पूरी दुनिया में फैल चुके कोरोना वायरस ने अब तक सात लाख से ज्यादा लोगों की जान ले ली है जबकि एक करोड़ 87 लाख के करीब लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि खुशी की बात ये है कि लाखों लोग इस बीमारी से ठीक भी हो चुके हैं। इस वायरस का सबसे पहले पता पिछले साल के अंत में चीन के वुहान शहर में लगा था और तब से ही यह माना जा रहा है कि यह वहां के मांस बाजार से फैला, जहां खाने के लिए जंगली जानवरों की बिक्री होती है। अब उसी वुहान से कोरोना वायरस को लेकर एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, वुहान में कोरोना से संक्रमित होकर ठीक होने वाले जितने भी मरीज हैं, उनमें से ज्यादातर लोगों के फेफड़ों की हालत बहुत बुरी है। सिर्फ यही नहीं, ठीक हो चुके मरीजों में से पांच फीसदी को तो दोबारा संक्रमण हो गया और वो अस्पताल में भर्ती हैं। वुहान यूनिवर्सिटी के डॉक्टरों द्वारा किए गए एक सर्वे से इस बात का खुलासा हुआ।