65 साल की मेरी मां हर दिन एक खास डिश बनाती हैं जिसके बारे में कई लोग कहेंगे कि उसे देखना, सूंघना या चखना बहुत घिनौना है। 'नट्टो' एक पारंपरिक जापानी खाना है जो किण्वित सोयाबीन से बनाया जाता है। इसकी अमोनिया जैसी बदबू और बलगम जैसी चिपचिपाहट उन लोगों को भी पसंद नहीं आती जो इसे खाकर बड़े हुए हैं। 2017 में जापानी इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी निफ्टी ने एक सर्वे किया तो पता चलता कि सिर्फ 62 फीसदी लोग नट्टो को चाव से खाते हैं। यह भी पता चला कि 13 फीसदी लोग नट्टो को नापसंद करते हैं, भले ही इसे खाने के कितने भी फायदे हों।
लंदन में कुकिंग स्कूल चलाने वाली जापानी शेफ युकी गोमी कहती हैं, 'नट्टो में बहुत बदबू होती है। आप इसकी गंध को नोटिस किए बिना नहीं रह सकते, लेकिन मैं इसे हमेशा अपने फ्रिज में रखती हूं।' गोमी के घर में यह सामान्य खाद्य सामग्री है, उसी तरह जैसे पश्चिमी देशों में चीज और योगर्ट घर-घर में मिलते हैं।