महिला वनडे विश्व कप के आठवें मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 62 रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम ने 50 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 260 रन बनाए। टीम की ओर से एमी सैटर्थवेट ने सबसे ज्यादा 75 रन बनाए। 261 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 46.4 ओवर में 198 रन पर सिमट गई। उपकप्तान हरमनप्रीत कौर का अर्धशतक बेकार गया। वे 63 गेंदों पर 71 रन बनाकर आउट हुईं।
44वें ओवर में 178 रन के कुल स्कोर पर टीम इंडिया को आठवां झटका लगा। अमेलिया केर ने हरमनप्रीत कौर को सोफी डिवाइन के हाथों कैच कराया। वे 63 गेंदों पर 71 रन बना सकीं। अपनी पारी में उन्होंने छह चौके और दो छक्के लगाए। 44वें ओवर के बाद भारत का स्कोर आठ विकेट पर 178 रन है। फिलहाल मेघना सिंह और झूलन गोस्वामी क्रीज पर हैं।
भारत ने 43 ओवर में सात विकेट गंवाकर 171 रन बना लिए हैं। फिलहाल हरमनप्रीत कौर 60 गेंदों पर 70 रन और झूलन गोस्वामी एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। हरमनप्रीत ने वनडे करियर का 14वां अर्धशतक लगाया। उन पर अब टीम इंडिया को जीत दिलाने का पूरा दारोमदार है। टीम इंडिया को अब 42 गेंदों पर 90 रन की जरूरत है। 43वें ओवर में हरमनप्रीत ने 20 रन बटोरे।
41 ओवर के बाद भारत ने सात विकेट गंवाकर 147 रन बना लिए हैं। पिछले मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रहीं पूजा वस्त्राकर इस मैच में कुछ खास नहीं कर सकीं और 16 गेंदों पर छह रन ही बना सकीं। उन्हें हाना रोव ने सोफी डिवाइन के हाथों कैच कराया। फिलहाल उपकप्तान हरमनप्रीत कौर 47 रन और झूलन गोस्वामी क्रीज पर हैं।
40 ओवर के बाद भारत ने छह विकेट गंवाकर 140 रन बना लिए हैं। फिलहाल उपकप्तान हरमनप्रीत कौर 48 गेंदों पर 41 रन और पूजा वस्त्राकर पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए अब भी 60 गेंदों पर 121 रन की जरूरत है।
37 ओवर के बाद भारत ने छह विकेट गंवाकर 127 रन बना लिए हैं। स्नेह राणा को ली ताहूहू ने केटी मार्टिन के हाथों कैच कराया। वह 28 गेंदों पर 18 रन बना सकीं। फिलहाल पूजा वस्त्राकर शून्य और हरमनप्रीत कौर 42 गेंदों पर 33 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए अब भी 78 गेंदों पर 134 रन की जरूरत है। न्यूजीलैंड की ओर से ली ताहूहू तीन विकेट ले चुकी हैं। वहीं, अमेिया केर को दो और जेस केर को एक विकेट मिला।
35 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 122 रन बना लिए हैं। फिलहाल उपकप्तान हरमनप्रीत कौर 38 गेंदों पर 31 रन और स्नेह राणा 22 गेंदों पर 15 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। भारत को अब 90 गेंदों (15 ओवर) में 139 रन की जरूरत है।
30वें ओवर में 97 के स्कोर पर भारतीय टीम को लगातार दो झटके लगे। इस ओवर की चौथी गेंद पर अमेलिया केर ने कप्तान मिताली राज को विकेटकीपर केटी मार्टिन के हाथों स्टंप आउट कराया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर अमेलिया ने ऋचा घोष को क्लीन बोल्ड किया। ऋचा खाता खोले बिना पवेलियन लौटीं। हालांकि, अमेलिया हैट्रिक से चूक गईं। ओवर की आखिरी गेंद पर स्नेह राणा ने चौका लगाया। 31 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 103 रन बना लिए हैं। फिलहाल स्नेह राणा पांच रन और उपकप्तान हरमनप्रीत कौर 23 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

29 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 95 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान मिताली राज 53 गेंदों पर 31 रन और उपकप्तान हरमनप्रीत कौर 28 गेंदों पर 21 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। भारतीय टीम को जीत के लिए 21 ओवर में 166 रन की जरूरत है।
26 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 79 रन बना लिए हैं। फिलहाल उपकप्तान हरमनप्रीत कौर 20 गेंदों पर 11 रन और कप्तान मिताली राज 43 गेंदों पर 25 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 29 रन की साझेदारी हो चुकी है। 24 ओवर में भारत को अब भी जीत के लिए 182 रन की जरूरत है।
20वें ओवर में 50 रन के कुल स्कोर पर भारतीय टीम को तीसरा झटका लगा। ली ताहूहू ने ओपनर यास्तिका भाटिया को मैके के हाथों कैच कराया। वे 59 गेंदों पर 28 रन बना सकीं। 20 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 50 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान मिताली राज सात रन और उपकप्तान हरमनप्रीत कौर शून्य बनाकर क्रीज पर हैं। इन दोनों को बड़ी पारी खेलनी होगी।

भारतीय टीम दो विकेट गंवा चुकी है। कप्तान मिताली राज के साथ यास्तिका भाटिया क्रीज पर है। दोनों खिलाड़ियों पर टीम की पारी को संभालने की बड़ी जिम्मेदारी है। यास्तिका 20 और मिताली तीन रन बनाकर नाबाद हैं। न्यूजीलैंड के गेंदबाज कसी गेंदबाजी कर रहे हैं। उन्होंने भारतीय टीम पर दबाव बनाकर रखा है।
भारत को 10वें ओवर में 26 रन के कुल स्कोर पर दूसरा झटका लगा। दीप्ति शर्मा 13 गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें ली ताहूहू ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। मैदानी अंपायर ने पहले अपील को ठुकरा दिया था। इसके बाद न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन ने डीआरएस (डिसीजन रिव्यू सिस्टम) का इस्तेमाल किया। इसके बाद फील्ड अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा और दीप्ति को आउट करार दिया गया। 10 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 26 रन बना लिए हैं।
छठे ओवर में 10 रन के कुल स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। स्मृति मंधाना 21 गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें जेस केर ने सूजी बेट्स के बाथों कैच कराया। फिलहाल दीप्ति शर्मा एक रन और यास्तिका भाटिया चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 11 रन बना लिए हैं।
भारतीय ओपनर्स स्मृति मंधाना और यास्तिका भाटिया मैदान पर आ चुकी हैं। न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 261 रनों का लक्ष्य रखा है और इन दोनों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। यास्तिका को शेफाली वर्मा की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। एक ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए दो रन बना लिए हैं।
न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 261 रनों का लक्ष्य रखा है। कीवी टीम ने 50 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 260 रन बनाए। टीम की ओर से एमी सैटर्थवेट ने सबसे ज्यादा 75 रन बनाए। वहीं, अमेलिया केर ने 50 रनों की पारी खेली। इसके अलावा केटी मार्टिन ने 41 रन बनाए। भारत की ओर से पिछले मैच नायिका रहीं पूजा वस्त्राकर ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके। वह हैट्रिक से भी चूक गईं। वहीं, राजेश्वरी गायकवाड़ ने दो विकेट झटके।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सूजी बेट्स रन आउट हुईं। वहीं, कप्तान सोफी डिवाइन 35 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद अमेलिया केर और सैटर्थवेट ने तीसरे विकेट के लिए 67 गेंदों पर 67 रन की साझेदारी निभाई। अमेलिया केर 50 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद मैडी ग्रीन कुछ खास नहीं कर सकीं और 27 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।
केटी मार्टिन और सैटर्थवेट ने पांचवें विकेट के लिए 55 गेंदों पर 49 रन की साझेदारी की। सैटर्थवेट 75 रन बनाकर आउट हुईं। उनके आउट होते ही न्यूजीलैंड का पारी लुढ़क गई। पूजा वस्त्राकर ने 47वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर ली ताहूहू और जेस केर को पवेलियन भेजा। हालांकि, वो हैट्रिक से चूक गईं। आखिर में फ्रांसि मैके (13) और हाना रोव (2) नाबाद रहीं। पूजा और राजेश्वरी के अलावा झूलन गोस्वामी और दीप्ति शर्मा को एक-एक विकेट मिला।
केटी मार्टिन के रूप में न्यूजीलैंड को नौवां झटका लगा। उन्हें झूलन गोस्वामी ने क्लीन बोल्ड किया। मार्टिन 51 गेंदों पर 41 रन बना सकीं। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके लगाए।
47वें ओवर में न्यूजीलैंड को लगातार दो झटके लगे। पूजा वस्त्राकर ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए इस ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर ली ताहूहू और जेस केर को पवेलिन भेजा। ताहूहू एक रन और जेस केर शून्य पर आउट हुईं। फिलहाल केटी मार्टिन 38 रन और फ्रांसिस मैके एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। 47 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने आठ विकेट गंवाकर 241 रन बना लिए हैं। पूजा अब तक चार विकेट और राजेश्वरी गायकवाड़ दो विकेट ले चुकी हैं।
46वें ओवर में 233 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को छठा झटका लगा। राजेश्वरी गायकवाड़ ने हेली जेन्सेन को क्लीन बोल्ड किया। वे एक रन बना सकीं। 46 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने छह विकेट गंवाकर 239 रन बना लिए हैं। फिलहाल ली ताहूहू एक रन और केटी मार्टिन 37 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
न्यूजीलैंड को पांचवां झटका 43वें ओवर में पूजा वस्त्राकर ने दिया। उन्होंने एमी सैटर्थवेट को कप्तान मिताली राज के हाथों कैच कराया। एमी सैटर्थवेट ने 84 गेंद पर 75 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके लगाए। 43 ओवर में न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 226 रन है।
40 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने चार विकेट गंवाकर 211 रन बना लिए हैं। फिलहाल एमी सैटर्थवेट 78 गेंदों पर 70 रन और केटी मार्टिन 23 गेंदों पर 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक पांचवें विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी हो चुकी है।
34वें ओवर में 175 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को चौथा झटका लगा। दीप्ति शर्मा ने मैडी ग्रीन को स्मृति मंधाना के हाथों कैच कराया। वे 36 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, एमी सैटर्थवेट ने वनडे करियर की 26वीं फिफ्टी लगाई। 34 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने चार विकेट गंवाकर 178 रन बना लिए हैं। फिलहाल केटी मार्टिन तीन गेंदों पर एक रन और सैटर्थवेट 62 गेंदों पर 53 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
31 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने तीन विकेट गंवाकर 164 रन बना लिए हैं। फिलहाल मैडी ग्रीन 28 गेंदों पर 22 रन और एमी सैटर्थवेट 55 गेंदों पर 45 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच अब तक चौथे विकेट के लिए 40 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
28 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने तीन विकेट गंवाकर 152 रन बना लिए हैं। फिलहाल मैडी ग्रीन 20 गेंदों पर 16 रन और एमी सैटर्थवेट 45 गेंदों पर 39 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। राजेश्वरी गायकवाड़ ने अमेलिया केर (50) को पवेलियन भेजा।
25 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने तीन विकेट गंवाकर 135 रन बना लिए हैं। फिलहाल मैडी ग्रीन छह रन और एमी सैटर्थवेट 35 गेंदों पर 32 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। राजेश्वरी गायकवाड़ ने अमेलिया केर (50) को पवेलियन भेजा।
22वें ओवर में 121 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को तीसरा झटका लगा। राजेश्वरी गायकवाड़ ने ओवर की आखिरी गेंद अमेलिया केर को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। अमेलिया 64 गेंदों पर 50 रन बनाकर आउट हुईं। यह उनके वनडे करियर की छठी फिफ्टी रही। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके लगाए। अमेलिया और एमी सैटर्थवेट के बीच तीसरे विकेट के लिए 67 गेंदों पर 67 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल मैडी ग्रीन शून्य और सैटर्थवेट 29 गेंदों पर 24 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
20 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने दो विकेट गंवाकर 117 रन बना लिए हैं। फिलहाल अमेलिया केर 56 गेंदों पर 48 रन और एमी सैटर्थवेट 25 गेंदों पर 22 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए अब तक 60 प्लस रन की साझेदारी भी हो चुकी है।
17 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने दो विकेट गंवाकर 90 रन बना लिए हैं। फिलहाल अमेलिया केर 45 गेंदों पर 41 रन और एमी सैटर्थवेट 17 गेंदों पर सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए अब तक 36 रन की साझेदारी हो चुकी है।
14 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने दो विकेट गंवाकर 75 रन बना लिए हैं। फिलहाल अमेलिया केर 37 गेंदों पर 28 रन और एमी सैटर्थवेट सात गेंदों पर पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। मैच में पूजा वस्त्राकर का ऑलराउंड परफॉर्मेंस देखने को मिला। उन्होंने पहले सूजी बेट्स को रन आउट किया। इसके बाद कप्तान सोफी डिवाइन को पवेलियन भेजा।

पूजा वस्त्राकर
11वें ओवर में 54 रन के कुल स्कोर पर न्यूजीलैंड को दूसरा झटका लगा। मध्यम गति की तेज गेंदबाज पूजा वस्त्राकर ने कीवी कप्तान सोफी डिवाइन को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। डिवाइन 30 गेंदों पर 35 रन बना सकीं। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके लगाए। 11 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 54 रन है। फिलहाल एमी सैटर्थवेट शून्य और अमेलिया केर 26 गेंदों पर 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।
आठ ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने एक विकेट गंवाकर 42 रन बना लिए हैं। फिलहाल सोफी डिवाइन 22 गेंदों पर 28 रन और अमेलिया केर 16 गेंदों पर सात रन बनाकर क्रीज पर हैं। सूजी बेट्स रन आउट हुईं। उन्हें पूजा वस्त्राकर ने पवेलियन भेजा।
पांच ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने एक विकेट गंवाकर 31 रन बना लिए हैं। फिलहाल सोफी डिवाइन 13 गेंदों पर 22 रन और अमेलिया केर सात गेंदों पर तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। पूजा वस्त्राकर ने कीवी टीम को पहला झटका दिया। उन्होंने सूजी बेट्स (5) को रन आउट किया।
नौ रन के कुल स्कोर पर न्यूजीलैंड को पहला झटका लगा। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर सूजी बेट्स रन आउट हुईं। उन्हें पूजा वस्त्राकर ने डायरेक्ट हिट पर रन आउट किया। बेट्स 10 गेंदों पर पांच रन बना सकीं। तीन ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर नौ रन है। फिलहाल अमेलिया केर और सोफी डिवाइन क्रीज पर हैं।
न्यूजीलैंड की ओपनर्स सोफी डिवाइन और सूजी बेट्स मैदान पर हैं। वहीं, भारत की ओर से दिग्गज झूलन गोस्वामी ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने बिना कोई विकेट गंवाए पांच रन बना लिए हैं। डिवाइन चार रन और सूजी बेट्स एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारतीय कप्तान मिताली का न्यूजीलैंड के खिलाफ बल्ला हमेशा चलता है। पिछले वनडे विश्व कप में भारत ने न्यूजीलैंड को 186 रन से मात दी थी। उसमें मिताली ने 109 रन की शतकीय पारी खेली थी। वहीं, 2005 विश्व कप में भी मिताली ने 91 रन की पारी खेली थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ 35 वनडे में उन्होंने 1230 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और नौ अर्धशतक शामिल है।
रिकॉर्ड पर नजर डालें तो पिछले 44 साल में वनडे विश्वकप में दोनों टीमों के बीच 12 बार भिड़ंत हुई है, जिसमें नौ बार न्यूजीलैंड और दो बार भारत को जीत मिली। वहीं 1997 का एक मैच टाई रहा है। वहीं, ओवरऑल दोनों टीमें वनडे में 54 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से टीम इंडिया 20 बार जीती है। वहीं, न्यूजीलैंड ने 32 मैचों में जीत हासिल की है। एक मुकाबला टाई रहा।
भारतीय गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती यह होगी कि वह न्यूजीलैंड को बड़ा स्कोर करने से रोके। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत को 4-1 से हार मिली थी। उस वक्त 270 व 280 रन बनाकर भी भारतीय टीम जीत नहीं सकी थी। हालांकि, भारत को न्यूजीलैंड दौरे पर जो एक जीत मिली थी, वह सीरीज के आखिरी वनडे में मिली थी। उसके बाद से टीम इंडिया ने दो प्रैक्टिस मैच और पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच जीता है।
भारत (प्लेइंग इलेवन): स्मृति मंधाना, यास्तिका भाटिया, दीप्ति शर्मा, मिताली राज (कप्तान), हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्नेह राणा, पूजा वस्त्राकर, झूलन गोस्वामी, मेघना सिंह, राजेश्वरी गायकवाड़।
न्यूजीलैंड (प्लेइंग इलेवन): सोफी डिवाइन (कप्तान), सूजी बेट्स, अमेलिया केर, एमी सैटर्थवेट, मैडी ग्रीन, फ्रांसिस मैके, केटी मार्टिन (विकेटकीपर), हेले जेन्सेन, ली ताहुहू, जेस केर, हन्ना रोव।
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारतीय कप्तान मिताली राज ने टीम में एक बदलाव किया है। खराब फॉर्म में चल रहीं ओपनर शेफाली वर्मा की जगह यास्तिका भाटिया को प्लेइंग-11 में शामिल किया है। वहीं, न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन ने टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।
भारतीय टीम प्वाइंट्स टेबल में एक मैच के बाद दो अंकों के साथ तीसरे और न्यूजीलैंड की टीम दो मैचों में दो अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। ऑस्ट्रेलियाई टीम दो मैचों में चार अंक लेकर टॉप पर और वेस्टइंडीज चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
वनडे विश्व कप के अपने पहले मैच में भारत ने चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को 107 रनों के बड़े अंतर से हराया था। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम इस टूर्नामेंट में अब तक दो मैच खेल चुकी है। पहले मैच में उन्हें वेस्टइंडीज के हाथों तीन रन से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, दूसरे मैच में कीवी टीम ने बांग्लादेश को नौ विकेट से हराया था। इस मैच में न्यूजीलैंड के सामने कड़ी चुनौती होगी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज महिला वनडे विश्व कप में भारतीय टीम अपना दूसरा मैच खेलेगी। यह मुकाबला मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन सेडन पार्क में खेला जाएगा। टॉस सुबह छह बजे होगा, जबकि पहली गेंद साढ़े छह बजे फेंकी जाएगी।