हृदय को स्वस्थ रखने की दवा
- फोटो : Freepik.com
दो दवाओं का संयोजन हो सकता है कारगर
विशेषज्ञों ने बताया कि हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या से प्रभावित लोगों को एलडीए (बैड कोलेस्ट्रॉल) और ट्राइग्लिसराइड्स को कम करने के लिए 'स्टैटिन' दवा लेने की सलाह दी जाती रही है।
इस अध्ययन में पाया गया है कि अगर स्टैटिन को एक अन्य प्रकार की कोलेस्ट्रॉल कम करने वाली दवा 'एजेटीमीब' के साथ मिलाकर दिया जाए तो यह संयोजन दिल के दौरे, स्ट्रोक और अन्य हृदय संबंधी बीमारियों को अधिक प्रभावी तरीके से रोकने में सहायक हो सकती है।
(क्या सिर्फ व्यायाम और अच्छी फिटनेस हृदय को स्वस्थ रखने के लिए काफी नहीं?)
हार्ट को कैसे हेल्दी रखा जाए?
- फोटो : Freepik.com
अध्ययनों में देखी गई इसकी प्रभाविकता
आमतौर पर डॉक्टर हाई कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए रोगियों को स्टैटिन लेने की सलाह देते हैं। उसके बाद शरीर पर दवा का क्या असर हो रहा है इसके आकलन के बाद कम से कम दो महीने बाद एजेटीमीब देते हैं।
भारत सहित दुनियाभर के विभिन्न संस्थानों के शोधकर्ताओं ने 14 अध्ययनों में एक लाख से अधिक ऐसे रोगियों के डेटा का विश्लेषण किया जिन्हें हार्ट अटैक या स्ट्रोक होने का खतरा अधिक था।
अध्ययन में पाया गया कि जिन रोगियों की धमनियां अवरुद्ध थीं उन्हें सिर्फ स्टैटिन देने के बजाय साथ में अगर एजेटीमीब भी दिया जाए तो इससे जानलेवा समस्याओं के जोखिमों को काफी कम करने में मदद मिल सकती है।
हार्ट अटैक से बचे रहने के लिए क्या करें?
- फोटो : Freepik.com
हार्ट अटैक के खतरे को 16% तक कर सकती है कम
शोधकर्ताओं का कहना है कि ये उपाय हर साल हृदय रोगों से होने वाली हजारों मौतों को रोकने में मददगार हो सकता है। इन दोनों दवाओं का संयोजन अकेले स्टैटिन की तुलना में हृदय संबंधी समस्याओं से मौत के खतरे को 19-20% तक कम कर सकती है। इससे स्ट्रोक के जोखिमों को भी 17% कम करने में मदद मिल सकती हैं।
शोधकर्ताओं ने कहा, ये दवाएं प्रभावी पाई गई हैं हालांकि बिना पूरी जांच या डॉक्टर की सलाह के बिना खुद से इसे नहीं लिया जाना चाहिए। स्टैटिन के साथ आपको एजेटीमीब देना है या नहीं ये डॉक्टर निर्धारित करें।
हार्ट अटैक से बचाने वाली दवाएं
- फोटो : Freepik
हार्ट अटैक होने पर तुरंत ले सकते हैं ये दवा
इससे पहले कानपुर हृदय रोग संस्थान के डॉक्टर नीरज कुमार ने दवाओं की एक
ऐसी किट के बारे में बताया था जो हार्ट अटैक के समय में 'संजीवनी' साबित हो सकती हैं।
डॉक्टर नीरज कहते हैं, किसी को हार्ट अटैक होने पर तुरंत तीन दवाएं दे दी जाएं तो उसकी जान बचने की संभावना काफी बढ़ सकती है। ये दवाएं उसी तरह से काम करती हैं जैसे हार्ट अटैक के बाद अस्पताल में भर्ती होने पर दी जाने वाली दवाएं।
हार्ट अटैक के लक्षण दिखने पर तुरंत दो इकोस्प्रिन (Ecosprin 75), एक रोसुवास्टेटिन (Rosuvastatin 20mg) खा लें। इसके बाद सोब्रिट्रेट (Sorbitrate 5mg) की टेबलेट को जीभ पर रखकर उसे चूसें। इससे मरीज की जान बचाई जा सकती है। इन दवाओं की कीमत 6-7 रुपये होती है। यानी सात रुपये में आप अपनी जान बचा सकते हैं। हालांकि इसके लिए भी पहले से अपने डॉक्टर से सलाह ले लें।
--------------
स्रोत और संदर्भ
Impact of Lipid-Lowering Combination Therapy With Statins and Ezetimibe vs Statin Monotherapy on the Reduction of Cardiovascular Outcomes: A Meta-analysis
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।