाएं तैयार हो रही हैं: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि बीते सालों की एक और बड़ी उपलब्धि अगर काशी की रही है, तो वो है बीएचयू का फिर से दुनिया में श्रेष्ठता की तरफ अग्रसर होना। आज टेक्नॉलॉजी से लेकर हेल्थ तक, बीएचयू में अभूतपूर्व सुविधाएं तैयार हो रही हैं।
 

02:35 PM, 25-Oct-2021

रिंग रोड बनने से सफर आसान हुआ: मोदी

नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज काशी का हृदय वही है, मन वही है, लेकिन काया को सुधारने का ईमानदारी से प्रयास हो रहा है। जितना काम वाराणसी में पिछले 7 साल में हुआ है, उतना पिछले कई दशकों में नहीं हुआ। रिंग रोड के अभाव में काशी में जाम की क्या स्थिति होती थी, इसे आपने वर्षों तक अनुभव किया है। अब रिंग रोड बनने से प्रयागराज, लखनऊ, सुलतानपुर, गोरखपुर, दिल्ली कहीं भी जाना हो तो उसके लिए शहर में नहीं आना पड़ेगा।

विज्ञापन
02:33 PM, 25-Oct-2021

देश में विकास के लिए दिन-रात काम हो रहा है: मोदी

पीएम ने कहा कि हमसे पहले जो सरकारे में रहे, उनके लिए स्वास्थ्य सेवा पैसा कमाने, घोटालों का जरिया रही है। गरीब की परेशानी देखकर भी, वो उनसे दूर भागते रहे। आज केंद्र और राज्य में वो सरकार है जो गरीब, दलित, शोषित-वंचित, पिछड़े, मध्यम वर्ग, सभी का दर्द समझती है। देश में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने के लिए हम दिन रात एक कर रहे हैं। 
 

02:30 PM, 25-Oct-2021

आयुष्मान भारत योजना ने दो करोड़ से अधिक गरीबों का अस्पताल में मुफ्त इलाज भी करवाया: मोदी

देश में 80 वायरल डायग्नोस्टिक लैब हैं और इनको और सशक्त बनाया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना ने दो करोड़ से अधिक गरीबों का अस्पताल में मुफ्त इलाज भी करवाया है। इलाज से जुड़ी अनेक परेशानियों को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के जरिए हल किया जा रहा है।
 

विज्ञापन
02:28 PM, 25-Oct-2021

24 घंटे चलने वाले इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर तैयार किए जाएंगे: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आनेवाले चार-पांच सालों में गांव तक क्रिटिकल केयर यूनिट को सशक्त किया जाए, जिन राज्यों में स्थितियां खराब हैं वहां पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है। गांव और शहरों में हेल्थ और वेलनेस सेंटर खोले जा रहे हैं। समय से बीमारियों का पता चलेगा तो इलाज में आसानी होगी। राष्ट्रीय स्तर पर 12 केंद्रीय अस्पतालों में योजना तैयार की जा रही है। 24 घंटे चलने वाले इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर तैयार किए जाएंगे।

02:24 PM, 25-Oct-2021

गांवों और शहरों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले जा रहे हैं: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे हेल्थकेयर सिस्टम में जो बड़ी कमी रही, उसने गरीब और मिडिल क्लास में इलाज को लेकर हमेशा बनी रहने वाली चिंता पैदा कर दी। आयुष्मान भारत, स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन, देश के हेल्थकेयर सिस्टम की इसी कमी को दूर करने का एक समाधान है। पीएम मोदी ने कहा कि गांवों और शहरों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले जा रहे हैं, जहां बीमारियों को शुरुआत में ही डिटेक्ट करने की सुविधा होगी। इन सेंटरों में फ्री मेडिकल कंसलटेशन, फ्री टेस्ट, फ्री दवा जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
 

02:17 PM, 25-Oct-2021

स्वास्थ क्षेत्र में में पिछड़ने के लिए पीएम मोदी ने पूर्व की सरकारों को घेरा

स्वास्थ क्षेत्र में में पिछड़ने के लिए पूर्व की सरकारों को घेरा। कहा कि पहले की सरकारों ने हेल्थ केयर सिस्टम के लिए कुछ नहीं किया। गरीब और मध्ययम आय वर्ग के लोगों के लिए अच्छी स्वास्थय व्यवस्था काफी मुशिकल से मिलता है। लझय ये है कि आने वर्षों में गांव से लेकर महानगर तक क्रिटिकल केयर को सुदृढ किया जाए। पहाड़ और पूर्वोत्तर के राज्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

02:14 PM, 25-Oct-2021

देश के हेल्थकेयर सिस्टम के संपूर्ण विकास के बजाय, उसे सुविधाओं से वंचित रखा: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद के लंबे कालखंड में आरोग्य पर, स्वास्थ्य सुविधाओं पर उतना ध्यान नहीं दिया गया, जितनी देश को जरूरत थी। देश में जिनकी लंबे समय तक सरकारें रहीं, उन्होंने देश के हेल्थकेयर सिस्टम के संपूर्ण विकास के बजाय, उसे सुविधाओं से वंचित रखा।

 

02:11 PM, 25-Oct-2021

नए मेडिकल कॉलेजों से सब वर्गों को बहुत फायदा होगा: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज ही कुछ समय पहले एक कार्यक्रम में मुझे उत्तर प्रदेश को 9 नए मेडिकल कॉलेज अर्पण करने का मौका भी मिला है। इससे पूर्वांचल और पूरे UP के करोड़ों गरीबों, दलितों, पिछड़ों शोषितों, वंचितों जैसे समाज के सब वर्गों को बहुत फायदा होगा।

02:09 PM, 25-Oct-2021

100 करोड़ वैक्सीन डोज के बड़े पड़ाव को पूरा किया: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि देश ने कोरोना महामारी से अपनी लड़ाई में 100 करोड़ वैक्सीन डोज के बड़े पड़ाव को पूरा किया है। बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से, मां गंगा के अविरल प्रताप से, काशीवासियों के अखंड विश्वास से, सबको वैक्सीन-मुफ्त वैक्सीन का अभियान सफलता से आगे बढ़ रहा है।

02:05 PM, 25-Oct-2021

भोजपुरी में शुरू किया अपना भाषण

पीएम मोदी  ने वाराणसी के लिए कई योजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने भोजपुरी में अपना भाषण शुरू किया। पीएम मोदी ने दीपावली, छठ समेत आगामी पर्वों की बधाई और शुभकामनाए दीं। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और अधिकारियों का स्वागत करने के बाद 100 करोड़ टीकरण पर हर्ष जताया।

01:52 PM, 25-Oct-2021

सीएम योगी ने किया पीएम मोदी का स्वागत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन सहित काशी की तमाम परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के मौके पर पीएम का उनकी काशी में स्वागत किया।

01:47 PM, 25-Oct-2021

पीएम आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन का शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में पीएम आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन का शुभारंभ किया। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।

01:29 PM, 25-Oct-2021

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी में स्वागत किया। पीएम मोदी यहां प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना का शुभारंभ करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री वाराणसी के लिए 5,200 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।

01:08 PM, 25-Oct-2021

कुछ देर में वाराणसी पहुंचेंगे पीएम मोदी

दीपावली से ठीक पहले बनारस के विकास को गति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी पहुंच गए हैं। करीब डेढ़ घंटे के वाराणसी दौरे में पीएम मोदी वाराणसी की 28 विकास परियोजनाएं जनता को समर्पित करेंगे।

12:32 PM, 25-Oct-2021

मेहंदीगंज में जनसभा होगी

इस दौरान देश की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 65 हजार करोड़ रुपये की प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना का भी शुभारंभ करेंगे। पीएम सिद्धार्थनगर से हेलीकाप्टर से सीधे वाराणसी के मेहंदीगंज स्थित जनसभा स्थल पहुंचे हैं।

12:26 PM, 25-Oct-2021

पीएम मोदी वाराणसी के लिए रवाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी पहुंच गए हैं। करीब डेढ़ घंटे के वाराणसी दौरे में पीएम मोदी वाराणसी को 5,190 करोड़ रुपये की 28 विकास परियोजनाएं जनता को समर्पित करेंगे।

11:56 AM, 25-Oct-2021

योगी के कार्यकाल में 16 मेडिकल कॉलेज शुरू हो चुके हैं: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि योगी जी की सरकार से पहले यहां जो सरकार थी, उसने अपने कार्यकाल में UP में सिर्फ 6 मेडिकल कॉलेज बनवाए थे।
योगी के कार्यकाल में 16 मेडिकल कॉलेज शुरू हो चुके हैं और 30 नए मेडिकल कॉलेजों पर तेजी से काम चल रहा है। 

11:52 AM, 25-Oct-2021

UP में भी 90 लाख मरीजों को आयुष्मान भारत के तहत मुफ्त इलाज मिला है: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि बीते वर्षों में डबल इंजन की सरकार ने हर गरीब तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए बहुत ईमानदारी से प्रयास किया है। हमने देश में नई स्वास्थ्य नीति लागू की, ताकि गरीब को सस्ता इलाज मिलें और उसे बीमारियों से भी बचाया जा सके। यहां UP में भी 90 लाख मरीजों को आयुष्मान भारत के तहत मुफ्त इलाज मिला है। आयुष्मान भारत की वजह से इन गरीबों के करीब एक हजार करोड़ रुपये इलाज में खर्च होने से बचे हैं। 

11:48 AM, 25-Oct-2021

बीते 7 वर्षों में देश में मेडिकल की 60 हज़ार नई सीटें जोड़ी गई: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि सही ही कहा जाता है- 'जाके पाँव न फटी बिवाई, वो क्या जाने पीर पराई'। पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले हमारे देश में मेडिकल की सीटें 90 हज़ार से भी कम थीं। बीते 7 वर्षों में देश में मेडिकल की 60 हज़ार नई सीटें जोड़ी गई हैं। यहां उत्तर प्रदेश में भी 2017 तक सरकारी मेडिकल कॉलेजों में मेडिकल की सिर्फ 1900 सीटें थीं। जबकि डबल इंजन की सरकार में पिछले चार साल में ही 1900 सीटों से ज्यादा मेडिकल सीटों की बढ़ोतरी की गयी है। 
 

11:41 AM, 25-Oct-2021

यूपी में खूब चली 'भ्रष्टाचार की साइकिल'

पीएम मोदी ने कहा कि सात साल पहले जो दिल्ली में सरकार थी और चार साल पहले जो यहां यूपी में सरकार थी, वो पूर्वांचल में क्या करते थे? जो पहले सरकार में थे, वो वोट के लिए कहीं डिस्पेंसरी की, कहीं छोटे-मोटे अस्पताल की घोषणा करके बैठ जाते थे। सालों-साल तक या तो बिल्डिंग ही नहीं बनती थी, बिल्डिंग होती थी तो मशीनें नहीं होती थीं, दोनों हो गईं तो डॉक्टर और दूसरा स्टाफ नहीं होता था। ऊपर से गरीबों के हजारों करोड़ रुपए लूटने वाली भ्रष्टाचार की साइकिल चौबीसों घंटे अलग से चलती रहती थी। 

11:38 AM, 25-Oct-2021

योगी इस क्षेत्र के हजारों बच्चों का जीवन बचा लिया: मोदी

जब योगी को जनता-जनार्दन ने सेवा का मौका दिया तो कैसे उन्होंने दिमागी बुखार को बढ़ने से रोक दिया, इस क्षेत्र के हजारों बच्चों का जीवन बचा लिया।सरकार जब संवेदनशील हो, गरीब का दर्द समझने के लिए मन में करुणा का भाव हो तो इसी तरह काम होता है। पीएम मोदी ने कहा कि क्या कभी किसी को याद पढ़ता है कि यूपी  के इतिहास में कभी एक साथ इतने मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण हुआ हो? पहले ऐसा क्यों नहीं होता था और अब ऐसा क्यों हो रहा है, इसका एक ही कारण है, राजनीतिक इच्छाशक्ति और राजनीतिक प्राथमिकता

11:35 AM, 25-Oct-2021

पूर्वांचल की छवि पिछली सरकारों ने खराब कर दी थी: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जिस पूर्वांचल की छवि पिछली सरकारों ने खराब कर दी थी, जिस पूर्वांचल को दिमागी बुखार से हुई दुखद मौतों की वजह से बदनाम कर दिया गया था, वही पूर्वांचल, वही उत्तर प्रदेश, पूर्वी भारत को सेहत का नया उजाला देने वाला है। यूपी के भाई-बहन भूल नहीं सकते कि कैसे योगी जी ने संसद में यूपी की बदहाल मेडिकल व्यवस्था की व्यथा सुनाई थी। योगी जी तब मुख्यमंत्री नहीं थे, सांसद थे।
 

11:32 AM, 25-Oct-2021

पांच हज़ार से ज्यादा डॉक्टर और पैरामेडिक्स के लिए रोज़गार के नए अवसर बने हैं: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि नौ नए मेडिकल कॉलेजों के निर्माण से, करीब ढाई हज़ार नए बेड्स तैयार हुए हैं, 5 हज़ार से अधिक डॉक्टर और पैरामेडिक्स के लिए रोज़गार के नए अवसर बने हैं। इसके साथ ही हर वर्ष सैकड़ों युवाओं के लिए मेडिकल की पढ़ाई का नया रास्ता खुला है। यूपी और पूर्वांचल में आस्था, अध्यात्म और सामाजिक जीवन से जुड़ी बहुत विस्तृत विरासत है। इस विरासत को स्वस्थ, सक्षम और समृद्ध उत्तर प्रदेश के भविष्य के साथ भी जोड़ा जा रहा है। 
 

11:30 AM, 25-Oct-2021

9 मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण हुआ

पीएम मोदी ने कहा कि यहां सिद्धार्थनगर में यूपी के 9 मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण हो रहा है, इसके बाद पूर्वांचल से ही पूरे देश के लिए बहुत जरूरी मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर की बड़ी योजना शुरू होने जा रही है। आज केंद्र में जो सरकार है, यहां यूपी में जो सरकार है, वो अनेकों कर्मयोगियों की दशकों की तपस्या का फल है। सिद्धार्थनगर ने भी स्वर्गीय माधव प्रसाद त्रिपाठी जी के रूप में एक ऐसा समर्पित जनप्रतिनिधि देश को दिया, जिनका अथाह परिश्रम आज राष्ट्र के काम आ रहा है। सिद्धार्थनगर के नए मेडिकल कॉलेज का नाम माधव बाबू के नाम पर रखना उनके सेवाभाव के प्रति सच्ची कार्यांजलि है। माधव बाबू का नाम यहां से पढ़कर निकलने वाले युवा डॉक्टरों को जनसेवा की निरंतर प्रेरणा भी देगा। 

11:25 AM, 25-Oct-2021

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूर्वांचल के लिए नया उपहार दिया गया है। स्वास्थ्य भारत मिशन आगे बढ़ रहा है। पूर्वांचल के लिए ये आरोग्य का डबल डोज है। आज का दिन पूर्वांचल के लिए, पूरे उत्तर प्रदेश के लिए आरोग्य की डबल डोज लेकर आया है, आपके लिए एक उपहार लेकर आया है। 

11:23 AM, 25-Oct-2021

1947 के पहले उत्तर प्रदेश में 3-4 मेडिकल कॉलेज थे: योगी

इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1947 के पहले उत्तर प्रदेश में 3-4 मेडिकल कॉलेज थे, 1947 से 2016 तक उत्तर प्रदेश में सरकारी क्षेत्र में केवल 12 मेडिकल कॉलेज बन पाए थे। 

सिद्धार्थनगर में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि जब आप प्रधानमंत्री बने उस समय देश का स्वास्थ्य बजट लगभग 33,000 करोड़ था, आपके 7 साल के कार्यकाल में स्वास्थ्य पर होने वाला खर्च क़रीब 8 गुना बढ़ गया है। इस साल सरकार स्वास्थ्य पर लगभग सवा दो लाख करोड़ खर्च करने जा रही है:

11:20 AM, 25-Oct-2021

भोजपुरी में जनता को पीएम मोदी ने प्रणाम किया

जनता को लघु फिल्म दिखाई गई। इसके बाद पीएम मोदी का संबोधन शुरू हुआ। पीएम मोदी ने भोजपुरी में जनता को प्रणाम किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा है कि जनता का जो यह उत्साह आज दिखा रही है इसे अभी तीन-चार 5 महीने और दिखाएं। 
 

11:10 AM, 25-Oct-2021

कोई भी किसी भी गंभीर बीमारी से दम नहीं तोड़ेगा: योगी

सीएम योगी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री सिद्धार्थनगर में उपस्थित हुए हैं इसी प्रकार हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की कवायद चल रही है। आने वाली पीढ़ियां याद करेंगी कि अब इन सब जिलों में कोई भी किसी भी गंभीर बीमारी से दम नहीं तोड़ेगा। पीएम मोदी ने देश को स्वस्थ भारत समृद्ध भारत बनाकर दुनिया के सामने पेश किया है। 

11:05 AM, 25-Oct-2021

पहली बार लोगों की पीड़ा समझी गई: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनपद सिद्धार्थनगर, एटा, हरदोई, प्रतापगढ़, देवरिया, गाजीपुर, मिर्जापुर, फतेहपुर और जौनपुर में 2329 करोड़ की लागत से 9 मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण हुआ है। उन्होंने कहा कि पहली बार लोगों की पीड़ा समझी गई। अब कोई स्वास्थ्य सुविधा के अभाव में दम नहीं तोड़ेगा। 

 

11:00 AM, 25-Oct-2021

सीएम योगी ने पीएम मोदी को बुद्ध की प्रतिमा की भेंट

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुद्ध की प्रतिमा भेंट की है। इसके बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी का आभार जताया। 

10:53 AM, 25-Oct-2021

पांच हजार 190 करोड़ रुपये की 28 विकास परियोजनाएं जनता को समर्पित करेंगे पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब डेढ़ घंटे के वाराणसी दौरे में पांच हजार 190 करोड़ रुपये की 28 विकास परियोजनाएं जनता को समर्पित करेंगे। इस दौरान देश की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 65 हजार करोड़ रुपये की प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना का भी शुभारंभ करेंगे। पीएम सिद्धार्थनगर से हेलीकाप्टर से सीधे वाराणसी के मेहंदीगंज स्थित जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे।

10:48 AM, 25-Oct-2021

प्रदेश के नौ मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज समेत प्रदेश के नौ मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन कर दिया है। पीएम मोदी ने आर्ट गैलरी का निरीक्षण किया है। 

10:48 AM, 25-Oct-2021

पीएम मोदी सिद्धार्थनगर पहुंचे

पीएम मोदी सिद्धार्थनगर पहुंच गए हैं। साथ में सीएम योगी आदित्यनाथ भी हैं। थोड़ी ही देर में पीएम मंच पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह नौ मेडिकल कालेजों का लोकार्पण करेंगे

10:41 AM, 25-Oct-2021

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में उमड़े लोग

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडविया, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री डॉ सतीश चंद्र द्विवेदी, सासंद जगदम्बिका पाल, विधायक राधवेंद्र प्रताप सिंह पहुंचे।
 

10:40 AM, 25-Oct-2021

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए उमड़ा जनसैलाब

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को सुनने के लिए भारी संख्या में लोग सभा की ओर निकल पड़े ।हाइडिल तिराहा से पैदल चलकर के हजारों की भीड़ सभा की निकल पड़ी है ।प्रधानमंत्री को सुनने के लिए इटवा डुमरियागंज बासी और शोहरतगढ़ क्षेत्र से हजारों की संख्या में लोग अशोक मार्ग होते हुए सभा की ओर पहुंच रहे हैं।

10:32 AM, 25-Oct-2021

एसपी ने संभाली सुरक्षा की कमान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसपी डॉक्टर यशवीर सिंह खुद मोर्चा संभाला हर बैरिकेडिंग पर जाकर सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे हैं
 

10:27 AM, 25-Oct-2021

आरएफ के जवानों ने संभाली बाहरी सुरक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से पहले ही पुलिस और आरएफ के जवान अलर्ट दिखे। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सख्त दिखी, जिसका सीएम ने जायजा लिया। आरएफ के जवान साड़ी तिराहा से अशोक मार्ग तक तैनात रहे। वे इर्द-गिर्द देखकर सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल करते रहे। 
 

10:22 AM, 25-Oct-2021

पीएम की सुरक्षा में चार स्तरीय घेरा

पुलिस विभाग के अनुसार, पीएम की सुरक्षा में चार स्तरीय घेरा रहेगा। एनएसजी, एसपीजी, अर्धसैनिक बल और फिर पुलिस फोर्स सुरक्षा व्यवस्था में रहेगी। एसपीजी कई दिनों से सुरक्षा की मॉनिटरिंग कर रही है। रविवार को भी टीम पूरे दिन मंच और कार्यक्रम स्थल का भ्रमण करके सुरक्षा का जायजा लेती रही। कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड को अपने अंडर में ले लिया है। कार्यक्रम के दौरान बिना सघन चेकिंग के कोई प्रवेश नहीं कर पाएगा।

10:11 AM, 25-Oct-2021

सिद्धार्थनगर में सुबह 10.30 बजे उतरेगा पीएम का हेलीकाप्टर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकाप्टर सिद्धार्थनगर में सुबह 10.30 बजे उतरेगा। वे माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल मेडिकल कॉलेज सहित प्रदेश के नौ मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे। पीएम सुबह 10.37 बजे तक चित्र प्रर्दशनी देखेंगे, उसके बाद जनसभा के मंच पर पहुंचेंगे। जनसभा को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी सुबह 11.30 बजे रवाना होंगे।

09:54 AM, 25-Oct-2021

काशी से पीएम Live: पीएम मोदी ने किया सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना का उद्घाटन, कहा-अब गरीब के बच्चे भी बनेंगे डॉक्टर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सिद्धार्थनगर और अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी दौरे पर रहेंगे। एक सप्ताह में पीएम मोदी का पूर्वांचल का यह दूसरा दौरा होगा। चार महीने के भीतर पीएम तीसरी बार पूर्वांचल में होंगे। अगर उनके संसदीय क्षेत्र की बात करें तो यह दूसरी बार है। प्रधानमंत्री के पूर्वांचल के दौरे न सिर्फ महत्वपूर्ण हैं, बल्कि सत्तारूढ़ दल की राजनीतिक जरूरतों की भी कहानी कह रहे हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें