फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: रमेश बैस ने राज्य के 10वें राज्यपाल के रूप में ली शपथ, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी रहे मौजूद

Wed, 14 Jul 2021 06:10 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

रमेश बैस ने आज यानी बुधवार को रांची के राजभवन में  राज्य के 10वें राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डॉक्टर रविरंजन ने उन्हें शपथ दिलाई।
विज्ञापन
झारखंड के नए राज्यपाल रमेश बैस शपथ लेते हुए - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड के नए राज्यपाल रमेश बैस ने आज यानी बुधवार को रांची के राजभवन में  राज्य के 10वें राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डॉक्टर रविरंजन ने उन्हें शपथ दिलाई। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो,राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति उपस्थित रहे। राज्यपाल रमेश बैस के परिवार के लोग भी इस मौके पर उपस्थित रहे।

विज्ञापन


शपथग्रहण के बाद उन्होंने कहा कि इससे पहले मैं त्रिपुरा में था, मैं जहां भी रहा मैंने विकास की तरफ ध्यान दिया है। यहां के मुख्यमंत्री के साथ मिलकर झारखंड के विकास के लिए जो भी योजना होगी, केंद्र सरकार की मदद से काम किया जाएगा। 
 
रमेश बैस ने बुधवार को दोपहर पौने दो बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इससे पूर्व मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने राष्ट्रपति भवन से प्राप्त माननीय राज्यपाल महोदय की नियुक्ति से संबंधित वारंट को पढ़ा। बैस ने हिन्दी में शपथ ग्रहण किया। इससे पहले झारखंड के मनोनीत राज्यपाल रमेश बैस का मंगलवार की शाम रांची पहुंचने पर स्वयं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया था। इस दौरान उन्हें गारद सलामी दी गई थी।
विज्ञापन


बता दें कि बीती छह जुलाई को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने त्रिपुरा के राज्यपाल और मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ से लगातार छह बार और कुल मिलाकर सात बार सांसद रहने वाले रमेश बैस को झारखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया था। रमेश बैस ने राज्य में द्रौपदी मुर्मू की जगह ली। द्रौपदी मुर्मू 18 मई, 2015 में झारखंड की नौवीं राज्यपाल बनी थीं। इसके अलावा वह राज्य की प्रथम महिला राज्यपाल भी थीं।

सोमवार को ही राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन तथा राज्य सरकार के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने बिरसा मुंडा हवाईअड्डे पर गारद सलामी के साथ विदाई दी थी। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू झारखंड से अपने पैतृक आवास रायरंगपुर (ओडिशा) के लिए रवाना हुईं। वह करीब छह साल तक झारखंड की राज्यपाल रहीं।

झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस इससे पहले त्रिपुरा के राज्यपाल थे। रमेश बैस मूलरूप से छतीसगढ़ के रायपुर के रहने वाले हैं और उनका जन्म दो अगस्त 1947 को हुआ था। वह 1982 से 1988 तक मध्यप्रदेश के प्रदेश मंत्री के पद पर भी कार्यरत रहे हैं। इसके बाद वह 1989 में पहली बार लोकसभा के सांसद चुने गये और फिर 1996 से लगातार छह बार रायपुर से लोकसभा सांसद चुने गए। उन्होंने देश के केंद्रीय मंत्री के रूप में भी काम किया है।

बैस के अलावा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आठ प्रदेशों में नए राज्यपाल नियुक्त किए हैं। केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का नया राज्यपाल बनाया गया है जबकि मंगूभाई छगनभाई पटेल मध्य प्रदेश के राज्यपाल बने हैं। इसके अलावा हरी बाबू कामभामपति को मिजोरम, राजेंद्रन विश्वनाथ अर्लेकर को हिमाचल प्रदेश, पीएस श्रीधरन पिल्लई को गोवा का, सत्यदेव नारायण आर्य को त्रिपुरा का और बंडारू दत्तात्रेय को हरियाणा का नया राज्यपाल बनाया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें