हरियाणा में कड़ी सुरक्षा के बीच हुए पंचायती राज संस्थाओं के लिए पहले चरण का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। नौ जिलों में ब्लॉक समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए हुए चुनाव में पिछली बार के मुकाबले उत्साह कम रहा। इस बार 70.7 फीसदी मतदान हुआ, जो पिछली बार से 15.7 फीसदी कम है। वर्ष 2016 में यह आंकड़ा 86.4 प्रतिशत और 2010 के चुनाव में 85 फीसदी मतदान हुआ था।
झज्जर के निवादा गांव में चुनाव का बहिष्कार किया गया। एक बुजुर्ग ने मत डाला। पंचायत समिति के वार्ड नंबर 10 में मुडाहेड़ा व निवादा दो गांव हैं। पंचायत समिति का सदस्य मुडाहेड़ा गांव से बनता है। इस बार निवादा गांव ने अपने प्रत्याशी के समर्थन में समर्थन मांगा था।
मंडी अटेली में मतदान करते जा रही 19 वर्षीय ज्योति की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दुघर्टना का मामला दर्ज किया है।
दोपहर 3:40 बजे तक नौ जिलों में 56.1 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। जींद में 4,26,856 मत डाले गए हैं। वहीं पंचकुला में सबसे कम 82,888 मत ही डाले गए हैं।
यमुनानगर में जिला परिषद के 18 व ब्लॉक समिति के 142 पदों के लिए वोटिंग जारी है। जिप में 147 और ब्लॉक समिति में 560 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सुबह धीमी गति से शुरू हुए मतदान ने दोपहर तक रफ्तार पकड़ी। मगर इसके बाद रफ्तार धीमी पड़ गई। दोपहर 3 बजे तक यमुनानगर में 56.5 प्रतिशत मतदान हो चुका है। जिले के 5 लाख 15772 मतदाताओं में से 2 लाख 91386 लोग वोट डाल चुके हैं।
हरियाणा के पंचायत चुनाव के पहले चरण में नौ जिलों के मतदाताओं ने खूब उत्साह दिखाया। दोपहर पौने तीन बजे तक 50 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। मतदान में जींद सबसे आगे और पंचकुला सबसे पीछे है। नूंह के लोग भी मतदान में दूसरे नंबर पर हैं।
कैथल के गांव रामगढ़ के बूथ नंबर 25, 26, 27 पर दोपहर 1:20 तक 50 फीसदी मतदान हो चुका है।
दोपहर एक बजकर 27 मिनट तक प्रदेश में 39.8 फीसदी वोटिंग हो चुकी है।
जींद में जिला परिषद व ब्लॉक समिति चुनाव को लेकर अब तक 41.5 प्रतिशत मतदान हो चुका है। अब तक तीन लाख 40 हजार लोग मतदान कर चुके हैं। सबसे अधिक नरवाना में अब तक 46.5 प्रतिशत मतदान हुआ है। अलेवा ब्लॉक में अब तक सबसे कम 36.3 प्रतिशत, जींद ब्लॉक में 41.8 प्रतिशत, जुलाना में 40 प्रतिशत, नरवाना में 46.5 प्रतिशत, पिल्लूखेड़ा में 40 प्रतिशत, सफीदों में 41 प्रतिशत, उचाना में 41.5 प्रतिशत मतदान हुआ है। उझाना में अब तक 44.5 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
महेंद्रगढ़ जिले में एक बजे तक 30.7 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
पंचायत चुनाव की गतिविधियां म्हारी पंचायत पोर्टल पर देखी जा सकेंगीं। प्रदेश में कहीं भी इंटरनेट के माध्यम से म्हारी पंचायत पोर्टल को खोलकर मतदान प्रतिशत को देखा जा सकेगा। वहीं मतगणना के दिन ई-डैशबोर्ड पर नतीजों को देखा जा सकेगा।
झज्जर जिले के बहू गांव में 108 साल की शरबती देवी वोट डालने के लिए पहुंची।
जींद के तीन बूथों पर वोट नहीं डाले गए। चाबरी गांव के बूथ नंबर 42 व 43 पर एक भी वोट नहीं डाला गया। पिल्लूखेड़ा ब्लॉक के गांव भिड़ताना के बूथ नंबर 52 पर भी किसी मतदाता ने अपना वोट नहीं डाला। दोनों ही गांव नेशनल हाईवे 352-ए पर रास्ते की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं।
दोपहर 12:27 तक नौ जिलों में 31.1 फीसदी मतदान हुआ है। जींद में सबसे अधिक 244737 मत पड़े हैं। वहीं पंचकुला में सबसे कम 48548 मत ही डाले गए हैं।
पानीपत जिला परिषद वार्ड 15 के गांव सिवाह के बूथ नंबर 4 और पांच की ईवीएम मशीन खराब होने से वोटिंग रुकी। अधिकारी दूसरी ईवीएम लेकर पहुंचे और मतदान शुरू कराया।
झज्जर में सुबह साढ़े 11 बजे तक सवा लाख से अधिक मतदाताओं ने मतदान किया। जिले में अब तक 21.6 फीसदी मतदान हुआ है।
कैथल में जिला परिषद के लिए 21 वार्ड हेतु 130 कैंडिडेट चुनाव लड़ रहे हैं। वही ब्लॉक समिति में 153 वार्ड के लिए 508 कैंडिडेट चुनाव मैदान में हैं। कैथल में अभी तक 21.9 प्रतिशत मतदान हुआ है।
जींद के चाबरी गांव में ग्रामीणों ने मतदान का विरोध कर दिया है।
महेंद्रगढ़ खंड के गांव खातोदड़ा के ग्रामीणों ने मतदान रोक दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव से सरपंच पद के उम्मीदवार हरपाल उर्फ बबली शनिवार सुबह से लापता है, जब तक पुलिस हरपाल की तलाश नहीं करती, तब तक मतदान नहीं होने दिया जाएगा। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी विक्रांत भूषण ने ग्रामीणों को आश्वासन देकर मतदान शुरू कराने की अपील की लेकिन ग्रामीण हरपाल के आने के बाद ही मतदान शुरू करने की बात पर अड़े रहे। पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। लेकिन ग्रामीण मांग पर अड़े हैं कि जब तक हरपाल नहीं आएगा बूथ पर मतदान प्रक्रिया शुरू नहीं की जाएगी।
कैथल में वार्ड नंबर 12 के प्रत्याशी विकास तंवर पर एफआईआर दर्ज हुई है। उन्होंने मंदिर में कैश देकर फेसबुक पर पोस्ट की थी। इसके बाद नायब तहसीलदार ने उन पर कार्रवाई की।
यमुनानगर में थाना छप्पर के गांव फतेहपुर स्कुल मे 50 वर्षीय मास्टर अशोक कुमार निवासी सेक्टर 17 जगाधरी की इलेक्शन ड्यूटी गांव फतेहपुर थाना छप्पर के स्कूल में लगी हुई थी। रात का भोजन करने के बाद वे वहीं पर सो गए थे। सुबह साढ़े पांच बजे साथी टीचरों ने देखा कि अशोक कुमार मृत अवस्था में है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई आरंभ कर दी है। अशोक कुमार मतदान केंद्र पर बतौर पर प्रजाइडिंग ऑफिसर लगाए गए थे। सुबह जब वह नहीं उठे तो उनके साथी कर्मचारी ने उन्हें उठाने के लिए आवाज लगाई परंतु वह नहीं उठे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई आरंभ कर दी है। अशोक कुमार भैड़थल स्कूल में टीचर थे।
जिला परिषद व ब्लॉक समिति चुनाव को लेकर जींद में अब तक 15 प्रतिशत मतदान हो चुका है। जींद में कुल 882 बूथों में से 879 बूथों पर चुनाव हो रहे हैं। कुल मतदाता 757425 में से अब तक एक लाख 10 हजार लोग मतदान कर चुके हैं। इतनी भारी संख्या में जींद में पहली बार मतदान हुआ है। कुल अढ़ाई घंटे में ही इतनी भारी संख्या में मतदान अपने आप में एक रिकार्ड है। इसके बावजूद हर बूथ पर लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई हैं। सबसे अधिक उझाना में अब तक 21 प्रतिशत मतदान हुआ है। अलेवा में अब तक सबसे कम 10 प्रतिशत, जींद में 14 प्रतिशत, जुलाना में 12 प्रतिशत, नरवाना में 15 प्रतिशत, पिल्लूखेड़ा में 15 प्रतिशत, सफीदों में 13 प्रतिशत, उचाना में 16 प्रतिशत मतदान हुआ है।
यमुनानगर के खंड छछरौली में मतदान के लिए लंबी लाइन लगी हुई है। यमुनानगर में सुबह 10 बजे तक करीब 10.50 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
महेंद्रगढ़ के 691 बूथों पर अभी तक 50830 मतदाताओं ने मतदान किया है। 10 बजे तक यहां 8.6 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
मतदान में जींद 85944 वोट के साथ सबसे आगे है। वहीं पंचकूला में सबसे कम 15450 वोट पोल हुए हैं।
कैथल के सभी ब्लॉकों में अभी तक 10 फीसदी वोटिंग हुई है।
नौ जिलों में सुबह 9.30 बजे तक 8.1 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। इनमें जींद व पानीपत में सबसे अधिक और भिवानी में कम मतदान हुआ है।
बहादुरगढ़ के गांव बीरबर्कताबाद के बूथ नंबर 187 पर मशीन खराब हो गई। जिससे 45 मिनट वोटिंग बाधित रही।
महेंद्रगढ़ जिले में पहले 2 घंटे में 2.8 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं झज्जर जिले में 3.6 प्रतिशत मतदान हुआ है।
बहादुरगढ़ के गांव बुपनियां में 12 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है।
पानीपत के 6 ब्लॉक में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। पहले एक घंटे में मतदान काफी धीमा रहा, सभी छह ब्लॉक में सिर्फ 2.6 प्रतिशत ही मतदान हुआ। अगले आधे घंटे में मतदान प्रतिशत बढ़ा। पहले डेढ़ घंटे में सबसे अधिक मत बापौली में 4.7 प्रतिशत पड़े। दूसरे नंबर पर पानीपत ब्लॉक रहा। यहां 4.5 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे कम मतलौडा में 1.5 प्रतिशत मत पड़े वहीं इसराना में 3.5, समालखा में 3.3 और सनौली खुर्द में 3.9 प्रतिशत मत पड़े।
बहादुरगढ़ के गांव ईशरहेड़ी में सुबह साढ़े आठ बजे तक 2940 में से 114 वोट पड़े हैं।
झज्जर में जिला परिषद के 18 व पंचायत समिति के 135 वार्ड सदस्यों के लिए मतदान शुरू हो गया है। ब्लॉक समिति के 137 वार्डों में झज्जर व बहादुरगढ़ खंड में एक-एक सदस्य का निर्विरोध चयन हो चुका है। जिले के 754 मतदान केंद्रों पर सुबह 6 बजे मॉकपोल हुआ। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने मतदाताओं से बढ़-चढ़ कर लोकतंत्र के पर्व में भागीदार बनने की अपील की है।
जींद के सभी गांवों में सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गया। सुबह ही लोगों की लाइन लग गई। फिलहाल शांतिपूर्वक मतदान हो रहा है।
पानीपत में पहले घंटे में 2.6 प्रतिशत वोट पड़े हैं। वहीं झज्जर जिले में फिलहाल तक 3 फीसदी मतदान हुआ है।
बहादुरगढ़ के टांडाहेड़ी में एक महिला अपने पोते को गोद में लेकर मतदान करने पहुंची। वहीं यमुनानगर के बिलासपुर में अपने 1 साल के बच्चे के साथ पूनम रानी ड्यूटी पर तैनात हैं।
समालखा खंड के गांव मानना में मतदान के लिए ग्रामीणों की लाइन लगी है।
9 जिलों के 49 लाख 67 हजार 92 मतदाता मतदान करेंगे। 6019 पोलिंग बूथ पर 1278 पंचायत समिति सदस्यों और 175 जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान होगा।
भाजपा नौ वार्ड में सिंबल पर चुनाव लड़ रही है, 10 वार्ड में समर्थित उम्मीदवार उतारे हैं। कांग्रेस सिंबल पर नहीं लड़ रही। जजपा में यमुनानगर जिले के दो वार्ड में सिंबल पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। आम आदमी पार्टी व इनेलो भी कुछ वार्ड में सिंबल पर लड़ रही हैं।
हरियाणा में पहले चरण के चुनाव में रविवार को नौ जिलों भिवानी, झज्जर, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, नूंह, पंचकूला, पानीपत और यमुनानगर में मतदान शुरू हो गया है। इन जिलों के मंत्रियों और ग्रामीण विधायकों की साख दांव पर लगी हुई है।