वालीबाल प्रतियोगिता जीतने वाली अरनास टीम के खिलाड़ी पुलिस अधिकारियों के साथ।
- फोटो : REASI
रियासी। जिला पुलिस विभाग ने शनिवार को शहीदों के नाम पर वॉलीबाल प्रतियोगिता कराई। इसे अरनास की टीम ने ठाकराकोट को फाइनल में हराकर जीत लिया है।
अरनास के स्थानीय मैदान में कराई प्रतियोगिता में अरनास, ठाकराकोट, डंसाल तथा पनासा की टीमों ने हिस्सा लिया। सभी टीमों के आपस में मैच खेले गए, जिसमें अरनास व ठाकराकोट फाइनल तक पहुंचने में कामयाब रहे। एसएसपी शैलेंदर सिंह के निर्देश पर फाइनल मैच की शुरूआत एसडीपीओ पृथपाल सिंह ने कराई। मौके पर एसएचओ अश्विनी शर्मा भी मौजूद रहे।
एसएसपी के मुताबिक जिला पुलिस युवाओं को खेलकूद के प्रति जागरूक करने और उनमें छिपी प्रतिभा को बाहर निकालने के लिए तहसील स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन करा रही है। इसके माध्यम से काफी युवा अपना हुनर दिखा पा रहे हैं। इस के साथ ही डांस, वाद-विवाद व अन्य प्रतियोगिताओं को भी करवाया जा रहा है, जिसका लाभ युवा उठा रहे हैं।