'नौका संचालन सेवा में वर्चस्व को लेकर हुआ झगड़ा'
पतरातू, राज्य की राजधानी रांची से करीब 35 किलोमीटर दूर है। यहां नौका संचालन सेवा में वर्चस्व को लेकर दो समूहों के बीच झगड़ा हुआ। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद झड़प पर काबू पाया गया। अधिकारी ने बताया कि तीन महिलाओं सहित गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को इलाज के लिए रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) भेजा गया है।
जिम्मेदार लोगों के खिलाफ होगी कार्रवाई: अनुमंडल अधिकारी
रामगढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मोहम्मद जावेद हुसैन ने बताया कि नौका संचालन में वर्चस्व पाने के मुद्दे पर दो नाविक समूहों के बीच झड़प में कई नाविक और उनके परिवार के सदस्य घायल हो गए। हुसैन ने कहा, हमने लोकप्रिय पर्यटन स्थल में शांति लाने के लिए तत्काल प्रभाव से नौकाओं का परिचालन रोक दिया है और प्रशासन हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा।
लेक रिजॉर्ट में नौका सेवा संचालित करते हैं तीन समूह
अधिकारी ने बताया कि तीन समूह हैं, जो लेक रिजॉर्ट में नौका सेवा संचालित करते हैं। तीन में से दो पंजीकृत हैं, जबकि तीसरा पंजीकृत नहीं है और वह संचालन में जगह चाहता है, जिसके कारण झड़प हुई।
प्रवेश से किया इनकार, हम पर हमला किया: अर्जुन मुंडा
तलाटांड नव यातायात स्वालाम्बी सहकारी समिति (टीएनवाईएसएस) के सचिव अर्जुन मुंडा ने दावा किया कि वे शुरू से ही पर्यटकों को नौका सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, लेकिन एक गैर-पंजीकृत समिति उन्हें बेदखल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, 'जब हमें प्रवेश से इनकार कर दिया गया, तो उन्होंने हम पर हमला कर दिया।'
जांच के बाद दर्ज की जाएगी प्राथमिकी: पुलिस
पतरातू पुलिस स्टेशन के प्रभारी गौतम कुमार ने कहा कि इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है और प्राथमिक जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
और भी पढ़ें....