जम्मू। शहर में पेयजल किल्लत से लोगों को परेशानी पेश आ रही है। शुक्रवार को शहर के कुछ क्षेत्रों में बीस तो कुछ इलाकों में आधा घंटा ही पानी की आपूर्ति हुई। इस कारण जरूरत के हिसाब से पानी न मिलने के कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए।
पुराना शहर, बस स्टैंड, रेशमघर कालोनी, बख्शी नगर आदि इलाकों में बीस मिनट ही पानी की आपूर्ति हुई। इसी तरह नरवाल, सैनिक कालोनी, कुंजवानी में सिर्फ आधा घंटा ही पानी आया। मुट्ठी, रूपनगर, न्यू प्लाट में भी पेयजल किल्लत संकट गहराया रहा। इस कारण लोगों की जरूरत पूरी करने के लिए जलशक्ति विभाग को टैंकरों से भी पानी की आपूर्ति करनी पड़ी है। जलशक्ति विभाग के अनुसार बिजली कटौती के कारण पानी की किल्लत गहराई है। बार-बार बिजली कटौती होने के कारण लोगों को सुचारु रूप से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। हालात सामान्य होनेे पर ही समस्या का निदान हो पाएगा। सुबह के समय होने वाली पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही। इस कारण लोग रोजमर्रा के काम नहीं निपटा पा रहे हैं। एक्सईएन आरके महाजन ने बताया कि बिजली कटौती के कारण परेशानी हो रही है। पेयजल किल्लत वाले इलाकों में टैंकर से पानी मुहैया कराया जा रहा है।