फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand Bus Accident: तीर्थयात्रियों के शवों को लेकर वायुसेना का विमान मध्य प्रदेश रवाना

Mon, 06 Jun 2022 06:42 PM IST
Amit Mandal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

खास बातें

हरिद्वार से यमुनोत्री जा रही चारधाम यात्रियों से भरी बस रविवार शाम 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने उत्तराखंड पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
 
विज्ञापन
शवों को ले जाती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:15 PM, 06-Jun-2022

शवों को लेकर विमान रवाना

उत्तरकाशी हादसे में मारे गए तीर्थयात्रियों के शव लेकर वायु सेना का विशेष विमान खजुराहो के लिए रवाना हो गया है। सुबह मृतकों के शव जौलीग्रांट अस्पताल लाए गए थे। यहां मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सांसद बीडी शर्मा आदि मौजूद थे। शाम 5:00 बजे वायुसेना के विमान से शवों को खजुराहो मध्य प्रदेश भेजा गया।

05:44 PM, 06-Jun-2022

विधायक ने की सड़क चौड़ीकरण की मांग

पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कैबिनेट मंत्री से यमुनोत्री सड़क मार्ग विकासनगर-बड़कोट- पुरोला के चौड़ीकरण की कार्रवाई में तेजी लाने का अनुरोध किया। साथ ही पूर्व में बनाई गई सड़क मार्ग की डीपीआर शीघ्र केंद्र सरकार को भेजने का आग्रह किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सड़क मार्ग के चौड़ीकरण की डीपीआर एक माह के भीतर शासन से केंद्र सरकार को भेजने एवं केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री से वार्ता कर सड़क मार्ग की स्वीकृति दिलाने का भरसक प्रयास किया जाएगा। ताकि सड़क मार्ग का चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र प्रारम्भ किया जा सकें। तथा इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति ना होने पाए।

05:21 PM, 06-Jun-2022

पिछले महीने की 20 तारीख को निकले थे यात्री घर से

बस हादसे में मध्य प्रदेश के जिन 26 यात्रियों की मौत हुई है, वह पिछले महीने की 20 तारीख को घर से निकले थे और 17 दिनों का यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ। बीस मई को घर से निकलने के बाद सभी लोग महिघर, चित्रकूट, इलाहाबाद, बनारस, मिर्जापुर, बिहार के सीता मढ़ी और नेपाल की जनकपुरी तथा काठमांडू आदि तीर्थ स्थानों की सकुशल यात्रा कर चुके थे। सभी यात्री दो जून को हरिद्वार पहुंचे और चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण करवाया। जिसमें दो दिन का समय लग गया। पांच जून को सभी यात्री बस में सवार हो कर खुशी-खुशी यमुनोत्री के लिए रवाना हुए, लेकिन उन्हें क्या मालूम था कि यमुनोत्री पहुंचने से पहले ही उनकी जीवन यात्रा समाप्त हो जाएगी। टूर मैनेजर बेद विहारी अवस्थी ने बताया कि 69 लोगों का दल एक साथ चल रहा था। हरिद्वार से दो बसें हायर की गई थी, जिसमें हादसे वाली बस में 28 और दूसरी बस में 41 लोग सवार थे। 

विज्ञापन
04:52 PM, 06-Jun-2022

प्रशासन को सीख लेने की जरूरत

यमुनोत्री हाइवे पर डामटा के समीप हुए बस हादसे से प्रशासन और राजमार्ग निर्माण खंड को सीख लेने की जरूरत है, जिस जगह हादसा हुआ वह स्थान प्रशासन की डायरी में डेंजर जोन में शामिल होने के बावजूद वहां पर पैरापिट नहीं लगाया गया है। इसलिए सवाल उठता है कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले घटनास्थल पर सुरक्षात्मक उपाय क्यों नही किए गए। 

03:37 PM, 06-Jun-2022

केवल सर्वे तक सीमित है डेंजर जोन

हर साल डेंजर जोन, ब्लैक स्पॉट आदि की संज्ञा देकर स्थानों को चिह्नित किया जाता है। पुलिस, परिवहन और पीडब्ल्यूडी आदि विभागों द्वारा सिर्फ डेंजर जोन के संकेतक लगाकर इतिश्री कर दी जाती है। समय-समय पर इन स्थानों को दुरुस्त करने को कागजी कार्रवाई भी होती है। विभागों में समन्वय की कमी से यह धरातल पर नहीं उतर पाता है। जहां डेंजर जोन की बात है, तो उत्तरकाशी जिले में 25 से अधिक डेंजर जोन हैं। वहीं, पिथौरागढ़ जिले में 59 डेंजर जोन हैं।

विज्ञापन
03:04 PM, 06-Jun-2022

मध्य प्रदेश के लिए रवाना हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद बीडी शर्मा हिमालयन अस्पताल में कुछ देर रुकने के बाद मध्य प्रदेश के लिए रवाना हो गए। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने घटना के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री और स्थानीय प्रशासन ने अत्यंत संवेदनशीलता के साथ कार्य किया है। मैं उनके प्रति हृदय से आभार प्रकट करता हूं।

02:28 PM, 06-Jun-2022

एयर फोर्स के विमान से पहुंचाए जाएंगे सभी शव

एयरफोर्स का विमान जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंच गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दुर्घटना में जो तीर्थयात्री हमारे बीच नहीं रहे उनके पार्थिव देह को अस्पताल को सौंपा है। सभी प्रक्रियाएं दो घंटे में पूरी कर ली जाएंगी। उसके पश्चात एयर फोर्स के विमान सभी शवों को लेकर खजुराहो जाएंगे। 


 

02:15 PM, 06-Jun-2022

चंपावत में हुए हादसे में 14 लोगों की हुई थी मौत

21 फरवरी को चंपावत जिले के डांडा क्षेत्र में वाहन खाई में गिरने से 14 लोगों की मौत हुई और एक व्यक्ति घायल हुआ। तोताघाटी के पास कार दुर्घटनाग्रस्त होने से युवती समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। युवती की कुछ दिन बाद शादी होनी थी। उत्तराखंड खासकर पहाड़ी मार्गों में अब तक हुए सड़क हादसों में देखने में आया कि ज्यादा दुर्घटनाएं वाहनों के लिए प्रतिबंधित मार्गों पर या फिर डेंजर जोन में हुई। वाहनों में ओवरलोडिंग और अनफिट होना भी वजह है। 

01:52 PM, 06-Jun-2022

2016 में 1,603 हादसों में 942 की हुई मौत

2016 में 1,603 हादसों में 942 की मौत, 2019 में 1,352 हादसों में 867 की मौत और 2021 में 1,405 हादसों में 820 लोगों की जान जा चुकी है। इस साल 18 मार्च को पौड़ी के पैठाणी थाना क्षेत्र के चुठानी बैंड पर मैक्स वाहन खाई में गिरने चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 10 घायल हुए।

01:32 PM, 06-Jun-2022

सड़क हादसों में होने वाली मौतों का आंकड़ा भी बढ़ा

पिछले पांच साल में सड़क हादसों में होने वाली मौतों का आंकड़ा भी बढ़ा है। जनवरी 2017 से जून 2022 तक उत्तराखंड में सड़क हादसों में 4,600 से अधिक लोगों की मौत हो गई। पिछले 10 साल में वर्ष 2018 में सर्वाधिक 1,464 सड़क हादसे हुए। इनमें 1047 लोगों की मौत हुई।

01:14 PM, 06-Jun-2022

सड़क हादसों में बड़ी संख्या में लोग असमय जान गंवा रहे

पर्यटन और तीर्थाटन के लिए प्रसिद्ध उत्तराखंड में समय-समय पर होने वाली प्राकृतिक आपदा के साथ ही सड़क हादसों में भी बड़ी संख्या में लोग असमय जान गंवा रहे हैं। लगातार कई घंटे तक वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, बेतरतीब व शराब पीकर वाहन चलाने और सड़कों की बदतर स्थिति कारण बन रहे हैं।

12:53 PM, 06-Jun-2022

यात्री ने फोन कर दी थी हादसे की सूचना

रिखांऊ खड्ड में होटल चलाने वाले वीरेंद्र पंवार ने बताया कि मध्य प्रदेश के यात्रियों की दो बसें यमुनोत्री की ओर निकलीं थी। पहली बस 15 किलोमीटर आगे पहुंच गई थी। हादसे की सूचना पर बस लौटी। उसमें मौजूद यात्रियों में से एक ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार यात्री ने फोन कर हादसे की सूचना दी थी। साथ ही झाड़ियों में फंसने की बात कही थी। इस पर झाड़ियों में घायलों की तलाश की गई। उन यात्रियों ने ही बस में सवार लोगों के गांव के बारे में बताया था।

12:37 PM, 06-Jun-2022

विभाग पर सरकारी धन को ठिकाने लगाने का आरोप

पूर्व जिला पंचायत सदस्य और स्थानीय निवासी कुशला नन्द नौटियाल का कहना है कि विभाग सड़क पर लीपापोती कर सरकारी धन को ठिकाने लगा रहा है। जिस जगह सुरक्षा दीवारें और पैरापिट लगाने थे वहां लगाए नहीं और जहां नहीं लगने थे वहां लगा दिए। यदि दुर्घटना वाली जगह पर पैरापिट होते तो सम्भवतः घटना नहीं होती।

12:18 PM, 06-Jun-2022

पहले से ही डेंजर घोषित

डामटा से लेकर रिखाऊं खड्ड तक पांच किमी एरिया को पहले से ही डेंजर घोषित कर रखा है। अंधा मोड़ होने की वजह से सामने से आ रहा वाहन जल्दी से दिखाई नहीं देता है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य और स्थानीय निवासी कुशला नन्द नौटियाल, जबर सिंह पंवार ने एनएच के अधिकारीयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। 

 

12:02 PM, 06-Jun-2022

मदद से पहले ही थम चुकी थी बस में सवार घायलों की चीख-पुकार

यमुनोत्री हाईवे पर डामटा से करीब 5 किमी दूर रिखाऊं खड्ड क्षेत्र में जब तीर्थयात्रियों से भरी कार खाई में गिरी तो उसे सबसे पहले नदी पार जौनसार के कोटा गाँव के लोगों की छानी में रहने वाले श्यामू ने देखा। उसने फोन पर रिखांऊ खड्ड में होटल चला रहे वीरेंद्र पंवार को बताया तो आसपास मौजूद सभी लोग डेढ़ किलोमीटर दूर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। उनके पहुंचने से पहले बस में सवार घायलों की चीख-पुकार थम चुकी थी।

11:45 AM, 06-Jun-2022

कंडक्टर का शव बरामद

यमुनोत्री हाईवे पर हुए हादसे में कंडक्टर का शव मिल गया है। कंडक्टर पिथौरागढ़ का रहना वाला था। दुर्घटना में 26 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल है। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डामटा में भर्ती कराया गया था।

11:14 AM, 06-Jun-2022

परिवहन मंत्री ने दिए 15 दिनों में डीपीआर तैयार करने के निर्देश

परिवहन मंत्री चन्दन राम दास ने स्वीकारा कि घटना स्थल पर सड़क सुरक्षित नहीं है। यदि सड़क पर पैरापिट बने होते तो घटना को रोका जा सकता था। उन्होंने मुख्य अभियन्ता प्रमोद को 15 दिनों में डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। परिवहन मंत्री ने कहा कि वह स्वयं नितिन गडकरी से मिलेंगे ताकि हरबर्टपुर से बड़कोट तक यमुनोत्री हाइवे को ऑल वेदर में शामिल करवाया जा सके और सड़क पर सुरक्षात्मक कार्य जल्दा हो पाए।

10:59 AM, 06-Jun-2022

सीेएम धामी और शिवराज सिंह चौहान ने किया जौलीग्रांट के लिए प्रस्थान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटनास्थल का दौरा करने के उपरांत जौलीग्रांट के लिए प्रस्थान किया। थोड़ी ही देर में दोनों हिमालय अस्पताल पहुंचेंगे। वहीं परिवहन मंत्री चन्दन राम दास घटना स्थल पर पहुंचे हैं।

10:37 AM, 06-Jun-2022

सीएम शिवराज सिंह ने उत्तराखंड सरकार का जताया आभार

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से घटना के तुरन्त बाद बात हुई थी और उन्होंने तत्काल सुरक्षा और बचाव का कार्य शुरू कर दिए थे। मैं भी रात को बारह बजे देहरादून पहुंच गया था।

10:21 AM, 06-Jun-2022

सीएम धामी के सामने लोगों ने जताई नाराजगी

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने घटनास्थल पर पहुंच कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष नारजगी व्यक्त की और कहा कि जहां घटना हुई वहां सड़क बहुत संकरी है। इसका चौड़ीकरण किया जाए।

09:40 AM, 06-Jun-2022

दो बजे तक जौलीग्रांट पहुंचेगा हवाई जहाज

सीएम धामी और शिवराज सिंह चौहान ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान उन यात्रियों से भी मिले जो दूसरी बस में सवार थे। मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि रक्षा मंत्री से हवाई जहाज मांगा गया है जो दो बजे तक जौलीग्रांट पहुंच जाएगा। उसके बाद सभी शवों को खजुराहो एयरपोर्ट पर उतारा जाएगा। वहां गाड़ियों की व्यवस्था की गई ताकि शवों को उनके घर तक पहुंचाया जा सके।

09:18 AM, 06-Jun-2022

घटनास्थल पर पहुंचे सीएम धामी और शिवराज सिंह चौहान

सीएम पुष्कर सिंह धामी और शिवराज सिंह चौहान घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। दोनों यहां अधिकारियों से बातचीत कर हालात का जायजा ले रहे हैं। सीएम शिवराज देर रात देहरादून पहुंचे थे। देहरादून पुलिस कंट्रोल रूम में उत्तराखंड के अधिकारियों के साथ उन्होंने  बैठक की थी। उत्तरकाशी में चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की उन्होंने जानकारी ली। इसके बाद रात में ही सीएम शिवराज हॉस्पिटल पहुंचे। यहां घायलों से मुलाकात की। अब वह सीएम धामी के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए है। 

07:47 AM, 06-Jun-2022

सीएम शिवराज और धामी 8 बजे पहुंचेंगे घटनास्थल

सीएम शिवराज और उत्तराखंड सीएम पुष्कर धामी सुबह 8 बजे घटनास्थल पहुंचेंगे। सीएम शिवराज देर रात देहरादून पहुंचे थे। देहरादून पुलिस कंट्रोल रूम में उत्तराखंड के अधिकारियों के साथ बैठक की। उत्तरकाशी में चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की उन्होंने जानकारी ली। इसके बाद रात में ही सीएम शिवराज हॉस्पिटल पहुंचे। यहां घायलों से मुलाकात की।

06:33 AM, 06-Jun-2022

धामी और शिवराज आज जाएंगे उत्तरकाशी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज देहरादून से घटनास्थल के लिए रवाना होंगे। शिवराज सिंह चौहान कल देर रात ही देहरादून पहुंच चुके हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। 

04:39 AM, 06-Jun-2022

घायलों से मिलने पहुंचे शिवराज
देहरादून में आपदा नियंत्रण कक्ष में जानकारी लेने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बस दुर्घटना में घायल हुए लोगों से मिलने अस्पताल पहुंचे।

04:38 AM, 06-Jun-2022

सीएम शिवराज ने आपदा नियंत्रण कक्ष से साझा की जानकारी
मैं यहां देहरादून के आपदा नियंत्रण कक्ष में हूं। मैंने मौके से पूरी जानकारी ली है। घटना स्थल पर डीएम, एसपी, डीआईजी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौजूद हैं। 2 लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। 3 घायल मैक्स अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। 

03:20 AM, 06-Jun-2022

Uttarakhand Bus Accident: तीर्थयात्रियों के शवों को लेकर वायुसेना का विमान मध्य प्रदेश रवाना

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर डामटा रिखाऊं खड्ड के पास रविवार को हुए दर्दनाक हादसे में 26 यात्रियों की जान चली गई। 30 यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर एक खाई में जा गिरी। 26 शव बरामद कर लिए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। बचाव कार्य जारी है। घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे हैं। 

वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान भी देहरादून पहुंच गए। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। सीएम शिवराज ने कहा, मैं यहां देहरादून के आपदा नियंत्रण कक्ष में हूं। मैंने मौके से पूरी जानकारी ली है। घटनास्थल पर डीएम, एसपी, डीआईजी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौजूद हैं। दो लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। तीन घायल मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं। 





 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें