परगवाल के मुख्य बाजार में छाया घना कोहरा
परगवाल। सीमा क्षेत्र परगवाल के लोगों की शुक्रवार की सुबह, एक बार फिर घने कोहरे के साथ शुरू हुई। कोहरा इतना घना था कि आसपास भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। सड़कों पर दौड़ने वाली गाड़ियां रेंगती दिखी। सबसे ज्यादा परेशानी कामकाजी लोगों को उठाना पड़ी। उनको अपनी मंजिल तक पहुंचने में काफी परेशान रही। हालांकि दोपहर तक धीरे-धीरे कोहरा छंट गया और तेज धूप खिल गई, लेकिन कोहरे से ठंड का प्रकोप बढ़ गया लोग ठंड से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय करते दिखे। इससे पहले वीरवार को क्षेत्र में तेज धूप खिली थी, जिसका लोग भरपूर मजा उठा रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना था कि मौसम की उठापटक से लोग बीमार भी पड़ रहे हैं।
धूप में निखार आने से किसानों ने ली राहत की सांस
घने कोहरे और ठंड से फिलहाल कोई राहत नहीं
अरनिया। बारिश थमने के बाद खिली धूप से किसानों ने राहत की सांस ली है। वहीं घने कोहरे व ठंड से फिलहाल कोई राहत मिलती नहीं दिख रही।
शुक्रवार की सुबह सूर्य उदय होने के करीब दो घंटे बाद ही घने कोहरे ने खिली धूप को अपनी आगोश में ले लिया, जिससे सर्दी से राहत पाने के लिए खिली धूप का सहारा लेने वाले लोगों को फिर से ठंडक ने चपेट में ले लिया। वहीं करीब ग्यारह बजे घना कोहरा छटने के बाद फिर से खिली धूप निकलना शुरू हो गई। दूसरी ओर बीते करीब एक माह से बारिश व खेतों में आई नमी से परेशान किसानों ने खिली धूप निकलते ही राहत की सांस ली। किसानों के अनुसार अगर आने वाले दिनों में भी खिली धूप नसीब होती रही तो जल्द ही गेहूं की फसल में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव शुरू कर दिया जाएगा। संवाद
खेतों में दवाओं का छिड़काव शुरू
रामगढ़ । बारिश के बाद धूप खिलते ही सीमावर्ती क्षेत्र के किसानों ने गेहूं की फसल के खेतों में उगी घास नष्ट करने के लिए दवाओं का छिड़काव शुरू कर दिया है। किसान नेता मोहन सिंह भट्टी, भगवान चौधरी, सुखदेव सिंह, बिल्लू चौधरी, रमेश सिंह का कहना है कि हमारे क्षेत्र में अच्छी बारिश के बाद सीमावर्ती क्षेत्र के किसानों ने घास नष्ट करने के लिए दवाओं का छिड़काव शुरू कर दिया है। बारिश के बाद किसानों के चेहरे खिले हैं। चक नाजर, दग छनी फतवाल, जेडरा, नगा, खोड सलालिया, नंदपुर, चक बालोतरा, चक छटाका के किसानों का कहना है कि हमारे क्षेत्र में अगर लगातार तीन दिन और बारिश होती तो काफी नुकसान होता। संवाद