सांबा के सुंब के गावों में वन्यजीव विभाग के कर्मचारी भालू के मिलने की जानकारी जुटाते हुए
- फोटो : SAMBA
सांबा। जिले के पहाड़ी ब्लॉक सुंब के गांवों में भालू देखे जाने से दहशत का माहौल बना है। ग्रामीणों के अनुसार गत दिवस एक कुत्ते को भी किसी जंगली जानवर ने घायल किया है। इससे पहले आठ जनवरी को तीन महिलाएं व एक व्यक्ति को घायल किया गया। तब ग्रामीणों को लगा कि किसी कुत्ते ने काटा है।
गत दिनों एक काले रंग का जानवर एक पेड़ पर बैठा था। ग्रामीणों को लगा कि वह भालू है। इससे लोगों में भय बना हुआ है। पहाड़ों में एक-एक दो-दो घर होने से ग्रामीण दहशत में हैं। हालांकि वन्यजीव विभाग की ओर से भालू के होने के बारे में इनकार किया जा रहा है। उनके अनुसार क्षेत्र में तेंदुआ हो सकता है। इस क्षेत्र में पहले भी तेंदुए ने कई जानवरों को निवाला बनाया है। वन्यजीव विभाग के कर्मचारियों ने क्षेत्र में पहुंच कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई है।
-------
लोगों की शिकायत पर गांवों में पहुंच कर ग्रामीणों से जानकारी ली है। ग्रामीणों का कहना है कि भालू ने कुत्ते को काटा है। अभी तक भालू के क्षेत्र में होने के कोई निशान नहीं मिले हैं। तेंदुए के पांव के निशान जरूर देखे गए हैं।
बलवान सिंह, सब इंस्पेक्टर, प्रभारी, गौरण पुलिस चौकी
-----------
इस क्षेत्र में भालू के आने के कोई संकेत तो नहीं मिले हैं, फिर भी विभाग की एक टीम ने ग्रामीणों से जानकारी जुटाई है। शीघ्र ही विभाग की एक टीम क्षेत्र में पहुंच कर इस बारे में जांच करेगी, और जो भी पशु है उसे पकड़ेगी।
-संजीव, अधिकारी, वन्यजीव विभाग