जम्मू/श्रीनगर। गुलमर्ग और पहलगाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में सोमवार को ताजा बर्फबारी हुई, जबकि कुछ मैदानी इलाकों में बारिश भी हुई। कुपवाड़ा
जिले में रात तक बर्फबारी हो रही थी। जम्मू समेत सभी मैदानी इलाकों में दिन में धूप खिली रही। यहां तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पर्यटकों से खचाखच भरे विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग रिसॉर्ट गुलमर्ग में 11.8 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई,
जबकि पहलगाम में 12.5 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। लराजदान टॉप और आसपास के अन्य इलाकों में 3 इंच ताजा बर्फबारी हुई, जिससे बांदीपोरा-गुरेज राजमार्ग बंद हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से दिन के तापमान में काफी वृद्धि हुई है और रात में तापमान में गिरावट आई है। उन्होंने कहा, अगले पश्चिमी विक्षोभ के
आने तक दिन गरम और रातें ठंडी रहेंगी। उधर बर्फबारी के कारण बांदीपोरा-गुरेज के साथ-साथ श्रीनगर-लेह सड़कों के अलावा माछिल, केरन और करनाह को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। हालांकि देश को कश्मीर घाटी से जोड़ने वाले जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात चालू रहा। श्रीनगर-लेह राजमार्ग के संबंध में यातायात विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि मौसम की स्थिति अच्छी रही तो श्रीनगर से कारगिल की ओर यातायात की अनुमति दी जाएगी। शोपियां को पुंछ और राजोरी जिलों से जोड़ने वाले मुगल रोड के साथ-साथ किश्तवाड़-सिंथान मार्ग एक सप्ताह से बर्फ जमा होने के कारण बंद है।वहीं, जम्मू में मौसम साफ रहा। यहां दिन का तापमान 20.4 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 9.6 डकिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान 2.2, बटोत में 0.6, कटड़ा में 7.4, भद्रवाह में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 10.6 और कारगिल में माइनस 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजोरी के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है।
-----------
ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख दोनों केंद्र शासित प्रदेशों
में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। अगले 24 घंटों में ऊंचाई वाले कुछ स्थानों
पर हल्के हिमपात की संभावना है। हालांकि दिसंबर के अंत तक किसी भी बड़े
हिमपात का कोई पूर्वानुमान नहीं है।
--------------
न्यूनतम तापमान (डिग्री)
श्रीनगर 2.2
गुलमर्ग -7.5
काजीगुंड 1.2
पहलगाम-4.1
कोकरनाग-2.3
कुपवाड़ा -1.5
-----------------
कहां कितनी बर्फबारी (इंच)
जेड गली 7
सदाना टॉप 7
गुलमर्ग 6
पहलगाम 6.5
किश्तवाड़-मछियाल 2
इश्तयारी 3
मारवाह 3
वारवान 6
माछिल 5फिरकंटोप 6