राष्ट्रीय जनता दल अब एमएमडीआर बिल और विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर आंदोलन की तैयारी में जुट गया है। मंगलवार को प्रदेश राजद कार्यालय में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन की मजबूती के साथ राज्य और केंद्र से जुड़े कई जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में केंद्र सरकार द्वारा संसद में लाए गए खान एवं खनिज संशोधन विधेयक एमएमडीआर को लेकर भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर आपत्ति जताई गई। इसके अलावा एसआईआर के दौरान कथित गड़बड़ियों, पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने और एसआईआर के नाम पर मतदाताओं को परेशान किए जाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश नेतृत्व ने संगठन को पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर जोर दिया। आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए सभी जिला एवं प्रखंड पदाधिकारियों को संगठन विस्तार और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्देश दिया गया।