झारखंड में इसी साल संभावित विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने चहलकदमी तेज कर दी है। गुरुवार को एक रैली के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता जाति-धर्म के नाम पर जनता को भड़का रहे हैं। वहीं रक्षा मंत्री और भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि भ्रष्ट होने के बाद भी सोरेन खुद को शहीद बताते हैं। उनको सत्ता से बाहर करें।
रांची में एक समारोह के दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि उन्होंने राज्य के लगभग 1.77 लाख किसानों का 400 करोड़ रुपये के कृषि ऋण माफ किया है। पहले सरकार ने 50,000 रुपये तक के कृषि ऋण माफ कर दिए थे। अब उसने दो लाख रुपये तक के कृषि ऋण माफ करने का फैसला किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव करीब है, इसलिए भाजपा नेता पूरे राज्य में मंडरा रहे हैं। कई चेहरे तो ऐसे हैं, जो पहले नहीं देखे होंगे। वे केवल एक बार दिखाई देंगे और चुनाव के बाद वे गायब हो जाएंगे। भाजपा नेता सांप्रदायिक तनाव फैला रहे हैं और जाति और धर्म के नाम पर लोगों को भड़का रहे हैं। इनसे सावधान रहें।
सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार तीन कृषि कानूनों के माध्यम से देश के किसानों को व्यापारियों को बेचने की तैयारी में थी। किसानों ने लगभग एक साल तक कृषि कानूनों का विरोध किया और सरकार को उन्हें रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
सोरेन ने कहा कि केंद्र के पास किसानों की आय दोगुनी करने, एमएसपी बढ़ाने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पैसा नहीं है, लेकिन अपने पूंजीवादी दोस्तों के ऋण माफ करने के लिए पैसे का कोई संकट नहीं है। सोरेन बोले कि हमारी सरकार ने समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है और उनकी रोटी, कपड़ा और मकान जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा किया है। हमने कृषि ऋण, बिजली बकाया माफ कर दिया है और 200 यूनिट तक बिजली की खपत मुफ्त कर दी है।
उन्होंने भाजपा पर झामुमो सरकार को दो साल तक परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि जब वे अपने प्रयास में विफल रहे, तो उन्होंने मुझे झूठे आरोपों में सलाखों के पीछे डाल दिया।
राजनाथ सिंह बोले- नाटक कर रहे भ्रष्ट सीएम सोरेन
धनबाद में परिवर्तन रैली के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाने के बाद शहीद होने का नाटक कर रहे हैं। ऐसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री झारखंड को विकास की ओर नहीं ले जा सकते। इनको बाहर का रास्ता दिखाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास के लिए भाजपा को लगातार दो कार्यकाल दें।
रक्षा मंत्री ने झामुमो सरकार पर राजनीतिक लाभ के लिए घुसपैठ और धर्मांतरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने एक राष्ट्र-एक चुनाव को लेकर कहा कि इससे सरकारी खजाने को चार लाख करोड़ रुपये की बचत हो सकती है, क्योंकि लगातार चुनावों से देश को लगभग सात लाख करोड़ रुपये का नुकसान होता है। राजनाथ सिंह ने विदेश में भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भी आलोचना की।