झारखंड के साहिबगंज में गुरुवाप को हुई कारगो जहाज दुर्घटना में लापता हुए दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि हादसे के बाद घर न लौटने वाले लोगों के परिजनों के दावों के आधार पर प्रशासन को शक है कि तीन और लोगों अभी भी लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के दौरान नदी में गिरे तीन ट्रकों का पता लगा लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि 24 मार्च को साहिबगंज में एक कारगो जहाज गंगा नदी में गिर गया था। इस कारगो में छह ट्रक थे और यह बिहार के कटिहार जा रहा था। इस घटना में कम से कम तीन लोगों के लापता होने की बात कही गई थी। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के दो दल बचाव अभियान संचालित कर रहे हैं। एनडीआरएफ की दोनों दलों में 22-22 सदस्य हैं।
एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट विनय कुमार ने कहा कि हमने शनिवार को दो शव बरामद किए थे। हमने रविवार की सुबह भी बचाव अभियान चलाया लेकिन किसी और शव का पता नहीं चल सका। रविवार को हमारा मुख्य ध्यान उन ट्रकों को बाहर निकालने पर रहा। लेकिन, क्रेन के साथ कुछ तकनीकी दिक्कत आने की वजह से ट्रकों को नदी से बाहर निकाला नहीं जा पाया है।