जम्मू। जम्मू-कश्मीर के अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी के साथ उमस बढ़ी है। कश्मीर के कई जिलों में दिन का तापमान 33 डिग्री तक पहुंच गया है। मानसून के धीमे पड़ने से गर्मी हावी है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 13 से 15 अगस्त तक जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
जम्मू में वीरवार दिन की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ गर्मी ने भी तेवर दिखाए। दोपहर बाद बादल छाए थे, लेकिन रात तक बारिश का इंतजार रहा। जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा चढ़कर 35.0 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा। लेकिन दिन में आर्द्रता का प्रतिशत 77 होने से उमस से कोई राहत नहीं मिल पा रही है। संभाग के बनिहाल में दिन का तापमान 30.4, बटोत में 27.8, कटड़ा में 18.2 मिलीमीटर बारिश के साथ 31.6, भद्रवाह में 31.3 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर में दिन का तापमान 32.2, पहलगाम में 27.7, गुलमर्ग में 21.0, लेह में 27.6 और कारगिल में 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा।