कॉरपोरेट सेक्टर में कई बार कंपनियां आर्थिक तंगी का सामना करती हैं, उनमें से कुछ तो दिवालिया होकर बंद भी हो जाती हैं। ऐसी स्थिति में वहां काम करने वाले बहुत सारे पेशेवरों का कॅरिअर बर्बाद हो जाता है। वहीं कुछ को आर्थिक जोखिमों और कॅरिअर में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में मन में यह सवाल आना लाजमी है। कि क्या ऐसी स्थिति में संगठन में रूकना चाहिए या नहीं। अपने कॅरिअर के बारे में सोचना स्वार्थ नहीं है। इसलिए यदि आप कुछ अलग या नई नौकरी की ओर रुख करने का विचार बना रहे हैं, तो किसी भी निर्णय पर पहुंचने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
कंपनी में आपका नेतृत्व
सबसे पहले तो आपको यह विचार करना चाहिए कि आप जिस भूमिका का नेतृत्व कर रहे हैं, क्या वह वैसा ही बना रहेगा या उसमें बदलाव किए जाएंगे। इसलिएआपको इस बात का मूल्यांकन अवश्य करना चाहिए कि क्या आपको अगली नौकरी में जो जिम्मेदारी दी जाएगी, वह पहले की तुलना में अधिक लचीली होगी और क्या उसमें सफल होने की संभावना अधिक होगी।
अवसर की संभावनाएं
किसी भी पेशेवर के लिए नेतृत्व से भी अहम होता है। कंपनी द्वारा उनको और उनके काम को अहमियत देना । इसलिए यदि कंपनी का बुरा समय चल रहा है, तो आपको यह विचार करना चाहिए कि कंपनी प्रबंधन आपके कौशल और योगदान को कितना महत्व दे रहे हैं। और आने वाले भविष्य में आपकी क्या स्थिति होगी। यानी यहां रहकर आपको लंबे समय तक अधिक अवसर मिलेंगे या नहीं। इसके अलावा आपको नए अवसरों के बारे में भी अवश्य सोचना चाहिए, क्योंकि लगातार एक ही भूमिका में बने रहने से आपकी कार्य उत्पादकता और मनोदशा पर गहरा असर पड़ता है।
व्यक्तिगत ब्रांड
ऐसी किसी भी कंपनी में काम करने के दौरान आपको अपने नेतृत्व और आपके काम के महत्व से इतर इस बात पर भी विचार करना चाहिए कि क्या इस संगठन से जुड़ने के बाद आपके व्यक्तिगत छवि या पहचान को कोई नुकसान पहुंचा है। अगर आपको ऐसा महसूस होता है कि आपके व्यक्तिगत ब्रांड की छवि कम हुई है, तो भी जल्दबाजी में नौकरी को छोड़ने का विचार नकरें। आप उन कंपनियों की तलाश कर सकते हैं, जहां आपकी भूमिका और आपके काम को तवज्जो मिले।
बदलाव का मौका
कई बार पेशेवर अपने कॅरिअर के मध्य पड़ाव पर आने के बाद कुछ अलग करने का प्रयास करते है, जैसे खुद का स्टार्टअप या बिजनेस शुरू करना। ऐसे समय में यह विचार अवश्य करें कि क्या कॅरिअर के महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंचने के बाद कुछ अलग करना लाभदायक होगा। सारे कारकों पर विचार करने के बाद अपना निर्णय लें और याद रखें कि डूबते जहाज को छोड़ने का मन बनाते समय दोबारा वहीं नौकरी की तलाश न करें, बल्कि कुछ अलग करने का भी प्रयास करें।