हेयर ट्रांसप्लांट (फाइल फोटो)
- फोटो : adobe stock
पहले जानिए हेयर ट्रांसप्लांट होता है?
हेयर ट्रांसप्लांट के जरिए सिर के गंजे हिस्से में बाल के स्वस्थ रोमों को ट्रांसप्लांट करके बालों के विकास को बढ़ाने में मदद मिलती है।
हेयर ट्रांसप्लांट के दौरान आपके ही शरीर जैसे सिर के पीछे की तरफ, दाढ़ी, पैरों के स्वस्थ बालों को लेकर गंजे हिस्सों में प्रत्यारोपित किया जाता है। इस प्रक्रिया को आमतौर पर तब किया जाता है जब दवा और अन्य उपाय काम नहीं करते हैं या फिर गंजे हिस्से में बालों के रोम छिद्र बिल्कुल बंद हो जाते हैं और प्राकृतिक रूप से बालों के आने की संभावना न के बराबर होती है।
साल 1939 में जापान से इसकी शुरुआत की गई थी जोकि अब पूरी दुनिया में इस्तेमाल में लाया जा रहा है।
बालों के झड़ने की समस्या
- फोटो : Freepik.com
क्या ये सुरक्षित है?
बीते दिनों जिस तरह से हेयर ट्रांसप्लांट के बाद मौत के मामले सामने आए हैं, इसने लोगों के मन में ये सवाल पैदा कर दिया है कि क्या हेयर ट्रांसप्लांट वास्तव में सुरक्षित है? इस बारे में समझने के लिए हमने पुणे स्थित एक क्लीनिक में हेयर ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉ समीर प्रभाकर से संपर्क किया।
डॉ बताते हैं, हेयर ट्रांसप्लांट की सर्जरी आमतौर पर सुरक्षित होती है, अगर इसे योग्य, अनुभवी और प्लास्टिक सर्जन द्वारा किया जाता है। किसी भी सर्जिकल प्रक्रिया की तरह इसमें भी संक्रमण हो सकता है, इसलिए अच्छे सेंटर्स में हमेशा मरीजों की सबसे पहले हर स्तर पर जांच की जाती है, मेडिकल हिस्ट्री ली जाती है, एलर्जिक प्रतिक्रियाओं की जानकारी ली जाती है।
ट्रांसप्लांट कितना सेफ है?
- फोटो : Freepik.com
फिर क्यों हो रही है इससे मौत?
डॉक्टर कहते हैं, इन मामलों में देखा गया है कि डॉक्टर प्रमाणित नहीं थे। बिना मरीज की पूरी जांच और मेडिकल हिस्ट्री जाने सर्जरी करना सिर्फ हेयर ट्रांसप्लांट ही नहीं, कोई भी छोटी से छोटी सर्जरी खतरनाक हो सकती है।
जिन लोगों को ऑटोइम्यूम डिजीज हो, डायबिटीज-ब्लड प्रेशर अक्सर बढ़ा हुआ रहता है, ब्लड क्लॉटिंग बनने की समस्या रही हो और एलर्जी की दिक्कत रही हो ऐसे लोगों को हेयर ट्रांसप्लांट की सलाह नहीं दी जाती है। इन स्थितियों को अनदेखा करके या बिना जाने अगर सर्जरी की जाती है तो इसके गंभीर दुष्प्रभावों का खतरा हो सकता है।
ट्रांसप्लांट कराते समय कितन बातों का ध्यान रखें?
- फोटो : Freepik.com
जो लोग हेयर ट्रांसप्लांट कराना चाहते हैं वो किन बातों का ध्यान रखें?
डॉ अमित कहते हैं, देशभर में रोजाना सैकड़ों ट्रांसप्लांट हो रहे हैं, केस बिगड़ने की दर बहुत कम है या सिर्फ उन्हीं मामलों में होती है जिसमें जरूरी सावधानियों को अनदेखा किया गया है।
- अगर आप ट्रांसप्लांट कराना चाह रहे हैं तो सबसे पहले ध्यान रखें कि इसके लिए किसी प्रमाणित क्लीनिक और डॉक्टर का ही चयन करें। विज्ञापन देखकर न भागें।
- डॉक्टर को अपनी पूरी मेडिकल हिस्ट्री जरूर बताएं, अगर आप कोई दवा ले रहे हैं तो इसके बारे में भी उन्हें जरूर बताएं।
- हेयर ट्रांसप्लांट के बाद डॉक्टर द्वारा बताई गई सारी सावधानियों का ध्यान रखें और नियमित चेकअप के लिए जाएं। अगर सावधानीपूर्वक सर्जरी की जाती है तो हेयर ट्रांसप्लांट से आपको अच्छे परिणाम मिल सकते हैं।
------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।