जहर निगलने से हुई महिला की मौत से गुस्साए परिवार वालों ने जम्मू-अखनूर मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिवार वालों का आरोप है कि गांव के ही एक परिवार से जमीन संबंधी हुए झगडे़ के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत की।
कोई कार्रवाई नहीं हुई तो तंग आकर महिला ने जहर निगल कर जान दे दी। परिवार वालों ने करीब डेढ़ घंटा तक सड़क को जाम रखा। बाद में पुलिस से कार्रवाई करने का आश्वासन मिलने पर महिला का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने तीन लोगों पर धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया है।
एसडीपीओ दोमाना संजय परिहार ने बताया कि दोनों पक्षों में दीवार लगाए जाने का झगड़ा था, जिसके चलते रुपाली और सुरेंद्र सिंह की पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस ने काम बंद करवा कर दोनों पक्षों से कोर्ट से लिखा कर लाने को कहा था।
फिलहाल पुलिस ने सुरेंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया है, जबकि सुरेंद्र की पत्नी और भाई विरेंद्र की तलाश जारी है।
जानकारी के सोमवार को बटैहड़ा निवासी रुपाली देवी का गांव में ही एक परिवार के साथ झगड़ा हो गया था।
इसको लेकर रुपाली ने कानाचक्क पुलिस में जाकर शिकायत भी की थी। कोई कार्रवाई नहीं होने पर उसने जहर निगल लिया। जीएमसी में रहने के दो दिन बाद उसने इलाज के दौरान मंगलवार को दम तोड़ दिया था।