बेबाक बातों और चुटकलों के जरिये भाजपा के स्टार प्रचारक व पूर्व सांसद नवजोत सिंह सिद्धू ने रियासी के पौनी कसबे में लोगों को भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस जनसभा में सिख समुदाय के वोटों में सेंध लगाने की कोशिश की गई, वहीं अन्य वोटर्स को सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को गिनाते हुए आकर्षित करने का प्रयास किया गया।
इस मौके पर पूर्व सांसद नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि रियासत के विकास के लिए भाजपा की सरकार का बनना जरूरी है, जो जनता के सहयोग के बिना संभव नहीं है। उन्होंने मुन्नी बदनाम हुई...गाने की तर्ज पर कांग्रेस को पूरी तरह से बदनाम करार दिया। पूर्व सांसद ने नेशनल कांफेंस व पैंथर्स पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इन पार्टियों के विधायकों व मंत्रियों के द्वारा लोगों को बेवकूफ ही बनाया गया है।
विकास के नाम पर कुछ भी काम नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि रियासत में भाजपा को अगले छह वर्षों के लिए समय दें, फिर देखें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रियासत की कायाकल्प किस तरह की जाती है।
उन्होंने कहा कि संगठित शक्ति ही जीत का कारण बनती है। अब समय आ गया है कि लोगों को एकजुट होकर भाजपा के पक्ष में मतदान करें। इस मौके पर पौनी के कई ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग पहुंचे थे।