कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूली शिक्षा विभाग की ओर से जम्मू संभाग के ग्रीष्मकालीन जोन में आने वाले सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में सर्दी की छुट्टियों की घोषणा कर दी गई है। 26 दिसंबर से लेकर तीन जनवरी 2015 तक स्कूलों में छुट्टियां रहेगी।
इस संबंध में शुक्रवार को स्कूली शिक्षा विभाग की आयुक्त सचिव ने आदेश जारी करते हुए हायर सेकेंडरी तक के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी शिक्षण संस्थानों में 26 दिसंबर से लेकर तीन जनवरी तक छुट्टियों घोषित करने का आदेश जारी कर दिया। आदेश में कहा गया है कि अगर किसी निजी स्कूल ने आदेशों की अवहेलना की तो उसके खिलाफ नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वैसे भी बीस दिसंबर को मतदान के चलते जम्मू जिले के अलावा राजोरी और कठुआ जिले में अवकाश रहेगा। 21 दिसंबर को रविवार है। 25 दिसंबर को क्रिसमस की छुट्टी रहेगी और फिर 26 से सर्दी की छुट्टियों के लिए स्कूल बंद हो जाएंगे। पिछले कुछ दिनों से सर्दी के बढ़ने को देखते हुए स्कूलों में छुट्टियां घोषित करने की मांग उठ रही थी।