झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
- फोटो : पीटीआई (फाइल)
प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को चार निजी कपड़ा कारखानों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी से प्रभावित प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की कोशिशें की जा रही हैं। इसके साथ ही राज्य में निवेश को लाकर रोजगारक के मौके बनाने के प्रयास भी लगातार किए जा रहे हैं। यहां उन्होंने करीब 2000 लोगों को रोजगारपत्र भी वितरित किए जिन्हें कपड़ों से संबंधित नौ औद्योगिक इकाइयों में नौकरी मिली है।
सोरेन ने जिन इकाइयों का उद्घाटन किया उनके नाम किशोर एक्सपोर्ट्स, दि वेस्ट बैंड, श्री गणपति क्रिएशन और वैलेंशिया अपैरेल है। ये इकाइयां ओरमांझी में स्थित हैं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा, 'लगभग डेढ़ साल तक देश और दुनिया समेत हमारे राज्य में भी गतिविधियां ठप पड़ी रही थीं। यह राज्य सरकार की प्राथमिकता थी कि जैसे ही लॉकडाउन समाप्त होता है अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए एक बेहतर फ्रेमवर्क बनाना था।'
इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के अनुसार जिन 2000 लोगों को नौकरी मिली है उनमें से 95 फीसदी लोग झारखंड से ही हैं और इनमें महिलाओं की संख्या लगभग 80 फीसदी है। बयान में कहा गया कि राज्य सरकार आने वाले छह महीनों में टेक्सटाइल के क्षेत्र में 10 हजार लोगों को रोजगार दिलाना सुनिश्चित करेगी। सोरेन ने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाशाली युवाओं ओर महिलाओं की कमी नहीं है हम उनके बेहतर विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।