संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) पहली बार लेह में सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2021 आयोजित करने के लिए परीक्षा केंद्र स्थापित करने जा रहा है। लद्दाख के उपराज्यपाल आर के माथुर ने दिल्ली में केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह से मुलाकात के बाद यह घोषणा की है। यह निर्णय लद्दाख क्षेत्र के युवाओं के लिए मददगार साबित होगा। जिनकी शिकायत थी कि उन्हें देश के अन्य हिस्सों में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कठिनाई होती थी।
एसएससी ग्रुप बी व ग्रुप सी के पदों पर चयन के लिए आयोजित करेगा परीक्षा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डीओपीटी से संबद्ध कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के ग्रुप 'बी' और 'सी' पदों पर चयन के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से सरकारी विभागों में ग्रुप-'बी' और ग्रुप-सी' पदों के लिए मेरिट के आधार पर स्वतंत्र और निष्पक्ष चयन को कारगर बनाया जाएगा।
10 अक्तूबर को आयोजित होगी परीक्षा
यूपीएससी परीक्षाओं के संचालन के लिए लेह में परीक्षा का एक नया केंद्र खोला जाएगा, जबकि लैमडोन ऑनलाइन असेसमेंट इंस्टीट्यूट लेह एसएससी परीक्षाओं की सुविधा प्रदान कर रहा है। बता दें कि सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2021, 10 अक्तूबर को आयोजित होने वाली है।