साक्षात्कार का दौर 09 से 16 मई तक चलेगा
जेपीएससी मुख्य परीक्षा क्वालीफाई कर चुके उम्मीदवारों को अब साक्षात्कार के लिए उपस्थित होना होगा। झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से साक्षात्कार नौ मई, 2022 से आयोजित किए जाएंगे। साक्षात्कार की प्रक्रिया 16 मई, 2022 तक चलेगी।
झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से पूर्व में जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, साक्षात्कार के बाद सफल रहने वाले उम्मीदवारों को सरकार के विभिन्न विभागों में रिक्त 252 पदों पर नियुक्त किया जाएगा।
11 से 13 मार्च को रांची में हुई थी परीक्षा
जेपीएससी के लिए झारखंड संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 11 मार्च से 13 मार्च तक रांची के 14 केंद्रों में आयोजित की गई थी। परीक्षा में कुल 4,244 उम्मीदवार शामिल हुए थे। झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के बाद प्रारंभिक परीक्षणों के परिणामों को संशोधित करने के साथ, सातवीं से दसवीं जेपीएससी परीक्षा विवादों में घिरी हुई थी।
दो मई को जारी होंगे जेपीएससी एडमिट कार्ड
झारखंड लोक सेवा आयोग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि प्रतिदिन 100 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा और अंतिम दिन 16 मई को 102 उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया जाएगा। उम्मीदवार दो मई से जेपीएससी की वेबसाइट से अपने कॉल लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। कॉल लेटर डाक से नहीं भेजे जाएंगे।