रियासत के युवाओं में फौजी बनने का जुनून पहले से ही रहा है, लेकिन हाल के वर्षों में यह ललक और भी बढ़ गई है। भर्ती रैली का आयोजन चाहे जम्मू में हो या फिर दूरदराज राजोरी और पुंछ में। आवेदन करने वालों का उत्साह पहले के मुकाबले अधिक हो गया है।
इसमें भी दीगर है कि पांच अलग-अलग ट्रेड में युवाओं के सबसे ज्यादा आवेदन कांबेटेंट ट्रेड यानी लड़ने वाले जवान श्रेणी में हो रहे हैं। सेना की तरफ युवाओं के बढ़ते रुझान को दर्शाते आंकड़े देखें तो पिछले दो वर्ष के दौरान शहरों से लेकर कसबों और दूरदराज इलाकों में सेना में जाने का बढ़ता क्रेज साफ झलकता है।
आर्मी रिक्रूटमेंट कार्यालय जम्मू के अनुसार जम्मू संभाग के दस जिलों में वर्ष 2014 से लेकर नवंबर 2015 तक तीन बड़ी भर्ती रैलियां आयोजित की गई हैं। हर बार आवेदकों की संख्या में अप्रत्याशित उछाल दर्ज किया गया है।