उधमपुर से लेकर चिनैनी नाशरी टनल तक चल रहे फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के चलते आने वाले दिनों में लोगों को बिजली, पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा बीएसएनएल की लैंडलाइन सेवा भी प्रभावित हो सकती है। जल्द ही पीएचई व पीडीडी विभाग अपनी लाइन को शिफ्ट करने को लेकर तैयारी कर रहा है।
करीब डेढ़ वर्ष से उधमपुर से लेकर चिनैनी नाशरी टनल तक फोर लेन राजमार्ग का निर्माण करने का काम जोरों से चल रहा है।
इस निर्माण कार्य के चलते शहर के जखैनी, भारत नगर के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था, क्योंकि निर्माण कार्य के दौरान पीएचई विभाग की पाइपें क्षतिग्रस्त हो गई थी। पीएचई को भी इसको स्थानांतरित करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। अब जखैनी से लेकर चिनैनी नाशरी टनल तक पाइपें व बिजली की केबल को स्थानांतरित करने का काम किया जाएगा।
इसके कार्य के कारण डुबडूबा बस्ती, बलीनाला, मोड़, थर्ड, समरोली व अन्य इलाकों में बिजली व पानी की सप्लाई कुछ दिन प्रभावित होगी और कुछ दिन लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। जिला विकास आयुक्त उधमपुर ने भी पीएचई और पीडीडी को लाइनों के स्थानांतरित करने को लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके अलावा बीएसएनएल की लैंडलाइन सेवा भी प्रभावित होगी। वर्तमान समय तो राजमार्ग के किनारे पर बीएसएनएल की केबल को लटके हुए देखा जा सकता है। एक तरफ बीएसएनएल की केबल लटकी है और दूसरी तरफ फोरलेन राजमार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है।