राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हीरानगर के गुड़ा मुडेयां चौक पर अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत हीरानगर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। मृतक गोपाल शर्मा गूड़ा मुंडेयां का निवासी था।
वाहन चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार गोपाल हीरानगर मोड़ पर दुकान बंद कर घर की ओर लौट रहा था।
इसी बीच एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसा होते ही वहां आसपास के लोग जमा हो गए और उन्होंने गंभीर रूप से घायल गोपाल को हीरानगर अस्पताल पहुंचाया। वहां, डाक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू कर दिया, लेकिन वे गोपाल को नहीं बचा सके।
उपचार के दौरान गोपाल ने दम तोड़ दिया। लोगों में इस बात पर रोष है कि घटना के कई घंटों बाद भी पुलिस दोषी वाहन चालक की तलाश नहीं कर पाई।