आयकर विभाग ने झारखंड के एक समूह पर बीते दिनों मारे गए छापों के बाद जांच में करोड़ों रुपये की कर चोरी पकड़ी है। समूह के करीब 20 ठिकानों पर बीते दिनों जांच की गई थी। यह समूह स्पांज आयरन, आयरन इंगोट्स, आयरन बार व पेट्रोल पंप के कारोबार से जुड़ा है। छापों के वक्त चार करोड़ रुपये की नकदी व आभूषण जब्त किए गए थे।
सीबीडीटी ने सोमवार को बताया कि आयकर विभाग की कार्यवाही 17 से 20 मार्च के बीच की गई थी। यह समूह लोहे के कारोबार के अलावा पेट्रोल पंप व्यवसाय से भी जुड़ा है। समूह फर्जी कंपनियों के जरिए अपने बेहिसाबी धन की हेराफेरी करता था। आरंभिक जांच में कंपनी द्वारा 185 करोड़ की बिक्री बगैर बिल के करने का पता चला है।
बगैर बिल के नकद में बेचा माल
सीबीडीटी ने अपने बयान में कहा है कि यह समूह अपने वास्तविक उत्पादन को बहीखातों में नियमित रूप से नहीं दर्शाता था। कंपनी द्वारा तैयार किए जाने वाले उत्पाद जैसे- स्पांज आयरन, माइल्ड स्टील, स्टील इंगोट्स, रॉड्स, टीएमटी सरिया आदि का इस्तेमाल कंस्ट्रक्शन उद्योग में होता है। समूह अपने बेहिसाबी उत्पादन से बना माल पूर्वी भारत में बगैर बिल के नकद में बेचता था।