रियासी/पौनी। पौनी कस्बे में अतिक्रमण बहुत ही बढ़ गया है। दुकानदार सामान को दुकानों के काफी बाहर तक लगा कर राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी खड़ी कर रहे हैं। इसलिए किसी ने सामान दुकानों के बाहर लगाया तो उसे जब्त कर लिया जाएगा। यह चेतावनी राजस्व विभाग की टीम ने दी है।
विज्ञापन
शनिवार को राजस्व विभाग की एक टीम ने नगर का दौरा कर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को सामान बाहर नहीं लगाने की चेतावनी दी। नायाब तहसीलदार कृष्ण चंद के नेतृत्व में बाजार पहुंची टीम ने कहा कि सभी ने सामान दुकानों के बाहर बनाए थड़ों पर लगाया हुआ है, जोकि गलत है। इससे बाजारों में चलने के लिए जगह काफी कम हो गई है। राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। इसलिए दुकानदार सामान को दुकानों के भीतर रखें अन्यथा उसे जब्त कर लिया जाएगा।