झारखंड के सिरसी गांव में दम घुटने से चार लोगों की मौत हो गई। दरअसल, ठंड से बचने के लिए इनलोगों ने अपने कमरे के अंदर कोयला जलाया था, जिस वजह से ये हादसा हो गया। मरने वालों की पहचान 20 वर्षीय राहुल कुमार, 21 वर्षीय अखिलेश कुमार, 20 वर्षीय प्रिंस कुमार और 19 वर्षीय अरमान अली के तौर पर की गई है।
ये सभी बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले थे और सिरसी में कम्यूटर का कोर्स कर रहे थे। पिछले दस दिनों से हजारीबाग समेत कई जिलों में शीत लहर चल रही है, जिस वजह से बुधवार को चारों ने ठंड से बचने के लिए अपने किराए के कमरे में कोयला जलाया था। रात में दम घुटने की वजह से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि चारों युवक ने जब गुरुवार की सुबह कोई जवाब नहीं दिया, तब स्थानीय लोगों ने घर का दरवाजा तोड़ा। चारों युवक घर के अंदर मृत पाए गए, उनके शवों को पोस्ट मॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। चारों युवकों के परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी गई है।