झारखंड के गिरिडीह में नक्सलियों ने बुधवार देर रात धनबाद-गया रेलखंड के अंतर्गत सरिया थाना क्षेत्र के चिचाकी और चौधरीबांध के बीच में नई दिल्ली- हावड़ा रेल लाईन की पटरी को बम से उड़ा दिया।
आरपीएफ के इंस्पेक्टर पंकज ने बताया कि बुधवार की रात लगभग 12:15 बजे नक्सलियों का दस्ता घटना को अंजाम देने पहुंचा था। गनीमत ये रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना के बाद नक्सलियों ने पर्चा भी छोड़ा है। जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों ने बिहार-झारखंड में बंद का आह्वान किया है।
घटना के कारण इस रूट से होकर गुजरने वाली ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ। गंगा-दामोदर एक्सप्रेस चौधरी बांध स्टेशन पर, जोधपुर-हावडा एक्सप्रेस हजारीबाग रोड स्टेशन पर, हटिया इस्लामबाद एक्सप्रेस पारसनाथ स्टेशन पर तथा हावडा मुंबई मेल, लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेन विभिन्न स्टेशनों पर करीब 3 घंटे तक प्रभावित रहीं। घंटों मशक्कत के बाद ट्रेनों का आवागमन सामान्य हो सका। घटना के बाद आसपास के इलाके में पुलिस और सीआरपीएफ ने तलाशी अभियान चलाया गया।