हिमालय के उच्च पर्वतीय प्रदेश लद्दाख में पहला सिनेमा थिएटर खुल गया है। खास बात है कि यह सिनेमा थिएटर समुद्र तल से 11,562 फुट की ऊंचाई पर स्थापित किया गया है। इसे दुनिया का सबसे ऊंचा सिनेमा थिएटर बताया जा रहा है।
लद्दाख के पहले सिनेमा थिएटर में चंगपा खानाबदोश समुदाय पर बनी प्रसिद्ध सेकूल फिल्म प्रदर्शित की गई। अब इस थिएटर में सेना और सीआईएसएफ के जवानों के लिए हाल ही में रिलीज हुई फिल्म बेल बॉटम प्रदर्शित की जाएगी। स्क्रीन और प्रोजेक्टर के साथ यह थिएटर लद्दाख वासियों के लिए कौतुहल का विषय बन गया है।
उद्घाटन समारोह में पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने कहा कि लद्दाख में फिल्म की शूटिंग करने का अवसर मिला था, लेकिन विशेष जलवायु वाले ऐसे प्रदेश में थिएटर खुलना एक कलाकार के लिए भी उत्साहजनक बात है।
त्रिपाठी ने कहा कि यह एक खूबसूरत प्रयास है, जिसका स्थानीय प्रतिभाओं को भी लाभ होगा। थिएटर स्थापित करने वाली कंपनी के सीईओ ने कहा कि यह दुनिया का सबसे ऊंचाई पर स्थापित सिनेमा थिएटर है। सरकार के सहयोग से लद्दाख वासियों को बड़ी स्क्रीन पर मनोरंजन की सुविधा मिली है।