झारखंड के मैकलुस्कीगंज शहर के चामा मुख्य मेन रोड पर दुल्ली चिलम टोंगरी के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं इस घटना में पत्नी और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। युवक अपनी पत्नी और बेटी के साथ अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहा था। जहां युवक की पत्नी को अपने मौसरे भाई को राखी बांधनी थी। जाने के क्रम में ही ट्रक ने बाइक में सामने से टक्कर मारी और युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक की पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मृतक युवक की पहचान चामा निवासी नंदू लोहरा (35) के रूप में की गई। नंदू अपनी पत्नी गुड़िया देवी और बेटी राधिका कुमारी के साथ हेसालौंग जा रहा था। इसी दौरान चिलम टोंगरी के निकट सामने से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर माार दी। इस हादसे में बाइक सवार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल मां-बेटी को रिम्स अस्पताल भिजवाया। इधर, हादसे के बाद ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया। जबकि ड्राइवर गाड़ी छोड़ भाग निकला।