रोज 250 ट्रकों की होती है लोडिंग-अनलोडिंग, दो दिनों में 200 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित
देशभर की मंडियों से सामान लेकर पहुंचे ट्रक तवी रिवर फ्रंट के पास खड़े, श्रमिक भी बेरोजगार
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जहां हर दिन ट्रकों की आवाजाही, माल की लोडिंग-अनलोडिंग और श्रमिकों की चहल-पहल रहती थी, वहां अब सन्नाटा है। वेयर हाउस में दो दिन से कारोबार पूरी तरह ठप है। अग्निकांड से प्रभावित दुकानों को देखने के लिए लोग, राजनेता, सामाजिक संगठन तो पहुंच रहे हैं लेकिन कभी सामान से भरे रहने वाले गोदामों और गलियारों में अब खामोशी है।
इसका असर केवल वेयर हाउस तक सीमित नहीं है, बल्कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की खाद्य सामग्री की सप्लाई चेन भी प्रभावित होने लगी है। वेयर हाउस में प्रतिदिन करीब 250 ट्रकों की लोडिंग और अनलोडिंग होती है। यहां रोज लगभग 100 करोड़ रुपये का कारोबार होता है। देश के अलग-अलग राज्यों की मंडियों से खाद्य सामग्री लेकर ट्रक जम्मू पहुंच रहे हैं। जम्मू से कश्मीर संभाग के साथ पीर पंजाल, चिनाब वैली के लिए ट्रक के ट्रक जाते हैं। सर्दी के दौरान मांग और ज्यादा बढ़ जाती है। वेयर हाउस बंद होने से अन्य राज्यों से पहुंचे ट्रकों की अनलोडिंग नहीं हो रही है। बड़ी संख्या में ट्रक तवी रिवर फ्रंट के किनारे खड़े हैं। कई ट्रकों में खाद्य सामग्री लंबे समय से रखी हुई है। ऐसे में सामान खराब होने की आशंका भी बढ़ गई है। ट्रांसपोर्टरों के सामने भी अब माल उतारने और आगे की सप्लाई का संकट खड़ा हो गया है।
-
हजारों श्रमिकों के हाथ खाली, पहाड़ी
जिलों तक नहीं पहुंच रहा सामान
वेयर हाउस में काम करने वाले हजारों श्रमिकों की रोजी-रोटी भी इस बंदी से प्रभावित है। रोज माल उतारने, चढ़ाने, पैकिंग और ढुलाई का काम करने वाले श्रमिकों को दो दिन से काम नहीं मिल रहा। दिहाड़ी पर निर्भर इन लोगों के सामने अब रोजमर्रा के खर्च चलाने की चुनौती है। अग्निकांड से प्रभावित दुकानदारों के साथ-साथ वे लोग भी संकट में हैं, जिनकी आजीविका सीधे तौर पर वेयर हाउस के कारोबार पर निर्भर है। वेयर हाउस में कारोबार बंद होने का असर डोडा, किश्तवाड़, राजोरी, पुंछ, रियासी और उधमपुर जिलों में देखने को मिलेगा। इन जिलों तक यहीं से खाद्य सामग्री भेजी जाती है। दो दिन से कामकाज बंद होने के कारण इन क्षेत्रों के लिए सप्लाई प्रभावित हो रही है। वेयर हाउस ट्रेडर फेडरेशन के अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कहा कि लगातार फोन आ रहे हैं। अगर सरकार ने हस्तक्षेप नहीं किया तो सप्लाई चेन पर इसका असर और गहरा होगा।