दुनिया के कई देशों में कोरोना की वैक्सीन के ट्रायल चल रहे हैं, जिसमें से कुछ अंतिम चरण में हैं। इसमें ब्रिटेन, अमेरिका और चीन के वैक्सीन शामिल हैं। संयुक्त अरब अमीरात में कोरोना वैक्सीन का सबसे बड़ा ट्रायल चल रहा है, जिसके तहत कुल 31 हजार लोगों को टीका लगाया गया है। इसमें 120 देशों के नागरिक शामिल थे। खलीज टाइम्स की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, इतने लोगों को वैक्सीन लगाने में कुल छह हफ्ते का समय लगा है। आपको बता दें कि ऑक्सफोर्ड की कोरोना वैक्सीन का भी ट्रायल बड़े पैमाने पर चल रहा है। ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील में करीब 20 हजार लोगों पर और अमेरिका में 30 हजार लोगों पर वैक्सीन का ट्रायल किया जा रहा है।