मंत्रिमंडल में अभी चार पद खाली
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के चौथे महीने में सोमवार को पांच नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई, जिसके साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान के मंत्रिमंडल में उनके सहित शामिल मंत्रियों की कुल संख्या 15 हो गई है। इस तरह अभी मंत्रिमंडल में तीन पद खाली हैं। सरकार गठन के समय मुख्यमंत्री ने 10 मंत्रियों के साथ कामकाज संभाला था लेकिन इनमें से एक मंत्री विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के मामले में पद से हटा दिया गया।
दोपहर तक गोपनीय रखे गए नए मंत्रियों के नाम
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने मंत्रिमंडल के पहले विस्तार के दौरान किन नए चेहरों को स्थान दिया जाना है, के बारे में सोमवार दोपहर तक सस्पेंस बनाए रखा। दोपहर को पंजाब सरकार की तरफ से शपथ के लिए नए मंत्रियों के नामों की सूची राज्यपाल को भेजी गई। हालांकि फौजा सिंह सरारी ने रविवार शाम को ही एक वायरल वीडियो में खुद को मंत्री पद मिलने की बात कहते हुए आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान का आभार भी जता दिया था। अमन अरोड़ा को सोमवार सुबह भगवंत मान ने फोन करके मंत्रिमंडल में शामिल करने की बात बताई। इसी तरह अनमोल गगन मान व अन्य नए मंत्रियों को भी ऐन मौके पर मंत्री बनाए जाने का सरप्राइज दिया गया।
जो जिम्मेदारी मिलेगी, दिल से निभाऊंगा: अमन
अमन अरोड़ा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार और पार्टी ने मुझ पर विश्वास जताया है और मैं उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। जो जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे मैं दिल से निभाऊंगा। लोगों के दिलों में आप सरकार का रुतबा कायम रखना है।
समस्याएं सुलझाने के लिए जनता की नब्ज टटोलूंगा: निज्जर
डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि पार्टी ने पहले मुझे प्रोटेम स्पीकर बनाकर और अब मंत्री पद देकर मेरा सम्मान बढ़ाया है। इसके लिए मैं अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान का आभारी हूं। अब तक मैं सेहत समस्याएं जानने के लिए लोगों की नब्ज देखा करता था, अब बाकी समस्याएं हल करने के लिए जनता की नब्ज टटोलूंगा।
अब पूरे पंजाब के लिए काम करना है: अनमोल
अनमोल गगन मान ने कहा कि पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान मुझे राजनीति में लाए और अब मंत्री पद की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मैं इस जिम्मेदारी को दिल से निभाऊंगी। अब मुझे सिर्फ अपने हलके के लिए नहीं बल्कि पूरे पंजाब के लिए काम करना है ताकि पार्टी का खुशहाल पंजाब का एजेंडा सफल हो सके।
वॉलंटियर को मंत्री बनाकर पार्टी ने सम्मान दिया: जौड़ामाजरा
चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने कहा कि पार्टी के एक वॉलंटियर को मंत्री पद, आम आदमी पार्टी में ही दिया जा सकता है। पार्टी और सरकार ने मेरा सम्मान बढ़ाया है। अब मैं पूरे पंजाब के लोगों के लिए काम करूंगा। सूबे के नौजवान विदेश न जाकर प्रदेश में ही रहें और यहां काम करें, इस एजेंडे पर भी काम करूंगा।
लोगों की समस्याएं सुलझाना ही प्राथमिकता: फौजा सिंह
फौजा सिंह सरारी ने कहा कि मैंने पंजाब पुलिस में 30 साल नौकरी की और सूबे में नशा तस्करी और बेरोजगारी को बहुत नजदीक से देखा है। मुझे मंत्री बनाकर मेरी राय सिख बिरादरी को जो सम्मान बख्शा गया है, मैं उसके लिए पार्टी का आभारी हूं। अब पंजाब के लोगों की समस्याओं को हल करना ही मेरी प्राथमिकता रहेगी।