हरियाणा लोक सेवा आयोग ने पूर्व में जारी सूचनाओं के स्थान पर अब
संशोधित अधिसूचना जारी कर कहा है कि 12 सितंबर, 2021 को HCS (Ex. Br.) और IICS (Ex. Dr.) और अन्य संबद्ध सेवाओं की प्रारंभिक परीक्षा 2021 आयोजित करने का निर्णय किया है। अधिसूचना में आगे कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों के स्थान और प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के बारे में अधिक जानकारी आयोग की वेबसाइट
hpsc.gov.in पर जल्द प्रदर्शित की जाएगी।
यूपीएससी की परीक्षाओं की तारीखों में भी बदलाव
इस बीच, संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने 2021-22 सत्र के लिए अपना संशोधित परीक्षा कैलेंडर भी जारी कर दिया है। नई परीक्षा तिथियों के अनुसार, ईपीएफओ परीक्षा 05 सितंबर को, सीएपीएफ 2021 परीक्षा 08 अगस्त को और एनडीए II परीक्षा 14 नवंबर को आयोजित की जाएगी। एनडीए II परीक्षा पहले 05 सितंबर को आयोजित होने वाली थी। वहीं, सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 10 अक्तूबर, 2021 को आयोजित की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा से जुड़ी याचिका
उधर, सुप्रीम कोर्ट ने यूपीएससी इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 2021 को स्थगित करने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस इंदिरा बनर्जी की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने संघ लोक सेवा आयोग की इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 2021 को कोविड-19 महामारी के कारण स्थगित करने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया है। पीठ ने कहा, नहीं, हम इस पर विचार नहीं कर सकते। किसी विशेष तिथि पर परीक्षा आयोजित करने का कोई मौलिक अधिकार नहीं है।