घगवाल। वीरवार की देर रात आई आंधी और बारिश से तहसील घगवाल में जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। इसके चलते कई स्थानों पर बिजली के खंभे उखड़ गए और तारें टूट गईं। इतना ही नहीं आंधी से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। कई घरों में टीन शेड उड़ गए। गनीमत रही कि लोगों का कहीं जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
घगवाल तहसील के गांव रई, रगुचक, नारण, टपयाल आदि क्षेत्रों में आंधी से पेड़ व बिजली के पोल उखड़ गए। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी से दो चार होना पड़ा। आंधी से घगवाल तहसील के करीब 40 गांव अंधेरे में डूब गए। हालांकि विभागीय अधिकारी भी रात से ही बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की कोशिश में लगे रहे, जिनके प्रयास से वीरवार की रात से बंद हुई बिजली शुक्रवार शाम तक बहाल हो पाई। वहीं नारण गांव के पास पेड़ गिरने से मार्ग भी बाधित रहा।
सांबा में आंधी पानी से बिजली आपूर्ति रही प्रभावित
सांबा। वीरवार की रात को आई आंधी से कई क्षेत्रों में बिजली के खंभे टूट गए। बिजली की तारें टूटने से रात को गुल हुई बिजली की आपूर्ति शुक्रवार दोपहर बाद बहाल हो सकी। इस दौरान कई मार्गों पर पेड़ गिरने से आवाजाही प्रभावित रही। जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में तूफान से बिजली की पुरानी तारें टूट गईं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर बिजली कर्मियों ने दोपहर तक बाधित बिजली को सुचारु बना दिया। वहीं मार्ग पर गिरे पेड़ों को काट कर आवाजाही को बहाल किया गया। किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं है। संवाद
आरएस पुरा में आम उत्पादक किसानों को भारी नुकसान
आरएस पुरा /मीरां साहिब। उपजिले में वीरवार रात आंधी से कई स्थानों पर पेड़ उखड़ने के साथ बिजली के पोल टूटने के साथ लोगों के घरों पर टीन की चादरें उड़ गईं। आधे घंटे तक चली तेज हवा से लोग सहमे नजर आए। कई स्थानों पर आम के बागों में पेड़ उखड़ने के साथ कच्चे आम भी झड़ने पर किसानों को नुकसान उठाना पड़ा।
मीरां साहिब ब्लॉक के अधीन पंचायत मरालिया के गांव कृष्णा नगर में रमेश कुमार के कमरे की दीवार गिरने पर परिवार के लोग बाल-बाल बचे। सरपंच अंजूरानी व पंच रूचि डोगरा ने प्रभावित परिवारों को किराए का मकान दिलवाने का प्रबंध कराया। गांव टिंडेकला, दरसोपुर टालीमोड़ आदि सड़क के किनारे लगे बिजली के पोल टूटने पर रात को चरमराई बिजली सेवा रात भर ठप रही। शुक्रवार दोपहार 12 बजे बिजली सेवा बहाल हो पाई। आरएस पुरा कस्वे सहित अन्य गांव में चली आंधी के बाद बारिश के चलते रात भर मौसम बेहतर बना रहा।